'प्यार का पंचनामा' सीरीज़ बनाने वाले लव रंजन की नई फिल्म आ रही है. फिल्म का नाम अब तक तय नहीं हो पाया है. मगर इस रोमैंटिक कॉमेडी में रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर लीड रोल्स कर रहे हैं. पिछली तीन लाइन मैं पिछले दो साल से लिख रहा हूं. अब फाइनली इस प्रोजेक्ट से जुड़ी खबरें बाहर आ रही हैं. इस फिल्म पर काम करने वाले मज़दूरों ने आरोप लगाया है कि उनसे काम करवाकर पैसे नहीं दिए गए. इस मसले पर डायरेक्टर लव रंजन ने एक बयान जारी किया है. उन्होंने इन आरोपों का सिरे से खारिज़ किया. साथ ही मज़दूर यूनियन (FSSAMU- Film Studios Setting & Allied Mazdoor Union) के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की भी धमकी दी है.
रणबीर-श्रद्धा की फिल्म के मज़दूरों को पैसे नहीं मिले, डायरेक्टर ने केस करने की धमकी दे डाली
डायरेक्टर लव रंजन ने इन आरोपों का सिरे से खारिज़ किया. साथ ही मज़दूर यूनियन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की भी धमकी भी दे डाली.


इस पूरी कॉन्ट्रोवर्सी पर बात करते हुए लव रंजन ने कहा कि FSSAMU ने जो प्रेस विज्ञप्ति जारी की है, वो झूठी, मनगढंत और अवैध है. इंडिया टुडे से बात करते हुए लव ने कहा-
''हम इस मामले की सच्चाई ऑन रिकॉर्ड रखना चाहते हैं. हमने अपने एक प्रोजेक्ट के लिए कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक पूरी रकम चुकाई है. बिना किसी बकाए के. ये सर्विस हमारे प्रोडक्शन डिज़ाइनर दीपांकर दासगुप्ता ने हाइपरलिंक ब्रांड सॉल्यूशन और अपने अन्य सहयोगियों मिस्टर V.G. जयशंकर, मिस्टर V.G. जयराम, मिस्टर गौतम जुकर और मिस्टर प्रशांत विचारेव के साथ मिलकर मुहैया करवाई थी. उन्होंने मज़दूरों को किराए पर रखा था. हमने नहीं. और उन्हीं लोगों ने मज़दूरों पैसे नहीं चुकाए.
ये बात FSSAMU को अलग-अलग माध्यम से बताई जा चुकी है. सबूत के तौर पर इस मामले से जुड़े दस्तावेज भी उनके हवाले किए जा चुके हैं. हम ये साफ कर देना चाहते हैं कि जो लोग भुगतान नहीं किए जाने की शिकायत कर रहे हैं, उनसे हमारा एंप्लॉयर और एंम्पलॉयी के तौर पर कोई संबंध नहीं है. ऐसे में FSSAMU हमारे खिलाफ कोई मसला खड़ा नहीं कर सकता.
इस पूरे प्रकरण की जानकारी होने के बावजूद FSSAMU ने तथ्यों के साथ छेड़-छाड़ की. झूठ फैलाया. हैरस किया. और संदिग्ध वजहों से हमें धमकाने का प्रयास किया. वो लोग जानबूझकर दीपांकर दासगुप्ता और उनके सहयोगियों की बजाय हमें निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं. इसलिए हमने उनके खिलाफ पुलिस कंप्लेंट दर्ज करवा दी है.''
लव रंजन ने इस मामले पर आगे बात करते हुए कहा कि FSSAMU ने उनकी फिल्म की शूटिंग रोकने की धमकी दी. साथ ही ये भी कहा कि वो मज़दूरों को उनकी फिल्म पर काम करने से रोक देंगे. लव का कहना है कि FSSAMU की इन हरकतों ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया. और उनकी प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचाया.
रणबीर-श्रद्धा की फिल्म के सेट से लीक हुआ ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था-
लव रंजन स्टारर फिल्म के मुंबई वाले सेट पर पिछले दिनों आग लग गई थी. इसमें 32 साल के सेट वर्कर की जान चली गई. इस वजह से फिल्म की शूटिंग रोक दी गई थी. हालांकि अब इस फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है. पोस्ट प्रोडक्शन का काम चल रहा है. ये फिल्म 8 मार्च, 2023 को होली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज़ के लिए शेड्यूल्ड है.
वीडियो देखें: ‘शमशेरा’ के पिटने पर संजय दत्त समेत फिल्म के एक्टर्स ने तगड़ा लेटर लिखा



















