फरवरी 2026 में Shaktimaan प्रोजेक्ट को अनाउंस हुए चार साल पूरे हो गए. Sony Pictures की इस फिल्म में Ranveer Singh लीड रोल करने वाले थे. वहीं Minnal Murali फेम Basil Joseph इसे डायरेक्ट करने वाले थे. दो पावरहाउस परफॉर्मर्स के फिल्म से जुड़ने होने के बावजूद इसका काम आगे नहीं बढ़ सका. कारण ये कि Mukesh Khanna को रणवीर की ऑफ-स्क्रीन पर्सनैलिटी पसंद नहीं आई. तंग अकर बेसिल ने इस प्रोजेक्ट को बंद करने का फैसला कर लिया था. मगर अब खबर है कि Allu Arjun इस फिल्म में लीड रोल कर सकते हैं.
रणवीर सिंह बाहर, अब अल्लू अर्जुन बनेंगे नए 'शक्तिमान'?
डायरेक्टर बेसिल जोसेफ़ ने कहा था कि 'शक्तिमान' या तो रणवीर के साथ बनेगी या किसी के साथ नहीं.


बेसिल ने 'शक्तिमान' प्रोजेक्ट पर अपने दो साल खर्च किए थे. इस बात की जानकारी अनुराग कश्यप ने दी थी. दरअसल मलयाली मनोरमा अवॉर्ड्स में दोनों डायरेक्टर्स की मुलाकात हुई थी. अनुराग के मुताबिक, बेसिल ने उन्हें बताया था कि उन्होंने 'शक्तिमान' पर अपने दो साल बर्बाद कर दिए. मगर बॉलीवुड वालों के ईगो के कारण ये फिल्म कभी आगे नहीं बढ़ सकी. तंग आकर उन्होंने खुद को फिल्म से अलग कर लिया. अनुराग से मिली इस जानकारी को लोग 'शक्तिमान' प्रोजेक्ट की ताबूत का अंतिम कील मानकर चल रहे थे. मगर अल्लू अर्जुन वाली अपडेट ने मामले को दोबारा ज़िंदा कर दिया है.
तेलुगु 360 की रिपोर्ट के मुताबिक, अल्लू अर्जुन और बेसिल कुछ समय से 'शक्तिमान' प्रोजेक्ट पर डिस्कशन कर रहे थे. अब वो सुपरहीरो मूवी फिल्म बनाने जा रहे हैं. अभी ऑफिशियल अनाउंसमेंट होना बाकी है. मगर फिल्म अब डेवलपमेंट हेल से बाहर निकलती नज़र आ रही है. अर्जुन के पिता अल्लू अरविन्द अपनी प्रोडक्शन कंपनी गीता आर्ट्स के तहत इसे प्रोड्यूस करेंगे. दावा किया जा रहा है कि बेसिल ने फिल्म का प्री-प्रोडक्शन शुरू कर दिया है. वहीं अर्जुन, एटली की AA22XA6 और लोकेश कनगराज की AA23 के बाद 2027 में इस फिल्म पर काम शुरू करेंगे. हालांकि अर्जुन, बेसिल और यहां तक कि मुकेश खन्ना ने भी इस खबर की पुष्टि नहीं की है.
वैसे, ये पहला मौका नहीं जब अल्लू अर्जुन को 'शक्तिमान' में कास्ट करने की रिपोर्ट्स सामने आई हों. दिसंबर 2024 में मुकेश खन्ना ने अपने यूट्यूब चैनल पर 'पुष्पा 2' की तारीफ़ करते हुए एक वीडियो शेयर किया था. उसमें उन्होंने अल्लू अर्जुन को 'शक्तिमान' के लिए सटीक एक्टर बताया था. उन्होंने उस वीडियो में कहा था,
"मैं वादा नहीं कर रहा हूं. बोल भी नहीं रहा हूं. जज भी नहीं कर रहा हूं. लेकिन अल्लू अर्जुन शक्तिमान बन सकता है. रियल लाइफ में भी अच्छी लुक है, अच्छी हाइट है. उसे सिर्फ विलन बनाकर रखा है. इसके बारे में कहा जा सकता है, सोचा जा सकता है. इसके चेहरे पर शक्तिमान लाया जा सकता है."
जून 2025 में बेसिल के नज़दीकी सूत्र ने अर्जुन के रणवीर को रिप्लेस करने की बात का खंडन किया था. उन्होंने स्पष्ट किया था कि 'शक्तिमान' केवल रणवीर सिंह के साथ बनाई जाएगी. कोई दूसरा एक्टर इस प्रोजेक्ट में काम नहीं कर रहा है. बेसिल के मुताबिक, फिल्म में या तो रणवीर होंगे या फिर कोई नहीं. यानी बेसिल पहले ही अल्लू अर्जुन को इस फिल्म में लाने से इन्कार कर चुके हैं. ऐसे में ये दावा करना कि वो अल्लू अर्जुन के साथ ‘शक्तिमान’ बन रही है, ये थोड़ा अटपटा और कंफ्यूज़िंग दोनों हैं. जब तक मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक कंफर्मेशन नहीं आ जाता, तब तक इस मसले पर कुछ भी पुख्ता नहीं कहा जा सकता.
वीडियो: रिजेक्ट होने के बाद क्या रणवीर सिंह बना रहे 'शक्तिमान' पर वेब सीरीज?














.webp?width=275)
.webp?width=120)
.webp?width=120)



