The Lallantop

रणवीर सिंह की 'धुरंधर' ने बॉक्स ऑफिस धुआं-धुआं कर डाला

तमाम विवादों और नकारात्मकताओं के बावजूद फिल्म टिकट खिड़की पर तगड़ा परफॉर्म कर रही है.

Advertisement
post-main-image
'धुरंधर' ने रिलीज़ के बाद कुछ ही घंटों में 20 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया था.

Ranveer Singh की Dhurandhar आज सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई. टीज़र और ट्रेलर आने के बाद इस फिल्म का माहौल अच्छा बन गया था. हालांकि रिलीज़ से ऐन पहले के कुछ दिन मुश्किल भरे रहे. फिर भी इसकी हैवी स्टारकास्ट और प्रमोशनल एसेट्स से जो हवा ‘धुरंधर’ के लिए बनी थी, वो कारगर साबित होती दिख रही है. अडवांस बुकिंग में 3 दिसंबर तक तो इसकी टिकट खिड़की सुस्त पड़ी रही. मगर आखिरी दिन 4 दिसंबर को इसमें ग़ज़ब की तेज़ी देखने को मिली. ट्रेड का मानना था कि ये फिल्म 25-30 करोड़ रुपए से खुल सकती है. मगर फिल्म के अराउंड हो रही नेगेटिविटी देखते हुए ये अंदाज़ा 15-18 करोड़ रुपए तक पहुंच गया था. मगर ‘धुरंधर’ इन सभी प्रेडिक्शंस को धता बताते हुए ओवरड्राइव में जा रही है. इसी का नतीजा है कि फिल्म ने रात 9 बजे तक 22 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है. ये आंकड़ा डेफिनेटली 25 करोड़ से ऊपर जाता नज़र आ रहा है. कितना ऊपर, ये अभी नहीं कहा जा सकता.

Advertisement

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक‍ रात 9 बजे तक इसने 22 करोड़ रुपये कमा लिए थे. शाम में फिल्म की डिमांड इतनी बढ़ गई कि स्क्रीन्स की संख्या बढ़ानी पड़ी. जिस तरह से ये फिल्म फट रही है, ऐसे में इसका 30 करोड़ रुपए का आंकड़ा टच करना बहुत मुश्किल नहीं लग रहा. फिर वीकेंड आ लगा है. बड़ी कमाई तो इन्हीं दो दिनों में होगी. वर्ड ऑफ माउथ से भी फिल्म को फायदा होगा. इसे देखते हुए अनुमानित है कि ‘धुरंधर’ पहले वीकेंड पर 75 से 80 करोड़ रुपये कमा लेगी. 

इस साल की सबसे कमाऊ फिल्में ‘छावा’, ‘सैयारा’ और ‘कांतारा चैप्टर 1’ हैं. ‘छावा’ ने पहले दिन 31 करोड़ की ओपनिंग ली थी. ‘सैयारा’ ने 21.50 करोड़ कमाए थे. और पांच भाषाओं में रिलीज़ हुई ‘कांतारा चैप्टर 1’ ने 61.85 करोड़ से खाता खोला था. देखना ये है, कि ‘धुरंधर’ पहले दिन कहां तक पहुंच पाती है. 

Advertisement

रिलीज़ से ऐन पहले ‘धुरंधर’ कुछ मुश्किलों में घिरती नज़र आ रही थी. 28 नवंबर को गोवा में रणवीर कुछ ऐसा कर गए, जिसके चलते हल्ला मच गया. उन्हें ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा’ के देवता की मज़ाकिया अंदाज़ में नकल उतारी. इंटरनेट पर #boycottdhurtandhar ट्रेंड करने लगा. फिर एक दिन पहले फिल्म के प्रेस शो कैंसल हुए. सिनेमाघरों में IMAX प्रिंट्स देरी से पहुंचे. एक नकारात्मक सी हवा बनने लगी थी. मगर जैसे ही 'धुरंधर’ पर्दे पर आई, ऐसी आंधी चली, कि सारी शंकाएं दूर हो गईं. आदित्य धर की कसी हुई स्टोरीटेलिंग और महीन डीटेलिंग तारीफ़ बटोर रही है. 

वीडियो: रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर' में CBFC ने 7 सीन्स काटे फिर भी A सर्टिफिकेट दे दिया

Advertisement
Advertisement