The Lallantop

'जवान' की इन 6 तस्वीरों से कहानी के बारे में क्या पता चल रहा है

'जवान' की कहानी को लेकर अनगिनत थ्योरीज़ चल रही हैं. उसी दिशा में एक ठोस पहल हमारी भी.

Advertisement
post-main-image
विज़ुअल्स के मामले में 'जवान' 'पठान' से मज़बूत फिल्म लग रही है.

Jawan का ट्रेलर देखने के बाद बहुत लोग सिर खुजा रहे हैं. किसी ने ये गिना कि एशियन पेंट्स का बोर्ड कितनी बार दिख रहा है. किसी ने शाहरुख के लुक्स की गिनती रखी. फिर सारा पर्म्यूटेशन कॉम्बिनेशन दौड़ाया. कि कौन-सी शीतल निशा है और कौन-सी मुन्नी. म्हणजे शाहरुख के मूंछ वाले लुक का कहानी से क्या कनेक्शन है. पुलिसवाला लुक कौन से कैरेक्टर का है. जोकर नुमा मेकअप वाले शाहरुख किससे लड़ रहे हैं. अगर दीपिका और नयनतारा फीमेल लीड बनीं, तो रिधि डोगरा वाला कैरेक्टर क्या कर रहा है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

‘जवान’ को लेकर कंस्पिरेसी थ्योरीज़ का बाज़ार गर्म है. उसी दिशा में कुछ हम भी जोड़ रहे हैं. ट्रेलर से छह सबसे दमदार विज़ुअल निकाले हैं. उनके ज़रिए कहानी और किरदारों को थोड़ा और करीब से जानने की कोशिश करेंगे. 

#1. 

Advertisement

ट्रेलर खुलता है कि किसी आदमी को घोड़े पर लादकर ले जाया जा रहा है. एकदम खूनम-खून. मुमकिन है कि ये शाहरुख के आर्मी वाला कैरेक्टर विक्रम राठौड़ होगा. विक्रम काली के सामने खड़ा हुआ. उसके गोरखधंधों में भागीदार नहीं बना. और शायद इसी बात की कीमत उसे चुकानी पड़ी. दिखने में तो ये टिपिकल हीरो वाली कहानी लग रही है. लेकिन ये विज़ुअल आपका ध्यान खींचता है. बेतहाशा खून बह रहा है. उसका एक कतरा ज़मीन पर पड़ता है.  

#2. 

‘जवान’ के प्रीव्यू में शाहरुख का एक लुक था. जोकरनुमा मेकअप लगाकर वो बैठे दिखते हैं और ‘रेडी’ वाली लाइन डिलीवर करते हैं. ट्रेलर में सीधे तौर पर उस लुक को जगह नहीं मिलती. हालांकि एक जगह उसकी झलक भर दिखती है. वो किसी से लड़ रहा है. पॉज़ करने पर पता चलता है कि ये लड़ाई नयनतारा से चल रही है. ये शाहरुख के बेटे वाला कैरेक्टर है. या तो उसका पहले क्रिमिनल बैकग्राउंड रहा हो और उसके चलते नयनतारा से लड़ाई चल रही है. या फिर वो किसी सीक्रेट मिशन पर है, जिसके बारे में नयनतारा को नहीं पता. 

Advertisement

इससे पहले आप सोचें कि ये पिता वाला कैरेक्टर भी तो हो सकता है, तो उसका भी जवाब है. पिता वाली टाइमलाइन में शाहरुख और दीपिका का रोल है. जहां शाहरुख की मूंछें हैं. नयनतारा का कैरेक्टर उनसे अगली पीढ़ी है. जो जोकर वाले मेकअप में उनसे लड़ रहा है, वो बूढ़ा नहीं. ऊपर से उसकी हेयरस्टाइल भी बेटे वाले किरदार से मिलती है. 

#3. 

‘जवान’ का सबसे पहला गाना ‘ज़िंदा बंदा’ एक ही सेटअप में घटता है. महिलाओं की बहुत बड़ी कोई जेल है. कैदियों के बीच शाहरुख नाचते हुए दिखते हैं. कट टू ट्रेलर. ये जेल फिर से दिखती है. खिड़कियों से कैदी झांक रहे हैं. सामने मैदान पर बूढ़े शाहरुख वाला कैरेक्टर बैठा है. यानी विक्रम वाला. यहीं बैठकर वो लोगों के लिए संदेसा भेजता है. ‘जब मैं विलन बनता हूं ना’ वाली लाइन. इस लाइन में शाहरुख के करियर की भी बात हुई है और विक्रम राठौड़ की भी. कैसे वो पहले कानून का रखवाला था और अब ठीक उसके विपरीत काम कर रहा है. खैर जिस तरह वो ये पूरा वीडियो बन रहा है, उसे देखकर लग रहा है कि ये जेल उसके लिए किसी अड्डे जैसा है. यहीं की छह लड़कियों को लेकर फिर वो अपनी टीम बनाता है. 

एक छोटा सा पॉइंट. ट्रेलर में दिखता है कि ये वीडियो मैसेज Not News नाम के चैनल पर चल रहा होता है. ऐसा जानबूझकर किया गया या नहीं, ये मेकर्स ही जानें. 

#4. 

इस फोटो में बेटे वाले कैरेक्टर को बंदी बनाया हुआ. विलन का गुर्गा ठीक उसके सामने उसके किसी करीबी साथी को मार डालता है. ट्रेलर में एक जगह यही गुर्गा ज़मीन पर पड़ा दिखता है और कहता है – “तू है कौन?” यहां होगी विक्रम की एंट्री. मुमकिन है कि ये प्री-क्लाइमैक्स सीन हो. यहां पिता अपने बेटे को बचाने आएगा और उसके बाद काली से अपना बदला लेना जाएगा. यही उसके सफर का अंत होगा. 

#5. 

मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि दीपिका और नयनतारा दोनों शाहरुख की पार्टनर होंगी. लेकिन फिर बीच में रिधि डोगरा भी दिखती हैं. देखकर लग रहा है कि या तो वो शाहरुख की मां हैं या फिर मां समान ही कोई शख्स. इसे देखकर ये भी अनुमान लगने लगा कि कहीं फिल्म में शाहरुख का ट्रिपल रोल तो नहीं. हालांकि इसकी संभावना बहुत कम है. ऐसा हो सकता है कि काली अपने गुस्से में दीपिका वाले कैरेक्टर को जान से मरवा दे. उसके बाद विक्रम की लाइफ में रिधि के कैरेक्टर की एंट्री हो. बुरी खबर यही है कि दीपिका के कैरेक्टर की मौत होने वाली है. 

बाकी रिधि के कैरेक्टर को लेकर ये भी मुमकिन है कि वो शाहरुख की हमउम्र ही हो. वो नयनतारा से मिलवाने के लिए मां के भेस में उन्हें ले गए हों. ऐसा भी फिल्मों में हम दसियों बार देख चुके हैं.    

#6. 

पूरे ट्रेलर में मेरे पसंदीदा शॉट्स में से एक. बूढ़ा काली ज़मीन पर लेटा है. देखकर लग रहा है कि आराम से है. फिर उसके बगल में रखे अस्थि कलश पर नज़र पड़ती है. अभी किसी करीबी का अंतिम संस्कार कर के आया है. गुस्से में इतना मगन है कि पास में बज रहे फोन से भी मतलब नहीं. उसे मतलब है अब बदले से. विक्रम की वजह से ही उसका ये करीबी शख्स मरा हो.  

इन सब थ्योरीज़ में से कौन सी सही निकलेगी ये तो 7 सितंबर को ही पता चल पाएगा.

वीडियो: जवान म्यूज़िक लॉन्च इवेंट पर शाहरुख खान ने बताया योगी बाबू को देखकर थिएटर्स में चीखने लगे लोग

Advertisement