The Lallantop

तरनतारन लॉ कॉलेज में छात्रा की हत्या, हमलावर छात्र ने खुद को भी गोली मार ली

घटना के बाद क्लासरूम में पिस्तौल बेंच पर पड़ी मिली. पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. पूरे कॉलेज को सील कर दिया गया है. सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही है ताकि पूरी घटना का साफ पता चल सके.

Advertisement
post-main-image
हत्या का सटीक कारण सामने नहीं आया है. संदीप की मां का कहना है कि बेटी को किसी से कोई झगड़ा नहीं था. (फोटो- इंडिया टुडे)

पंजाब के तरनतारन जिले में एक छात्र ने अपनी साथी छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के तुरंत बाद छात्र ने खुद को भी गोली मार ली. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ये घटना तरनतारन के एक लॉ कॉलेज के क्लासरूम के अंदर हुई. वायरल सीसीटीवी के मुताबिक ये घटना सोमवार, 9 फरवरी की सुबह 9 बजकर 17 मिनट के आसपास हुई. वीडियो में दिख रहा है कि छात्र अपनी साथी छात्रा और उसके दोस्त के पास बैठा हुआ है. तभी अचानक वो उठता है, और उसे गोली मार देता है. इसके बाद खुद को भी शूट कर लेता है.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक मृतक छात्रा की पहचान संदीप कौर के रूप में हुई है. वो नौशेरा पन्नुआं की रहने वाली थी. संदीप तरनतारन के उसमा गांव स्थित लॉ कॉलेज में पढ़ती थी. संदीप के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है. उसके परिवार में 6 बहनें और एक छोटा भाई है. उसकी मां हरजिंदर कौर ने बताया कि बेटी सुबह अच्छे मूड में घर से कॉलेज गई थी. उन्हें किसी झगड़े या समस्या के बारे में कोई जानकारी नहीं है.

Advertisement

दूसरी तरफ, आरोपी छात्र का नाम प्रिंसराज सिंह था. वो तरनतारन के मलियान गांव का रहने वाला था. वो भी इसी लॉ कॉलेज में पढ़ता था. पुलिस के मुताबिक, क्लास शुरू होने से पहले संदीप बेंच पर बैठी हुई थी. तभी प्रिंसराज ने अचानक उस पर गोली चला दी. गोली सीधे उसके सिर में लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

इसके बाद प्रिंसराज ने खुद को भी गोली मार ली. उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी भी मौत हो गई.

घटना के बाद क्लासरूम में पिस्तौल बेंच पर पड़ी मिली. पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. पूरे कॉलेज को सील कर दिया गया है. सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही है ताकि पूरी घटना का साफ पता चल सके.

Advertisement

फिलहाल, हत्या का सटीक कारण सामने नहीं आया है. संदीप की मां का कहना है कि बेटी को किसी से कोई झगड़ा नहीं था. कुछ रिपोर्ट्स में एकतरफा प्यार या वैलेंटाइन वीक से जुड़ी अफवाहें भी चल रही हैं, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है.

संदीप की मां ने बताया कि कॉलेज से फोन आया कि बेटी को छोटी-मोटी चोट लगी है और सिर फट गया है. लेकिन जब वो पहुंचीं तो देखा कि बेटी की लाश खून से लथपथ पड़ी है और ब्रेन में गोली लगी हुई है. उन्होंने कॉलेज में सिक्योरिटी न होने पर सवाल उठाए. कहा कि कॉलेज में कोई चेकिंग नहीं होती, कोई भी हथियार लेकर आ सकता है.

परिवार प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है. तरनतारन पुलिस मामले की जांच में जुटी है. अभी तक कोई और गिरफ्तारी या नया खुलासा नहीं हुआ है.

वीडियो: अमृतसर में सबके सामने AAP सरपंच पर गोलियां चलाईं, CCTV फुटेज में क्या दिखा?

Advertisement