The Lallantop

OMG 2 के दूसरे शनिवार की कमाई में 74% का उछाल, इंडिया में 100 करोड़ के पार

'गदर 2' से तगड़ी टक्कर मिलने के बावजूद OMG 2 अच्छी कमाई कर रही है.

Advertisement
post-main-image
इससे पहले अक्षय की आखिरी हिट फिल्म थी साल 2021 में आई 'सूर्यवंशी'.

11 अगस्त को दो बड़ी फिल्में रिलीज़ हुईं – Gadar 2 और OMG 2. एक-दूसरे से टक्कर के बावजूद दोनों फिल्में अच्छा पैसा फोड़ रही हैं. ‘गदर 2’ ने कमाई में नया रिकॉर्ड बना लिया है. दूसरे शनिवार को सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है. OMG 2 भले ही ऐसे कोई छप्परफाड़ रिकॉर्ड नहीं बना रही. लेकिन कमाई के मामले में ये मज़बूती से टिकी हुई है. फिल्म ने अपने दूसरे शनिवार यानी 10.53 करोड़ रुपए की कमाई की. बीते शुक्रवार के मुकाबले फिल्म की कमाई में करीब 74% का जम्प देखने को मिला. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक OMG 2 दूसरे रविवार यानी 20 अगस्त को करीब 13 करोड़ की कमाई कर सकती है. उस लिहाज़ से फिल्म अब तक की कमाई 114.61 करोड़ रुपए बताई जा रही है. अक्षय की हर फिल्म में उनकी फीस चर्चा का विषय बनती है. इस पर मीडिया में अलग-अलग तरह की बातें भी हो चुकी हैं. लेकिन बता दें कि OMG 2 के लिए अक्षय ने एक भी रुपया नहीं लिया है. फिल्म के प्रोड्यूसर अजीत अंधारे ने पिंकविला से बात करते हुए ये जानकारी दी. उन्होंने आगे कहा,

OMG 2 के बजट को बहुत बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया है. मैं बता दूं अक्षय कुमार ने फिल्म के लिए एक भी रुपया नहीं लिया. बल्कि ऐसी रिस्की फिल्म में हमारे साथ काम किया और हमारे साथ खड़े रहे. मैं उन्हें पहले से जानता हूं. OMG , 'स्पेशल 26' और 'टॉयलेट एक प्रेम कथा' के समय से. ऐसी हटकर स्क्रिप्ट पर उनसे ज़रूर बात करता हूं. उनके बिना ये रिस्क लेना संभव नहीं था. अक्षय ने फिल्म के लिए हर संभव मदद की थी.

Advertisement

कुछ ऐसा ही फिल्म के राइटर-डायरेक्टर अमित राय ने भी कहा था. अमित ने बताया कि कोई भी बड़ा प्रोड्यूसर फिल्म बनाने को तैयार नहीं था. अक्षय के सपोर्ट की वजह से ही ये फिल्म बन पाई. उन्होंने ETimes से बात करते हुए कहा था,

सोनी, करण जौहर, आशुतोष गोवारिकर और कई लोगों ने उसे रिजेक्ट कर दिया था. अंत में अक्षय कुमार ने इसे बनाने की हिम्मत दिखाई. वो स्क्रिप्ट को लेकर बहुत ओपन थे और कहा कि ये फिल्म बननी ही चाहिए. उनकी वजह से हम हिम्मत दिखा पा रहे हैं, वरना OMG 2 कभी बन ही नहीं पाती. मैं अश्विन वर्दे, विपुल डी शाह और राजेश बहल से मिला और उनके ज़रिए अक्षय तक पहुंचा. अगर मैं उन तक नहीं पहुंचता तो ये कहानी किसी कोने में दबी रह जाती. शायद मेरे बच्चे उससे कागज़ के हवाईजहाज़ बनाते या कोई उनमें चने रखकर खा रहा होता. एक एक्टर फाइनल होने के बाद, 50 करोड़ रुपए खर्च हो जाने के बाद CBFC कहता है कि हम इसे नहीं दिखा सकते. 

पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म की शूटिंग में 50 से 60 करोड़ रुपए का खर्चा हुआ. बाकी कुल बजट करीब 150 करोड़ रुपए बताया जा रहा है. फिल्म 100 करोड़ पार कर चुकी है. जैसी कमाई कर रही है, उस हिसाब से अभी इसकी रफ्तार थमती नहीं लग रही. बता दें कि फिल्म में अक्षय के अलावा पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम ने भी मेजर रोल्स किए हैं.               
 

Advertisement

वीडियो: OMG 2 के मेकर्स ने बताया, अक्षय कुमार ने स्क्रिप्ट पढ़कर सबसे पहले क्या कहा था?

Advertisement