Pathaan के ट्रेलर के बाद से कंट्रोवर्सी वाला मामला थोड़ा ठंडा पड़ा है. गानों पर तो लोगों ने बवाल काट दिया था, मगर फिल्म एग्ज़ीबिटर लोगों का कहना है कि चाहे जितना कॉन्ट्रोवर्सी कर लें, 'पठान' देखी जाएगी. एग्ज़ीबिटर मनोज देसाई का कहना है कि Shahrukh Khan की इस फिल्म को हिंदु-मुसलमान सब देखेंगे. मनोज ने आगे फिल्मों के टिकट की बढ़ती कीमत से लेकर 'पठान' की एडवांस बुकिंग जैसे मसलों पर बात की. उन्होंने बॉयकॉट ट्रेंड को भी राजनीति मानकर खारिज कर दिया.
''हिंदू-मुस्लिम सब देखेंगे शाहरुख खान की 'पठान'''
टॉप के फिल्म एग्ज़ीबिटर मनोज देसाई का मानना है कि बॉयकॉट ट्रेंड बहुत बड़ी राजनीति है.


मनोज देसाई फिल्म एग्ज़ीबिटर हैं. मुंबई के चर्चित सिंगल स्क्रीन वाले सिनेमाघर मराठा मंदिर और गेटी गैलेक्सी के मालिक हैं. मनोज और शाहरुख का पुराना कनेक्शन है. उनकी मराठा मंदिर ही वो सिनेमाघर है, जहां 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' 1000 से ज़्यादा हफ्तों तक चलती रही थी. मनोज देसाई ने 'पठान' से जुड़े तमाम मसलों पर बॉलीवुड हंगामा से बात की है. उन्होंने पठान फिल्म के गानों पर हुए विवाद पर कहा कि पहले तो वो डर गए थे. क्योंकि उनके सात सिनेमाघर हैं. और अगर किसी फिल्म का इतना विरोध होगा, तो कोई भी एग्ज़ीबिटर घबरा जाएगा. फिर उन्होंने टीवी पर सुना कि सेंसर बोर्ड ने 'पठान' के कुछ सीन्स हटवा दिए हैं. तब जाकर उनकी जान में जान आई.
मनोज ने शाहरुख खान के साथ अपने संबंधों पर बात करते हुए कहा-
''मेरा शाहरुख के साथ पुराना रिश्ता है. वो यहां बांद्रा में रहते हैं. अपनी हर रिलीज़ के लिए हमारे थिएटर में आते हैं. देखते हैं आगे क्या होता है. कुछ नियमों और शर्तों पर चर्चा की जा रही है. (टिकट का) रेट बढ़ाने की भी बात कर रहे हैं. लेकिन हम उसमें विश्वास नहीं करते. हमारे यहाँ पूरे महाराष्ट्र में सबसे कम टिकट प्राइस है.''
'पठान' की रिलीज़ में 10 दिन का वक्त होने के बावजूद इंडिया में फिल्म की एडवांस बुकिंग नहीं खोली गई है. ये भी चर्चा चल रही है कि शायद विवादों की वजह से 'पठान' की टीम एडवांस बुकिंग नहीं शुरू कर रही है. क्योंकि उन्हें डर है कि ये पासा उल्टा पड़ सकता है. इस पर मनोज की राय अलग है. वो कहते हैं-
''इन चीज़ों का 'पठान' की एडवांस बुकिंग पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. क्योंकि अभी तक एडवांस बुकिंग शुरू भी नहीं है. पहले मल्टीप्लेक्स समेत सभी लोग एडवांस बुकिंग शुरू कर देते थे. मगर 'पठान' के लिए अभी तक कुछ नहीं हुआ है. इसलिए ये नहीं बताया जा सकता कि फिल्म किस एरिया में कैसा परफॉर्म करेगी. अभी बातचीत चल रही है. हम बैठेंगे और इस पर चर्चा करेंगे.''
मनोज देसाई श्योर हैं कि 'पठान' अच्छा परफॉर्म करेगी. इसके लिए उन्हें अपने थिएटर में खास इंतज़ाम करवाने भी शुरू कर दिए हैं. उन्होंने कहा-
''ये फिल्म पक्के तौर पर अच्छा परफॉर्म करेगी. फिल्म को हिंदू और मुसलमान सभी लोग देखेंगे. ये सभी लोग मेरे ग्राहक हैं, इसलिए सबकी अहमियत मेरे लिए बराबर है. मैंने अपने सभी अधिकारियों से कहा है कि हमें बहुत सावधान रहना होगा. मेन गेट पर मजबूत सिक्योरिटी जांच होनी चाहिए. हम अपने थिएटर को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाना चाहते. इसलिए कुछ सावधानियां बरतनी होंगी.''
'पठान' को भी अन्यान्य वजहों से बॉयकॉट करने की मांग की जा रही है. बहिष्कार की ये मांग कितनी सही है और गलत है, इस पर मनोज देसाई का पक्ष क्लियर है. उनका कहना है-
''ये ट्रेंड बहुत बड़ी राजनीति है, जो खेली जा रही. मैं इसे नहीं मानता हूं.''
'पठान' 25 जनवरी को सिनेमाघरों में लगनी है. दुनिया के कई हिस्सों में फिल्म की एडवांस बुकिंग खुल चुकी है. लोग दनादन टिकट बुक करा रहे हैं. इस आधार पर कहा जा रहा है कि 'पठान' विदेशी ओपनिंग के मामले में शाहरुख खान के करियर की सबसे बड़ी फिल्म बन सकती है. देखना है इंडिया में फिल्म की एडवांस बुकिंग खुलने पर कैसा रिस्पॉन्स मिलता है.
वीडियो: शाहरुख खान की फ़िल्म 'पठान' का ट्रेलर बुर्ज खलीफ़ा पर चला, जनता ने ट्विटर पर अलग ही मौज ले ली




















