The Lallantop

'हेरा फेरी 3' बहुत सारे पचड़ों में फंसी हुई है, फिल्म शुरू करना मुश्किल- प्रियदर्शन

प्रियदर्शन ने साफ कर दिया है कि अक्षय कुमार की तमाम कोशिशों के बावजूद 'हेरा फेरी 3' की शूटिंग इस साल तो शुरू नहीं हो पाएगी.

Advertisement
post-main-image
परेश रावल के मुताबिक, बाबूराव के बिना 'हेरा फेरी 3' डिजास्टर साबित होगी.

Hera Pheri 3 फैंस और मेकर्स, दोनों के गले का कांटा बन गई है. न निगलते बन रही है और न उगलते. Paresh Rawal के इस प्रोजेक्ट से अंदर-बाहर होने के कारण फिल्म बड़े विवाद में भी फंसी रही. अब वो इस प्रोजेक्ट से दोबारा जुड़ चुके हैं. फिर भी मूवी आगे नहीं बढ़ पा रही है. डायरेक्टर Priyadarshan के मुताबिक, ये फिल्म अब फ्रैंचाइज़ और म्यूजिक राइट्स के पचड़े में फंस गई है. और ऐसी फंसी है कि इस साल फिल्म का रिलीज़ होना तो क्या, शूटिंग शुरू होना भी मुश्किल है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पिछले दिनों परेश ने बताया था कि 'हेरा फेरी 3' का काम प्रोड्यूसर और एक एक्टर के मतभेद के कारण रुका हुआ है. मगर प्रियदर्शन इससे थोड़ी अलग कहानी बता रहे हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया से हुई बातचीत में उन्होंने फ्रैंचाइज़ और म्यूजिक राइट्स की कानूनी लड़ाई को फिल्म के रुकने का जिम्मेदार ठहराया है. हाल ही में प्रोड्यूसर जीपी विजयकुमार मद्रास हाई कोर्ट पहुंचे थे. उन्होंने दावा किया कि 'हेरा फेरी' फ्रैंचाइज़ के राइट्स उनके पास हैं, न कि फिरोज नाडियाडवाला के पास.

सवाल उठता है कि 'हेरा फेरी 3' की लड़ाई में विजयकुमार कहां से आ गए? 1989 में 'रामजी राव स्पीकिंग' नाम की एक मलयालम फिल्म आई थी. उसे आदित्य फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया था. एक्टर फहाद फासिल के पिता फासिल इस बैनर के लीडिंग प्रोड्यूसर थे. साल 2000 में आई ‘हेरा फेरी’, ‘रामजी राव स्पीकिंग’ का ही ऑफिशियल रीमेक है. इस वर्जन को फिरोज़ नाडियाडवाला ने प्रोड्यूस किया है. फासिल ने नाडियाडवाला को केवल पहली फिल्म के हिंदी रीमेक राइट्स दिए थे. मगर उन्होंने 2006 में 'फिर हेरा फेरी' नाम से इसका सीक्वल भी बना दिया. शुरुआत में मेकर्स को इस बात का एहसास नहीं हुआ था. मगर देर-सवेर उन्हें पता चला कि उनके साथ बड़ा धोखा हो गया है. और यहीं होती है जीपी विजयकुमार की एंट्री.

Advertisement
ramji rao speaking
‘रामजी राव स्पीकिंग’ का एक सीन.

विजयकुमार, सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. हिंदुस्तान टाइम्स से हुई बातचीत में वो बताते हैं कि उन्होंने 2022 में 'हेरा फेरी' फ्रैंचाइज़ के सभी अधिकार खरीद लिए थे. आदित्य फिल्म्स ने लीगल तरीके से उन्हें ये राइट्स दिए थे. इसलिए आगे आने वाली सभी फिल्मों पर उनके अधिकार हैं. वो खुद भी 'हेरा फेरी 3' बनाना चाहते हैं. इस सिलसिले में उन्होंने अक्षय कुमार को अप्रोच किया था. मगर अक्षय से बात करने के बाद ही उन्हें पता चला कि तीसरे पार्ट को अक्षय खुद प्रोड्यूस कर रहे हैं. दरअसल, फिरोज नाडियाडवाला ने अक्षय की कंपनी केप ऑफ गुड फिल्म्स को 'हेरा फेरी 3' के राइट्स बेच दिए. इस बात ने मामले को और फंसा दिया. विजयकुमार का कहना है कि जब नाडियाडवाला के पास इस फ्रैंचाइज़ के अधिकार हैं ही नहीं, तो वो इसे किसी और को कैसे बेच सकते हैं. इसी कारण से उन्होंने फिरोज़ नाडियाडवाला पर केस कर दिया. चूंकि इस पूरे केस को समझाने में हमारे खुद के पसीने छूट गए हैं, इसलिए आप समझ सकते हैं कि कोर्ट में मामला कितना लंबा चलने वाला है.

प्रियदर्शन बताते हैं कि 'हेरा फेरी 3' फिल्म के लिए ही नहीं, बल्कि इसके गानों को लेकर भी मारा-मारी हो रही है. फिल्म के म्यूजिक राइट्स पर टी-सीरीज़ ने अपना दावा ठोका है. हालांकि उन्होंने 2023 में ही एक लीगल नोटिस जारी कर इस बात की जानकारी दी थी. मगर प्रियदर्शन की बात से लग रहा कि वो मामला अब तक सुलझ नहीं पाया है. वो कहते हैं,

“हेरा फेरी फ्रैंचाइज़ को लेकर कई तरह की दिक्कतें चल रही हैं. जब तीसरे पार्ट का ऐलान हुआ था, तब कुछ लोगों ने कहा कि फिल्म के अधिकार उनके पास हैं. वहीं कुछ ने फिल्म के म्यूजिक पर क्लेम कर दिया. यहां तक कि टी-सीरीज़ वाले भूषण कुमार ने भी एक पब्लिक नोटिस जारी कर कहा कि तीसरे पार्ट के म्यूजिक राइट्स उनकी कंपनी के पास हैं. कई कानूनी उलझनें हैं, जिन्हें पहले सुलझाना जरूरी है. तभी हम पार्ट तीन के बारे में आगे सोच सकते हैं. इसलिए फिल्म इस साल तो नहीं बन पाएगी.”

Advertisement

2025 में जब परेश रावल 'हेरा फेरी 3' से अलग हुए थे, तो काफ़ी हो-हल्ला मच गया था. तब अक्षय की कंपनी केप ऑफ गुड फिल्म्स ने उन पर 25 करोड़ रुपये का मुकदमा कर दिया था. अब उनके बीच समझौता हो गया है. मगर प्रियदर्शन उस पूरे विवाद से काफ़ी नाराज़ हो गए थे. ये पूछे जाने पर कि क्या उनके मन में परेश को लेकर कोई नाराज़गी है, इसके जवाब में प्रियदर्शन कहते हैं,

"हमारे मन में एक-दूसरे के खिलाफ़ कुछ भी नहीं है. मैं परेश रावल के साथ लंबे समय से काम कर रहा हूं. फिल्म इंडस्ट्री में यदि आप किसी के साथ अच्छे संबंध रखते हैं, तो वो लंबा टिकता है. मैंने लोगों को अलग होते और फिर साथ काम करते देखा है. मुझे नहीं लगता कि सिनेमा और राजनीति में कोई परमानेंट दुश्मन होता है."

2000 में आई ‘हेरा फेरी’ को प्रियदर्शन ने डायरेक्ट किया था. मगर उन्होंने इसके सीक्वल में काम करने से मना कर दिया था. उनकी गैर-मौजूदगी में नीरज वोरा ने फिल्म का निर्देशन किया था. तीसरे पार्ट का जिम्मा शुरुआत में फरहाद सामजी को मिला था. मगर फिर प्रियदर्शन को इस मूवी का हिस्सा बनाया गया. प्रियदर्शन बताते हैं कि वो तीसरे पार्ट का काम संभालने में बिल्कुल भी इंट्रेस्टेड नहीं थे. मगर अक्षय की जिद के कारण वो वापस लौट आए. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि 'हेरा फेरी 3' के बाद वो रिटायरमेंट ले लेंगे. 

वैसे, प्रियदर्शन भले अक्षय-परेश की ‘हेरा फेरी 3’ डायरेक्ट न कर पा रहे हों, मगर वो दोनों के साथ ‘भूत बंगला’ की शूटिंग पूरी कर चुके हैं. अक्षय और एकता कपूर इस फिल्म को प्रोड्यूस किया है. पहले फिल्म 03 अप्रैल को आने वाली थी. फिर इसकी रिलीज़ डेट बदलकर 15 मई रखी गई. अब मेकर्स इसे प्रीपोन कर 10 अप्रैल को ला रहे हैं. प्रियदर्शन बताते हैं कि अक्षय ने फिल्म को प्रीपोन क्यों किया, इसका उन्हें कोई आइडिया नहीं है. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने प्रोड्यूसर्स को फिल्म बनाकर दे दी है. अब फिल्म को कब और कैसे लाना है, ये फैसला उनका ही है. बातचीत के दौरान उन्होंने उन अफवाहों का भी खंडन कर दिया, जहां ये कहा जा रहा था कि ‘भूत बंगला’, ‘भूल भुलैया’ के सीक्वल की ही ओरिजिनल कहानी है.

प्रियदर्शन ने ‘भागम-भाग’ को डायरेक्ट किया था. मगर इसके सीक्वल से उन्होंने खुद को अलग कर लिया है. इस वजह से सीक्वल की ज़िम्मेदारी ‘ड्रीम गर्ल’ वाले राज शांडिल्य को मिली है. प्रियदर्शन बताते हैं कि उन्हें ‘भागम भाग 2’ ऑफर हुई थी. मगर उन्हें सीक्वल करना पसंद नहीं है. हालांकि ‘भागम भाग 2’ करने पहले अक्षय ने उन्हें फोन कर बताया था. प्रियदर्शन ने कहा कि वो ये फिल्म करें, इससे उन्हें कोई दिक्कत नहीं है. बस वो अपनी फिल्मों के सीक्वल डायरेक्ट नहीं करना चाहते. 

वीडियो: परेश रावल ने अक्षय कुमार और प्रियदर्शन से विवाद पर खुलकर बात की

Advertisement