Ram Charan स्टारर Peddi का ट्रेलर आ गया है. इसमें वो स्प्रिन्ट, कुश्ती और क्रिकेट जैसे तीन अलग-अलग स्पोर्ट्स पर हाथ आजमाते दिख रहे. मगर नेशनल अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर Buchi Babu Sana ने Janhvi Kapoor को अपना टैलेंट दिखाने का ऐसा कोई मौका नहीं दिया. ट्रेलर में उन्हें केवल सेक्शुलाइज़ किया गया है. इस बात के लिए इंटरनेट पर लोग मेकर्स को काफी झाड़ लगा रहे हैं.
राम चरण की 'पेद्दी' का ट्रेलर आया, जाह्नवी कपूर को सेक्सुलाइज़ करने पर लोग बुरा भड़क गए
इससे पहले जाह्नवी कपूर को Jr NTR की 'देवरा' में भी इस तरह शो करने पर बैकलैश मिला था.


बुची बाबू ने 2021 में आई 'उप्पेना' से अपना डायरेक्टोरियल डेब्यू किया था. 'पेद्दी' उनकी दूसरी फिल्म होने के साथ उनका ड्रीम प्रोजेक्ट भी है. राम चरण और वो लंबे समय से इस फिल्म पर काम कर रहे थे. नॉर्थ बेल्ट को टार्गेट करने के लिए उन्होंने लीड में जाह्नवी कपूर को कास्ट किया. मगर जब फिल्म का ट्रेलर आया, तो लोग उनके रिप्रेजेंटेशन से नाराज़ हो गए. उनका मानना है कि मेकर्स ने जाह्नवी को बेफिज़ूल एक्सपोज़ किया है, जबकि ऐसा करने की खास ज़रूरत नहीं थी. नतीजतन, राम चरण के गज़ब ट्रांसफॉर्मेशन से ज्यादा ये फिल्म नेगेटिव कारणों से चर्चा का विषय बन गई.
एक यूजर ने लिखा,
"कुछ डायरेक्टर्स आज भी ऐसी फीमेल लीड्स क्यों लिखते हैं, जिनका एकमात्र मकसद क्रिंज कॉमेडी और बिना वजह एक्सपोज़र होता है. ऐसे खराब तरीके से लिखे गए किरदार फिल्म का पूरा फ्लो बिगाड़ देते हैं. इससे मूवी देखने का एक्सपीरियन्स काफी झल्लाहट भरा होता है."

दूसरे ने कमेंट किया,
"नाभि दिखाने का ऑब्सेशन, क्रिंज सीन्स, हीरोइन के वल्गर क्लोज़-अप्स और आइटम सॉन्ग्स. समझ नहीं आता कि तेलुगु सिनेमा इससे बाहर कब निकलेगा. अब 2026 आ चुका है."

जाह्नवी इससे पहले Jr NTR स्टारर 'देवरा' में भी नज़र आ चुकी हैं. उसमें उन्हें जिस तरह दिखाया गया था, उस पर भी खूब सवाल उठे थे. तीसरे यूजर ने लिखा,
"साउथ इंडियन फिल्मों में महिलाओं को सिर्फ सेक्स टॉय की तरह पेश करने, क्लीवेज दिखाने और आइटम सॉन्ग्स में अपने शरीर को एक्सपोज़ करने भर के लिए रखा जाता है. इससे पिछली देवरा में जाह्नवी का किरदार एक रोमांटिक गाने तक सीमित था. तब उन्हें मेल ऑडियंस को आकर्षित करने के लिए रिवीलिंग ब्लाउज़ पहनाया गया, जबकि कहानी में उनका कोई रोल ही नहीं था. आखिर वो ऐसा किरदार क्यों स्वीकार करती हैं, जिनका फिल्म से कोई लेना-देना नहीं होता? भारत में महिलाओं को उनके कैरेक्टर और एक्टिंग के लिए कब कास्ट किया जाएगा? सिर्फ पुरुषों को उत्तेजित करने के साधन की तरह नहीं."

कुलमिलाकर, 'पेद्दी' को काफी बैकलैश मिल रहा है. कई लोग तो ये भी दावा कर रहे कि जाह्नवी खुद भी इस किरदार से नाखुश हैं. लेकिन फिल्म के प्रेस इवेंट में उन्होंने इस बारे में कोई बयान नहीं दिया. कई इस बात के लिए बुची बाबू से ज्यादा ऑडियंस को दोषी ठहरा रहे. उनका मानना है कि मेकर्स ऑडियंस के कारण ही ऐसी फिल्म या कैरेक्टर लिखते हैं. हालांकि कई लोगों ने मेकर्स को डिफेन्ड करते हुए कहा कि जाह्नवी ने अपनी सहमति से ही ऐसा किरदार निभाया है. जहां तक फिल्म की बात है, राम चरण और जाह्नवी के अलावा इसमें शिवा राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु और बोमन ईरानी ने काम किया है. 'पुष्पा' वाली मैत्री मूवी मेकर्स ने इसे प्रेजेंट किया है. फिल्म 04 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो जाएगी.
वीडियो: जाह्नवी कपूर को ध्रुव राठी ने बांग्लादेश में हुई हिंसा पर किया टारगेट?





















