The Lallantop

जब रणवीर सिंह पर नामी प्रोड्यूसर ने अपने मज़े के लिए कुत्ता छोड़ दिया

कास्टिंग काउच से जुड़ा एक बुरा अनुभव भी साझा किया.

Advertisement
post-main-image
रणवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने करीब तीन साल तक मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में स्ट्रगल किया. फोटो - इंस्टाग्राम/ GQ

रणवीर सिंह ने हाल ही में अपने स्ट्रगल के दिनों पर बात की. बताया कि कैसे एक बार एक नामी प्रोड्यूसर ने उन पर अपना कुत्ता छोड़ दिया था. मोरक्को के Marrakech शहर में फिल्म फेस्टिवल चल रहा है. जहां रणवीर को बतौर स्पीकर बुलाया गया. उन्होंने इवेंट के दौरान फिल्म इंडस्ट्री में अपने स्ट्रगल, कास्टिंग काउच और डेब्यू फिल्म ‘बैंड बाजा बारात’ पर बात की. कुत्ते वाली घटना को याद करते हुए बताया कि एक बार बड़े प्रोड्यूसर ने उन्हें अपने घर बुलाया. किसी मीटिंग के सिलसिले में. वहां उस शख्स ने अपने मज़े के लिए कुत्ते को रणवीर पर खुला छोड़ दिया. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रणवीर बताते हैं कि वो लगभग तीन साल तक फिल्म इंडस्ट्री में ब्रेक तलाश रहे थे. उस दौरान फिल्म इंडस्ट्री ने उन्हें बहुत सी बुरी यादें भी दी. रणवीर एक घटना को याद कर बताते हैं,

मुझे एक कास्टिंग डायरेक्टर ने अजीब सी जगह पर बुलाया. उसने पूछा कि क्या तुम हार्ड वर्कर हो या स्मार्ट वर्कर? मैं खुद को स्मार्ट नहीं मानता था. इसलिए मैंने कहा, मुझे लगता है कि मैं एक हार्ड वर्कर हूं. उसने कहा, डार्लिंग बी स्मार्ट, बी सेक्सी. 

Advertisement

रणवीर किसी भी तरह फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह ढूंढना चाहते थे. इसके लिए वो थिएटर ग्रुप्स से जाकर जुड़े. असिसटेंट डायरेक्टर बने. वो बताते हैं कि वो कई सारी चीज़ें एक साथ कर रहे थे, ताकि कोई तो रास्ता मिले. उनका ये स्ट्रगल करीब साढ़े तीन साल तक चला. जिसके बाद उन्हें यश राज की फिल्म ‘बैंड बाजा बारात’ में ब्रेक मिला. रणवीर उस फिल्म पर कहते हैं कि अब उसे देखता हूं तो यकीन नहीं होता, कि इतना कम तजुर्बा होने के बावजूद भी सब सही हुआ. ‘बैंड बाजा बारात’ के बाद उन्होंने ‘लुटेरा’, ‘पद्मावत’ और ‘रामलीला’ जैसी फिल्में की. 
उनके मुताबिक संजय लीला भंसाली ने उनके करियर को पाट कर रख दिया. उन्होंने ‘पद्मावत’ के डायरेक्टर से इतना कुछ सीखा. ‘पद्मावत’ में निभाया खिलजी का किरदार उसकी हाइलाइट बनकर उभरा. लेकिन रणवीर बताते हैं कि उस किरदार की तैयारी करने में हालत खराब हो गई. खुद को इस किरदार के करीब ले जाने के लिए उन्होंने एक छोटा फ्लैट किराये पर ले लिया. वहां लंबे समय तक अकेले रहे. अपनी तैयारी के प्रोसेस पर कहा,

मैंने Nymphomaniac 1 और 2 लगातार देखीं. मैंने कमरे की लाइट बंद कर ‘द शाइनिंग’ फिल्म का साउंडट्रैक चलाता और उसके म्यूज़िक को महसूस करने की कोशिश करता. मैं हर वो अजीब चीज़ कर रहा था, जिससे अपने भीतर मौजूद अंधियारे तक पहुंच सकूं. 

बातचीत के दौरान रणवीर से पूछा गया कि क्या कोई ऐसा रोल है जो उन्होंने अभी तक नहीं किया और आगे करना चाहेंगे. उन्होंने बताया कि उनके फैन्स उन्हें लिखते हैं. कि वो उन्हें जासूसी नुमा एक्शन फिल्म में देखना चाहते हैं. होस्ट ने इस पर पूछा कि क्या जेम्स बॉन्ड प्ले करने में दिलचस्पी रखेंगे? इस पर रणवीर ने पूछा कि क्या उन्हें जेम्स बॉन्ड के लिए ऑडिशन देना चाहिए. कहा कि अगर ऐसा हो जाता है तो वो पहले ब्राउन जेम्स बॉन्ड होंगे.  

Advertisement

रणवीर जेम्स बॉन्ड के रूप में दिखेंगे या नहीं, ये अभी दूर की बात है. बाकी वो दो आने वाली हिंदी फिल्मों में ज़रूर दिखने वाले हैं. पहली है रोहित शेट्टी की ‘सर्कस’ और दूसरी करण जौहर की ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’.

वीडियो: क्या रणवीर सिंह बनेंगे अगले शक्तिमान?

Advertisement