The Lallantop

क्या कभी नहीं बनेगी 'हेरा फेरी 3'? फिर से मामला कोर्ट पहुंच गया

साउथ के एक प्रोड्यूसर का कहना है कि फिरोज़ नाडियाडवाला ने धोखाधड़ी की है.

Advertisement
post-main-image
'हेरा फेरी 3' एक बार फिर मुसीबत में पड़ गई है. मद्रास हाई कोर्ट ने मेकर्स से जवाब तलब किया है.

Hera Pheri फ्रैंचाइज़ की तीसरी फिल्म Hera Pheri 3 पर एक बार फिर संकट के बदाल मंडरा रहे हैं. पहले तो Paresh Rawal के इस फिल्म से अचानक एग्ज़िट के बाद फिल्म मुसीबत में आई. फिर Akshay Kumar के परेश रावल पर 25 करोड़ के दावे ने इस फिल्म के भविष्य पर पसोपेश बढ़ाया. और अब ये नए पचड़े में पड़ गई है. मामला कॉपीराइट्स से जुड़ा है. साउथ के एक प्रोड्यूसर का दावा है कि इस फिल्म के कॉपीराइट्स Firoz Nadiadwala के पास नहीं, बल्कि उनके पास हैं. लीगल न्यूज़ पोर्टल बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक Seven Arts International Limited नाम के प्रोडक्शन हाउस ने Madras High Court में याचिका दायर की है. कोर्ट ने भी इस मामले में नाडियाडवाला से जवाब तलब किया है. उनसे पूछा गया है कि क्या विवाद के दौरान फिल्म बनाना कानूनी रूप से जायज़ है? आइए विस्तार से बताते हैं, कि पूरा मामला क्या है?

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

दरअसल, 5 फरवरी को सेवेन आर्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड ने नाडियाडवाला के खिलाफ कोर्ट में पीटिशन फाइल की. इसमें लिखा है, कि नाडियाडवाला ने 1989 में आई मलयालम फिल्म ‘रामजी राव स्पीकिंग’ का हिंदी रीमेक, यानी ‘हेरा फेरी’ बनाने के राइट्स तो ख़रीदे. मगर वो सिर्फ़ एक हिंदी रीमेक बनाने के लिए ऑथोराइज़्ड थे. उन्होंने इसका सीक्वल यानी ‘फिर हेरा फेरी’ भी बना ली. और अब इसके राइट्स अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस केप ऑफ गुड फिल्म्स को बेच दिए हैं. इस प्रोडक्शन हाउस के एमडी जीपी विजयकुमार ने हिंदुस्तान टाइम्स से इस बारे में बात की. कहा,

“मैंने साल 2022 में आदित्य फिल्म्स जो रामजी राव स्पीकिंग के ओरिजनल प्रोड्यूसर हैं, उनसे हेरा फेरी फ्रैंचाइज़ के सारे राइट्स ख़रीद लिए थे. उन्होंने मुझे बताया था कि फिरोज़ नाडियाडवाला को सिर्फ इस फिल्म का एक हिंदी वर्जन बनाने का अधिकार दिया गया था. लेकिन उन्होंने सीक्वल भी बना दिया, जो 2006 में रिलीज़ हुआ. फिरोज़ नाडियाडवाला को सीक्वल-प्रीक्वल बनाने या फिल्म के किरदारों को इस्तेमाल करने का कोई अधिकार नहीं है.”

Advertisement

जीपी विजयकुमार ने साल 2006 में, जब ‘फिर हेरा फेरी’ बनी, तब आपत्ति क्यों नहीं ली? इसके जवाब में उन्होंने कहा,

“पहली फिल्म प्रियदर्शन ने बनाई थी, जो हमारे क़रीबी हैं. दूसरी फिल्म नीरज वोरा ने बनाई. उस समय कॉपीराइट होल्डर्स को पता ही नहीं चला कि आखिर हो क्या रहा है. ओरिजनल प्रोड्यूसर और मुझे बहुत बाद में पता चला कि नाडियाडवाला ने धोखाधड़ी की है, और नियम तोड़े हैं. उस वक़्त हमने सोचा कि जो हो गया, हो गया. हम हिंदी का अगला वर्जन प्रोड्यूस करेंगे. हमने इस मामले में अक्षय कुमार से सम्पर्क भी किया. और तब हमें पता चला कि फिरोज़ नाडियाडवाला ने फिल्म के राइट्स अक्षय के प्रोडक्शन हाउस को बेच दिए हैं. हमने नाडियाडवाला को लीगल नोटिस भेजा, कि जो चीज़ आपकी है ही नहीं, उसे आपने बेच कैसे दिया? ऐसे में कोर्ट जाने के सिवाय मेरे पास कोई विकल्प ही नहीं था.”

इस सबके बाद हिंदुस्तान टाइम्स ने अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस को अप्रोच किया. प्रवक्ता ने बताया कि अक्षय को यही जानकारी थी कि फिल्म के हिंदी फ्रैंचाइज़ के राइट्स फिरोज़ नाडियाडवाला के पास ही हैं. और उन्होंने इसी इम्प्रेशन में उनसे राइट्स ख़रीदे थे. फैन्स ‘हेरा फेरी 3’ पर टकटकी लगाए बैठे हैं, और फिल्म एक के बाद एक मुसीबत में फंसती जा रही है. उन्हें उम्मीद है कि ‘हेरा फेरी 3’ ज़रूर बनेगी. मगर कब, ये तो वक्त ही बताएगा. 

Advertisement

वीडियो: "परेश रावल ने 'हेरा फेरी 3' छोड़ी, तो रो पड़े अक्षय"- प्रियदर्शन ने पूरा किस्सा बता दिया

Advertisement