The Lallantop

इंडिया की सबसे भयावह और क्लासिक हॉरर फिल्म के सीक्वल में विलन बनेंगे अक्षय खन्ना!

सीक्वल को 150 करोड़ रुपये के बजट पर बनाया जा रहा है. ये पहले पार्ट की तुलना में 10 गुना ज्यादा है.

Advertisement
post-main-image
'तुम्बाड 2' को सोहम शाह फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया जाएगा.

Sohum Shah स्टारर Tumbbad देश की सबसे चर्चित हॉरर-फैन्टेसी फिल्मों में से एक है. पिछले कुछ समय से इसके सीक्वल का प्री-प्रोडक्शन चल रहा है. मेकर्स इसे पहले पार्ट से कई गुना बड़े स्केल पर डेवलप करने जा रहे हैं. Tumbbad 2 में एक खतरनाक विलन भी होगा. खबर है कि उस किरदार में Akshaye Khanna या Nawazuddin Siddiqui में से किसी एक को कास्ट किया जा सकता है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

टाइम्स नाऊ ने सूत्रों के हवाले से बताया,

"तुम्बाड 2 में एक दमदार विलन को शामिल किया जाएगा. मेकर्स नेगेटिव रोल के लिए अक्षय खन्ना या नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी में से किसी एक को लेने पर विचार कर रहे हैं. सीक्वल की कहानी में एक मजबूत विलन की ज़रूरत है. इसलिए टीम एक ऐसे एक्टर की तलाश में है, जो न केवल डरावना हो बल्कि जिसमें इमोशनल डेप्थ भी हो. उनका मकसद एक ऐसे कैरेक्टर को बनाने का है, जो सोहम शाह की इंटेंसिटी को टक्कर दे सके."

Advertisement

अक्षय और नवाज़, दोनों ही अपनी इंटेन्स एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं. उनके नेगेटिव और ग्रे शेड वाले किरदारों का एक अलग फैनबेस है. हाल के दिनों में 'छावा' और 'धुरंधर' में अक्षय के काम को काफ़ी पसंद किया गया है. वहीं 'रेस' और 'हमराज़' जैसी मूवीज़ में उनका नेगेटिव अंदाज़ भी लोगों को खूब रास आया था.

दूसरी तरफ़ नवाज़ लगातार विलन के रोल्स करते रहे हैं. इनमें 'रमन राघव 2.0', 'बदलापुर' और 'किक' जैसी मूवीज़ शामिल हैं. 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' और 'सेक्रेड गेम्स' में उनकी एक्टिंग को लोग आज तक भी पसंद करते हैं. ऐसे में उनकी कास्टिंग 'तुम्बाड 2' को और रोचक बना सकती है. हालांकि अभी ये केवल शुरुआती चर्चा है. मेकर्स ने अपनी तरफ़ से फ़िलहाल इस बारे में कुछ भी नहीं बताया है.

2018 में आई 'तुम्बाड' ओरिजिनल रिलीज़ के वक्त ज़्यादा लोगों तक नहीं पहुंच सकी थी. इसलिए मेकर्स ने 2024 में इसे दोबारा रिलीज़ किया. री-रिलीज़ में फिल्म ने 40 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन कर लिया था. खास बात ये है कि ओरिजिनल रिलीज़ के वक्त इसने केवल 13.5 करोड़ रुपये ही कमाए थे. फिल्म के 15 करोड़ के बजट को देखते हुए तब इसे फ्लॉप माना गया था. मगर बाद में फिल्म का कल्ट फैनबेस तैयार हो गया. उसे देखते हुए ही सोहम शाह और PEN स्टूडियोज़ ने साथ मिलकर फिल्म का सीक्वल अनाउंस कर दिया.

Advertisement

कोईमोई ने सोर्स के हवाले से जानकारी दी है कि ‘तुम्बाड 2’ को 150 करोड़ के भारी-भरकम बजट में बनाया जाएगा. ये पहले पार्ट की तुलना में 10 गुना ज्यादा है. सीक्वल में लीड तो सोहम शाह ही होंगे. मगर फिल्म पहले पार्ट के को-डायरेक्टर राही अनिल बर्वे के बिना ही आगे बढ़ेगी. राही फ़िलहाल अपने दूसरे प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं. आदेश प्रसाद, जो बर्वे के साथ 'तुम्बाड' के को-डायरेक्टर थे, वो सेकेंड पार्ट को डायरेक्ट करेंगे. सोहम के मुताबिक, फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार हो चुकी है. उन्हें इसे परफेक्ट करने में 6 साल का समय लगा है. मगर फिल्म की शूटिंग कब शुरू होगी, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है.

वीडियो: सोहम शाह ने तुम्बाड 2 की घोषणा कर दी, पेन स्टुडिओज़ के साथ मिलकर बनायेंगे अपनी फ़िल्म

Advertisement