‘पठान’. एंटरटेनमेंट जगत में आज का सबसे बड़ा कीवर्ड. जनता शाहरुख को ऐसे लार्जर दैन लाइफ एक्शन वाले हीरो के अवतार में देखकर खुश है. लोग कहानी के बारे में ज़्यादा-से-ज़्यादा पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. फिर कुछ ऐसे हैं जो अभी से थ्योरी खोजने लगे हैं. शाहरुख की ‘पठान’ और ऋतिक की ‘वॉर’. यश राज की दो फिल्में. स्पाई यूनिवर्स के ज़रिए आपस में जुड़ी हैं. इनके साथ सलमान की ‘टाइगर’ सीरीज़ भी है. जैसे मार्वल के अलग-अलग किरदारों का अपना एक यूनिवर्स है. ठीक वैसा ही यश राज अपने इन किरदारों के साथ करना चाहता है.
इस फैन ने शाहरुख की 'पठान' में ऋतिक का तगड़ा कनेक्शन खोज निकाला
बाकायदा 'वॉर' का वीडियो डालकर समझाया है.


एक यूनिवर्स में आने का मतलब है कि ये किरदार एक दूसरे की दुनिया में नज़र आएंगे. अमन नाम के एक ट्विटर यूज़र ने ‘पठान’ और ‘वॉर’ से ऐसा ही कनेक्शन निकाला है. उन्होंने इसका क्रेडिट अंकित नाम के यूज़र को दिया. अमन ने ‘वॉर’ से जुड़ा एक सीन शेयर किया. जहां आशुतोष राणा का किरदार कर्नल लूथरा कबीर (ऋतिक) से पूछता है कि उसे खालिद (टाइगर श्रॉफ) पर भरोसा क्यों नहीं. कबीर कहता है कि खालिद के गद्दार पिता अब्दुल रहमानी ने उस पर गोली चलाई थी. वो आगे कहता है,
मैं बच गया. लेकिन मेरा दोस्त और मेरा पार्टनर नहीं बचा. जो रहमानी और मेरे बीच खड़ा था.
अमन का कहना था कि पठान ही कबीर का वो दोस्त था. कबीर को लगा कि वो मिशन में मारा गया, पर ऐसा हुआ नहीं. ‘पठान’ का टीज़र भी इसी बात से शुरू होता है. कि लोगों को लगा कि पठान तीन साल पहले मर चुका. लेकिन वो ज़िंदा है. पठान और कबीर को लोग एक और वजह से जोड़ रहे हैं. हुआ ये कि ‘पठान’ का टीज़र आया. शाहरुख ने अपने ट्विटर से उसे शेयर किया. ऋतिक ने थोड़ी देर बाद ही शाहरुख के ट्वीट को क्वोट कर लिखा कि ये अविश्वसनीय लग रहा है. ऋतिक अगर ये ट्वीट न भी करते तो भी उनका ‘पठान’ से कनेक्शन बड़ा मज़बूत है.
ये पहले ही बताया जा चुका है कि यश राज अपना स्पाई यूनिवर्स बनाने में लगा है. यूनिवर्स बनाने का क्या फायदा अगर उसके किरदार आपस में नहीं टकराते. अगर ‘वॉर’ और ‘पठान’ वाली थ्योरी सही साबित होती है तो वो भी फिल्म में नज़र आ सकते हैं. और उनका सिर्फ कैमियो नहीं होगा. कैमियो से एक और बात याद आती है. ‘वॉर’ और ‘पठान’ के अलावा स्पाई यूनिवर्स का तीसरा हिस्सा है ‘टाइगर’. सलमान खान के किरदार टाइगर के ‘पठान’ में कैमियो करने की कयास लगते रहे हैं. अगर ये सारी बातें सही साबित हो जाती हैं तो सिनेमाघरों में बूम बाम हो जाएगी. शाहरुख, सलमान और ऋतिक एक ही फ्रेम में. सोचने पर ही धुआं-धुआं होने लगता है.
वीडियो: ‘पठान’ के टीज़र की असली कहानी











.webp?width=275)




.webp?width=120)
.webp?width=120)
.webp?width=120)



