The Lallantop

'धुरंधर 2' की 4 सबसे बड़ी फैन थ्योरीज का पूरा सच बाहर आ गया!

'धुरंधर 2' में अक्षय खन्ना के किरदार रहमान डकैत को लेकर सबसे बड़ी जानकारी सामने आई है.

Advertisement
post-main-image
'धुरंधर 2' के पेड प्रीव्यू शोज़ ने अडवांस बुकिंग में 18 करोड़ रुपये की टिकटें बेच नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है.

Dhurandhar 2 की हाइप बढ़ाने में फैन थ्योरीज का बड़ा हाथ रहा है. पहले पार्ट की रिलीज़ के बाद से ही लोग इसके सीक्वल को लेकर तरह-तरह की कहानियां बुनने लगे थे. कोई Emraan Hashmi के कैमियो की बात कर रहा, तो कोई Akshaye Khanna के कमबैक का दावा ठोक देता. इसके अलावा कई और चर्चाओं से बाज़ार गर्म था. मगर इनमें से चार बड़ी थ्योरीज़ से अब पर्दा लगभग हट गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

# इमरान हाशमी होंगे 'बड़े साहब'? 

'धुरंधर 2' पर सबसे बड़ी थ्योरी इमरान हाशमी को लेकर थी. बताया जा रहा था कि वो इस मूवी में 'बड़े साहब' का रोल कर सकते हैं. इस किरदार को ही फ्रैंचाइज़ का अल्टीमेट विलन बताया जा रहा है. इमरान की चर्चा होने के पीछे लेटरबॉक्स्ड के एक वायरल स्क्रीनशॉट को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है. उसमें इमरान को बड़े साहब के रोल में फिल्म का हिस्सा बताया जा रहा था. कहा गया कि ये किरदार दाऊद इब्राहिम से प्रेरित है. मगर ये दावा अधपका-सा है. वो इसलिए क्योंकि लेटरबॉक्स्ड IMDb की तरह फिल्म प्रेमियों का एक सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म है. वहां किसी ने 'धुरंधर 2' का पेज बनाकर उसमें खुद ही इमरान का नाम जोड़ दिया गया था. हालांकि बाद में उन्हें उस लिस्ट से हटा भी दिया गया है. फिल्म का ट्रेलर देखकर ये कहीं से भी संभव नहीं लग रहा कि इमरान हाशमी इस फिल्म का हिस्सा होंगे. पब्लिक को तो ये तक नहीं पता कि ‘बड़े साहब’ है कौन. ट्रेलर के बाद ये दावा किया जा रहा है कि ‘बड़े साहब’ परवेज़ मुशर्रफ या हाफिज सईद में से कोई एक हो सकता हैं. हालांकि इसकी पुष्टि फिल्म की रिलीज़ के बाद ही हो सकेगी.

Advertisement
dhurandhar 2
लेटरबॉक्स्ड का वायरल स्क्रीनशॉट.

# 'शरारत' जैसा एक और गाना होगा

'धुरंधर' के ब्लॉकबस्टर गाने 'शरारत' पर लोगों ने खूब रील्स बनाई. फैंस का दावा था कि पहले पार्ट की सक्सेस के बाद आदित्य धर सेकेंड पार्ट में भी ऐसा ही एक गाना शामिल करेंगे. मगर रिपोर्ट के मुताबिक, ये बात भी आधी-अधूरी है. सीक्वल में एक डांस नंबर ज़रूर है. मगर वो 'शरारत' से कहीं ज्यादा स्टाइलिश और ग्रैंड होगा. मेकर्स जल्द ही एक म्यूज़िक लॉन्च इवेंट करने वाले हैं. जिसमें फिल्म के गाने रिलीज़ किए जाएंगे.

# जसकीरत सिंह रंगी का 'उरी' कनेक्शन

Advertisement

'धुरंधर 2' में रणवीर सिंह के किरदार हम्ज़ा अली मज़ारी की बैकस्टोरी दिखाई जाएगी. बैकस्टोरी यानी उनकी जसकीरत सिंह रंगी वाली वो ज़िंदगी, जो वो भारतीय जासूस बनने से पहले जी रहे थे. जसकीरत का आदित्य की पहली फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' से एक रोचक कनेक्शन है. दरअसल, 'उरी' में विकी कौशल का किरदार एयरफोर्स फ्लाइट लेफ्टिनेंट सीरत कौर से मिलता है. सीरत का रोल मूवी में कीर्ति कुल्हारी ने किया है. एक सीन में सीरत, विकी को बताती हैं कि उनके पति पंजाब रेजिमेंट के आर्मी ऑफिसर थे. नौशेरा में हुए एक आतंकी हमले में वो शहीद हो गए थे. 

हालांकि फिल्म में उनके किरदार को कभी दिखाया नहीं गया था. मगर सीरत उनका नाम जसकीरत सिंह रंगी बताती हैं. लोगों ने दावा किया कि 'धुरंधर' और 'उरी' वाले जसकीरत, दोनों एक ही शख्स हैं. मगर सूत्रों के मुताबिक, ये बात सही नहीं है. बताया जा रहा है कि आदित्य ने 'धुरंधर' में इस नाम को केवल इसलिए इस्तेमाल किया क्योंकि उन्हें ये पसंद है. वो इस नाम को ‘धुरंधर’ फ्रैंचाइज़ में लकी चार्म की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं. हालांकि इसको लेकर भी कोई क्लैरिटी नहीं है. 

# अक्षय खन्ना 'धुरंधर 2' में हैं या नहीं?

पहले पार्ट में बतौर रहमान डकैत, अक्षय खन्ना का काम लोगों ने काफी पसंद किया. फिल्म के क्लाइमैक्स में उनके किरदार की मौत हो गई थी. मगर इंटरनेट पर खबरें उड़ीं कि आदित्य उन्हें 'धुरंधर 2' में दोबारा लाने वाले हैं. कुछ जगहों पर तो फिल्म के रीशूट्स का भी दावा किया गया था. मगर ऐसा होने के आसार कम हैं. अक्षय लौटेंगे तो ज़रूर मगर केवल फ़्लैशबैक सीन्स में. उन्होंने कोई भी नया सीन नहीं फिल्माया है. हालांकि इंटरनेट पर चल रही एक रिपोर्ट के मुताबिक, वो पार्ट 2 के लिए एक खूंखार सीन फिल्माने के बेहद करीब आ गए थे. ये सीन दाऊद इब्राहीम के भाई नूर कासकर की मौत से जुड़ा हुआ था. लोगों ने दावा किया कि रहमान डकैत ने ही नूर की जान ली थी. हालांकि असलियत में उसे एक दूसरे गैंग ने मारा था. फैंस का कहना है कि आदित्य फिल्म में इस बात को हल्का ट्वीक कर, रहमान और उसके बीच का एक सीक्वेंस दिखाना चाहते थे. उन्होंने एकाध दिन के रीशूट की तैयारी भी कर ली थी. मगर अक्षय ने अंतिम समय पर निजी कारणों से इस सीन के लिए मना कर दिया था. हालांकि वो फ़्लैशबैक सीन्स में अब भी नज़र आएंगे.

बता दें कि ये सारी खबरें पूरी तरह इंटरनेट की फैन थ्योरीज़ हैं. ये तथ्य भी हों, ये ज़रूरी नहीं हैं. इसलिए इन सभी दावों में कितनी सच्चाई हैं, उसे जानने के लिए हमें फिल्म रिलीज़ होने तक का वेट करना होगा. 'धुरंधर 2', 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. वहीं 18 मार्च की शाम 5 बजे से इसके पेड प्रीव्यूज शुरू हो जाएंगे.

वीडियो: मिडिल ईस्ट में 'धुरंधर 2' पर लगे बैन से नुकसान नहीं, फायदा होगा!

Advertisement