लंबे समय से टलती आ रही Ajay Devgn की Maidaan बड़े पर्दे पर रिलीज़ हो चुकी है. इस साल अजय की एक और फिल्म Shaitaan आ चुकी है. जिसे हिट की कैटेगरी में रखा जा रहा है. 'मैदान' की जहां तक बात करें तो पेड प्रीव्यूज़ और इसकी पहले दिन की कमाई उम्मीद से बहुत कम है.
अजय देवगन की 'मैदान' ने पहले दिन कितने पैसे छापे?
Ajay Devgn की Maidaan की कमाई उनकी पिछली रिलीज़ कुछ फिल्मों की तुलना में सबसे कम है.


'मैदान' का क्लैश Akshay Kumar और Tiger Shroff की Bade Miyan Chote Miyan से होने वाला था. 'मैदान' को 11 अप्रैल को रिलीज़ करने से पहले 10 अप्रैल की शाम को इसके पेड प्रीव्यू शोज़ रखे गए. जिसमें भी इसकी थोड़ी-बहुत कमाई हुई. पेड प्रीव्यू शो और पहले दिन की कमाई मिलाकर 'मैदान' ने टोटल 7 करोड़ रुपए का कुल बिज़नेस किया.
ये अजय देवगन की पिछली रिलीज़ कुछ फिल्मों में से सबसे कम है. इसे आंकड़ों से समझते हैं -
मैदान - 07 करोड़ रुपए
शैतान - 15.2 करोड़ रुपए
भोला - 11.2 करोड़ रुपए
दृश्यम 2 - 15.3 करोड़ रुपए
थैंक गॉड - 8.1 करोड़ रुपए
रनवे 34 - 3 करोड़ रुपए
(ये सभी आंकड़ें बॉलीवुड हंगामा से लिए गए हैं.)
वैसे 'मैदान' की किस्मत शुरू से ही खराब रही. लॉकडाउन से पहले फिल्म पर काम शुरू किया गया. मगर कोरोना पीरियड में सबकुछ ठप्प हो गया. फिर लॉकडाउन खत्म होने के बाद खबर आई कि 'मैदान' पोस्टपोन हो सकती है या डिब्बाबंद भी हो सकती है. मगर इन सारी खबरों को प्रोड्यूसर बोनी कपूर ने गलत बताया.
फिर दोबारा से 'मैदान' पर काम चालू हुआ. सारी चीज़ें जब सेट हो गईं तो बात रिलीज़ पर अटक गई. पिछले साल से टलते-टलते फाइनली इसे 11 अप्रैल 2024 को बड़े पर्दे पर उतारा गया. उस पर भी फिल्म को लेकर ना कोई खास प्रमोशन हुआ ना कोई तगड़ी मार्केटिंग स्ट्रैटजी. जिस वजह से भी ये फिल्म जनता को अपनी तरफ खींच नहीं पाई.
ओवरऑल अब फिल्म के रिव्यूज़ और वर्ड ऑफ माउथ पर बात टिक जाती है. समय के साथ अग इसे अच्छा रिव्यू और वर्ड ऑफ माउथ मिला तो इसके चलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी. फिलहाल 'मैदान' को इंडिया और विदेशों में बड़े लेवल पर रिलीज़ किया गया है.
ज़ी स्टूडियोज़ ने इसे इंडिया में 2500 स्क्रीन्स पर रिलीज़ किया है. वहीं इंटरनेशनल मार्केट में 'मैदान' को 60 देशों में 1600 से ज़्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज़ किया है. जो कि इसे अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओवरसीज़ रिलीज़ बनाती है.
ख़ैर, 'मैदान' में अजय देवगन के साथ प्रियमणि, गजराज राव और रुद्रनील घोष जैसे एक्टर्स ने काम किया है. इस फिल्म को 'बधाई हो' फेम अमित रविंद्रनाथ शर्मा ने डायरेक्ट किया है.






















