सोना जितना तपता है, उतना ही अधिक निखरता है. Aditya Dhar ने इस बात को सही साबित किया है. सतही नज़रों से देखें तो उनका डायरेक्टोरियल करियर केवल तीन फिल्म पुराना है. मगर Dhurandhar फ्रैंचाइज़ से बॉक्स ऑफिस को दहला देने वाला ये शख्स हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में 20 सालों से काम कर रहा है. इस दौरान आदित्य ने Kabir Khan के लिए गाने लिखे, Priyadarshan के लिए डायलॉग्स रचे. पर जब खुद फिल्म बनाने की बारी आई, तो लगातार मुश्किलों का सामना किया. हालांकि ये मुश्किलें केवल प्रोफेशनल नहीं, पर्सनल ज़िंदगी में भी थी. आदित्य का बचपन Dyslexia से जूझते हुए गुजरा है, मगर ये बात उन्हें देश की सबसे कमाऊ हिंदी फिल्म देने से रोक नहीं सकी.
आदित्य धर की कहानी: एक क्रिकेटर कैसे बन गया देश का सबसे 'धुरंधर' फिल्म डायरेक्टर?
2016 में हुए उरी आतंकी हमले ने आदित्य को बेरोजगार कर दिया था. मगर वही उनका लॉन्चपैड भी बना.


# घर से मिली क्रिएटिव परवरिश
आदित्य का जन्म 12 मार्च 1983 को दिल्ली के एक कश्मीरी पंडित परिवार में हुआ था. उनकी मां डॉ सुनीता धर साल 2000 से 2003 तक दिल्ली यूनिवर्सिटी में फैकल्टी ऑफ म्यूजिक एंड फ़ाईन आर्ट्स की डीन रह चुकी हैं. वो ऐसी पहली कश्मीरी महिला थीं, जिन्होंने म्यूजिक में एमए और फिर डॉक्टरेट किया था. इसी वजह से आदित्य और उनके बड़े भाई लोकेश धर का लालन-पालन एक क्रिएटिव माहौल में हुआ था. तब दिल्ली में उनके मकान का नंबर था- B62. वहीं उनके मां-बाप ने शादी की. दोनों भाइयों का जन्म भी वहीं हुआ था.

पर B62 नंबर का ये मकान नंबर कुछ जाना-पहचाना लग रहा है न? लगेगा ही. वो इसलिए क्योंकि आदित्य और लोकेश ने सालों बाद अपनी प्रोडक्शन कंपनी का नाम उसी घर की याद में B62 स्टूडियोज़ रखा है. लोकेश पहले UTV मोशन पिक्चर्स और फॉक्स स्टार स्टूडियोज़ में काम कर चुके हैं. लेकिन अपनी फिल्मों के लिए दूसरों के भरोसे न रहना पड़े, इसलिए साल 2021 में दोनों भाइयों ने B62 स्टूडियोज़ की शुरुआत की. इसके ज़रिए वो ‘आर्टिकल 370’, ‘बारामूला’, 'धूम-धाम' और ‘धुरंधर’ फ्रैंचाइज़ की मूवीज़ प्रोड्यूस कर चुके हैं.
# दो साल की उम्र से ही एक्टर्स को पहचानने लगे थे
आदित्य का घर साउथ दिल्ली में सपना और अलंकार थिएटर के पास पड़ता था. हर संडे को उनके मां-बाप अपने दोनों बच्चों को वहां फिल्में दिखाने ले जाया करते थे. वहीं से उनमें फिल्मों का कीड़ा जाग गया था। आदित्य जब 2 साल के थे, तब उनकी मौसियां वीकेंड्स पर उनकी फैमिली के साथ समय बिताने आया करती थीं. वो लोग तब कॉलेज में पढ़ती थीं और अक्सर आदित्य को भी अपने गर्ल्स हॉस्टल ले जातीं. तब एंटरटेनमेंट के लिए इंस्टाग्राम रील्स का चलन तो था नहीं. इसलिए लोग मैगजीन्स खरीदते थे. आदित्य बताते हैं कि वो उस उम्र में भी स्टारडस्ट और फिल्मफेयर मैगजीन्स में नज़र आने वाले सभी एक्टर्स को पहचान जाते थे.
# इंसाफ़ मांगते हुए सड़क पर लेट गए
एक दिन आदित्य अपनी मौसी के साथ लाजपत नगर, दिल्ली में कुछ खरीददारी करने गए थे. उस समय वो केवल 3 साल के रहे होंगे. तभी उनकी नज़र एक थिएटर के बाहर लगे पोस्टर पर पड़ी. उन्हें तब पढ़ना नहीं आता था, मगर वो एक्टर्स को पहचान जाते थे. पोस्टर पर मिथुन और रेखा दिखाई दे रहे थे. मगर आदित्य फिल्म का नाम नहीं पढ़ पा रहे थे. इसलिए उन्होंने अपनी मौसी से मूवी का टाइटल पूछा. मौसी ने कहा-'मुझे इंसाफ चाहिए'. ये फिल्म का नाम था. बस, आदित्य ने फिल्म देखने की जिद पकड़ ली. बात घुमाने के लिए मौसी ने कहा कि वो उन्हें वीकेंड पर हॉल ले जाएंगी. मगर आदित्य माने नहीं. उन्होंने रोना शुरू कर दिया और रोते-रोते वहीं सड़क पर पसर गए. तबतक आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई थी. जब उन्होंने पूछा कि ये बच्चा रो क्यों रहा है तो आदित्य ने कहने लगे-"मुझे इंसाफ चाहिए-मुझे इंसाफ चाहिए'.

# डिस्लेक्सिया के कारण पढ़ने में होती है दिक्कत
आदित्य स्कूली दिनों में गुरु हरकृष्ण पब्लिक स्कूल, वसंत विहार (दिल्ली) में पढ़ते थे. मगर अपने साथ के बच्चों की तुलना में उन्हें लिखने-पढ़ने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. वजह थी- डिस्लेक्सिया. डिस्लेक्सिया एक तरह का रीडिंग डिसऑर्डर है. इसमें बच्चों को पढ़ने, लिखने और शब्दों को समझने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. वो अक्षरों को पहचान नहीं पाते हैं. अभिषेक बच्चन और ऋतिक रोशन ने भी इस समस्या का सामना किया है. 'तारे ज़मीन पर' मूवी का ईशान अवस्थी भी इससे जूझ रहा था.
आदित्य धर खुद भी एक समय इससे काफी स्ट्रगल कर रहे थे. उन्हें आज भी कुछ पढ़ने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. 2019 में रॉबिन भट्ट के साथ स्क्रीनराइटर्स एसोसिएशन पर हुए इंटरव्यू में वो बताते हैं,
"मैं यहां तक पहुंच ही नहीं पाता. ये किसी चमत्कार से कम नहीं है. मुझे बहुत बुरा डिस्लेक्सिया था. इसलिए मैं पढ़ भी नहीं पाता था. आज भी अगर मुझे कुछ पढ़ना हो, तो दो-तीन पेज पढ़ने में पूरा दिन लग जाता है. मैं पढ़ने में कमज़ोर था. लेकिन मुझे ड्रामा और एक्टिंग में बहुत इंट्रेस्ट था."
# थिएटर करते हुए 'धुरंधर' के आलम सोडावाला से मिले
'धुरंधर' में दिखे इंडियन जासूस मोहम्मद आलम तो आपको याद ही होंगे? हां वही- 'डार्लिंग-डार्लिंग दिल क्यों तोड़ा, पी लो-पी लो आलम सोडा' वाले. फिल्म में उनका कैरेक्टर प्ले करने वाले गौरव गेरा और आदित्य, ‘धुरंधर’ से पहले भी साथ काम कर चुके हैं. वो भी कोई अब-तब नहीं, बल्कि 30 साल पहले. हुआ ये कि आदित्य स्कूल में पढ़ नहीं पा रहे थे. तंग आकर उन्होंने अपना फोकस नाटकों पर शिफ्ट कर दिया. उन्होंने दिल्ली म्यूजिक थिएटर को जॉइन किया और वहीं वो पहली बार गौरव गेरा से मिले. दोनों ने डीएमटी के प्रोडक्शन तले बने 'वेस्ट साइड स्टोरी' में साथ काम किया था. ये साल 1995 के आसपास की बात रही होगी. तब गौरव 23 साल के थे और आदित्य केवल 12 के. गौरव 1998 के आसपास मुंबई आ गए थे. लेकिन आदित्य ने करीब 20 साल तक डीएमटी में थिएटर किया. लगभग तीन दशक बाद जब गौरव 'धुरंधर' के सेट पर आए, तो आदित्य वहां सबको पहले ही ये बता चुके थे कि गौरव उनके सीनियर रह चुके हैं.

# इंडिया अंडर-19 टीम में शामिल होने वाले थे?
आदित्य ने अपना ग्रेजुएशन दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिन्दू कॉलेज से किया है. तब भी उनका पढ़ाई को छोड़कर हर काम में मन लगता था. कॉलेज के दिनों में उन्हें क्रिकेट खेलने का चस्का चढ़ा था. डायरेक्टर प्रियदर्शन ने मैशेबल इंडिया को दिए इंटरव्यू में बताया था कि आदित्य दिल्ली यूनिवर्सिटी के सबसे बेहतरीन स्पिन बॉलर्स में से एक थे. दावा ये भी किया जाता है कि वो साल 2022 में भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम में सिलेक्ट होने वाले थे. यदि ऐसा होता तो वो पार्थिव पटेल, इरफान पठान और स्टुअर्ट बिन्नी के साथ खेल चुके होते. मगर पॉलिटिक्स के कारण आदित्य फाइनल लिस्ट में जगह नहीं बना सके. इंटरनेट पर ऐसी भी खबरें चल रही हैं कि उन्हें रिप्लेस करने वाले क्रिकेटर कोई और नहीं, बल्कि स्टुअर्ट बिन्नी थे. स्टुअर्ट, वेटरन इंडियन क्रिकेटर रॉजर बिन्नी के बेटे हैं. लोग कहते हैं कि बीसीसीआई सिलेक्टर्स के आदित्य को ठुकराने के फैसले ने उन्हें सिनेमा की तरफ़ झोंकने में बड़ा रोल निभाया था. लेकिन इस दावे पर आदित्य ने अपनी तरफ़ से कभी कुछ नहीं बताया है.

# प्रियदर्शन की वजह से फिल्ममेकिंग का शौक जगा
05 सितंबर 2006. आदित्य आज भी इस डेट को भूले नहीं हैं. 20 साल पहले इसी दिन उन्होंने मुंबई में पहली बार कदम रखा था. लाखों अन्य लोगों की तरह उनके भी ढेरों सपने थे. पर दूसरी तरफ़ वो हर अनहोनी के लिए तैयार बैठे थे. उन्हें शुरू से पता था कि सक्सेस का कोई शॉर्टकट नहीं मिलने वाला. इसलिए उनके सामने जो काम आया, वो करते चले गए. शुरुआत उन्होंने रेडियो जॉकी के काम से की थी.
आदित्य को मुंबई लाने में प्रियदर्शन की 'गर्दिश' का भी बड़ा हाथ था. दिल्ली में जब वो क्रिकेट पॉलिटिक्स से धोखा खाकर घर पर बैठे थे, तब किसी ने उन्हें ये फिल्म सजेस्ट की थी. इसमें जैकी श्रॉफ ने एक ऐसे शख्स का रोल किया था, जो पुलिस बनने की तैयारी कर रहा था. लेकिन उसके पिता पर हुआ एक अटैक उसे जुर्म की दुनिया में ले आता है. समय के साथ जैकी फिल्म में एक अंडरवर्ल्ड डॉन बन जाते हैं. यदि आप गौर करें तो आदित्य ने 'धुरंधर' का बेसिक प्लॉटलाइन भी कुछ ऐसा ही रखा है. 'गर्दिश' ने ही आदित्य को फिल्ममेकिंग करने को मोटिवेट किया था. प्रियदर्शन ने एक इंटरव्यू में कहा भी है,
"मुझे बहुत गर्व होता है जब आदित्य धर जैसे टैलेंटेड फिल्ममेकर ये कहते हैं कि वो मुझे प्रेरित हुए. मैं ये दावा नहीं करता कि मैंने बहुत महान फिल्में बनाई हैं. मैं अजीब फिल्में बनाई हैं मगर ऐसी भी बनाई हैं, जिसने आदित्य जैसे फिल्ममेकर को इन्सपायर किया है."

# हर दरवाजे पर जाकर काम मांगा
आदित्य को इतना समझ आ चुका था कि रेडियो जॉकी की नौकरी करते हुए वो फिल्ममेकर तो नहीं बन पाएंगे. इसलिए उन्होंने थोड़े पैसे बचाए और एक दिन उस जॉब को लात मार दिया. जॉब छोड़ने के बाद उन्होंने पहले दिन से ही खूब पापड़ बेलने शुरू कर दिए. वो हर सुबह उठते. हाथ-मुंह धोते. फिर हर प्रोडक्शन हाउस पर जाकर दरवाजा खटखटाते. काम तो मिल नहीं रहा था, उपर से आदित्य की सेविंग्स भी खत्म होने लगीं. वो बताते हैं कि उन दिनों प्रोडक्शन हाउस स्ट्रगलर्स को पानी तक नहीं पूछते थे. इसलिए उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था.
एक दिन वो मुंबई के सैंटाक्रूज़ इलाके में थे. तभी किसी ने उन्हें बताया कि GS एंटरटेनमेंट नाम की कंपनी में एक आदमी की ज़रूरत है. थके-हारे आदित्य जब वहां पहुंचे तो उन्हें काम देने से साफ़ मना कर दिया गया. वो वहां से निकल ही रहे थे कि पास में विधु विनोद चोपड़ा का प्रोडक्शन हाउस दिखाई दिया. आदित्य पहले ही अनगिनत जगहों पर मुंह की खा चुके थे. इसलिए उन्होंने सोचा कि एक और सही. वो उस प्रोडक्शन हाउस में घुसे और रिसेप्शन पर जाकर नौकरी मांगने लगे. तंगी ऐसी थी कि वो इंटर्न वाला काम भी करने को तैयार हो गए थे.

उनकी जिद्द देखकर रिसेप्शनिस्ट ने उन्हें असिस्टेंट डायरेक्ट मिथुन गंगोपाध्याय के पास भेजा. मिथुन ने विधु विनोद चोपड़ा को साल भर पहले ही जॉइन किया था. वो अमिताभ बच्चन की 'एकलव्य: द रॉयल गार्ड' मूवी में असिस्ट कर चुके हैं. आसार है कि जब आदित्य उनसे मिले, तब भी वो इसी फिल्म पर काम कर रहे थे. आदित्य ने विधु विनोद के यहां मिथुन से पूछा कि क्या उनके पास कोई नौकरी है? इत्तेफाक से वहां काम कर रहे एक असिस्टेंट डायरेक्टर को एक फिल्म स्कूल में एडमिशन मिल गया था. इसलिए वो अपना बोरिया-बिस्तर बांधकर निकलने की तैयारी में था. उसकी जगह किसी नए आदमी की ज़रूरत थी.
बस, आदित्य ने अपनी दावेदारी ठोक दी. बाद में उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान इसे किस्मत का खेल बताया. उनका मानना है कि वो लक के कारण सही समय पर सही समय पहुंच गए, वरना वो नौकरी भी हाथ से जाने वाली थी. जो भी हो, आदित्य बताते हैं कि उन्होंने विधु विनोद चोपड़ा के यहां बतौर असिस्टेंट अपने करियर की शुरुआत की थी. 2006 में विधु अमिताभ और संजय दत्त की 'एकलव्य' डायरेक्ट कर रहे थे. आदित्य ने इसमें उन्हें असिस्ट किया था. लेकिन इसका क्रेडिट उन्हें कभी नहीं मिला. ये अलग बात है कि बाद में उन्होंने संजय दत्त को ‘धुरंधर’ में डायरेक्ट किया.
# असिस्टेंट डायरेक्टर बनकर जीना हुआ मुश्किल
उन दिनों असिस्टेंट डायरेक्टर्स को राई बराबर सैलेरी मिल रही थी. इसलिए आदित्य बड़ी मुश्किल से अपना घर-बार चला रहे थे. धीरे-धीरे उन्हें समझ आया कि इस काम से भी पेट नहीं पलने वाला. इसलिए उन्होंने बतौर लिरिक्स और डायलॉग राइटर अपना पैर पसारना शुरू कर दिया. इस दौरान उनके साथ लगी कबीर खान की 'काबुल एक्सप्रेस'. मूवी में अरशद वारसी और जॉन अब्राहम लीडिंग रोल में थे. फिल्म का म्यूजिक राघव सचार ने दिया था और इस सभी गाने लिखे आदित्य धर ने. ये बतौर लिरिक्स राइटर उनको मिला पहला क्रेडिट था. बाद में उन्होंने सुनील शेट्टी-जावेद जाफरी स्टारर 'डैडी कूल' में भी लिरिक्स राइटर का काम किया था.

# एक शॉर्ट फिल्म ने प्रियदर्शन से मिला दिया
'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' से पहले आदित्य एक और नेशनल अवॉर्ड विनिंग कहानी लिख चुके थे. उन्होंने 2009 में 'दृश्यम 2' के डायरेक्टर अभिषेक पाठक के साथ 'बूंद' नाम की शॉर्ट फिल्म लिखी थी. वो उस फिल्म के डायलॉग राइटर और को-डायरेक्टर भी थे. पानी की तंगी पर बनी ‘बूंद’ ने राइटर-प्रोड्यूसर रॉबिन भट्ट को काफी इंप्रेस किया था. आदित्य रॉबिन को अपना मेंटर बताते हैं. इसकी एक बड़ी वजह ये भी है कि रॉबिन ही वो शख्स थे, जिन्होंने 'बूंद' देखने के बाद प्रियदर्शन से आदित्य की सिफारिश की थी. प्रियदर्शन ने बाद में एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि आदित्य की सबसे बड़ी ताकत उनकी भाषा है. उसकी मदद से वो अच्छी कहानी कह सकते हैं. 2009 में प्रियदर्शन के पास आने से पहले तक उन्होंने जिन प्रोजेक्ट्स पर काम किया था, उनमें से ज्यादातर में उन्हें क्रेडिट नहीं दिया गया था. इसलिए वो कुछ साबित करना चाहते थे.

आदित्य अगले तीन सालों तक प्रियदर्शन के पास असिस्टेंट डायरेक्टर की हैसियत से काम करते रहे. इस दौरान उन्होंने 'आक्रोश' और 'तेज़' के लिए डायलॉग्स लिखे. 'तेज़' तो धीमी रह गई लेकिन 'आक्रोश' की सोशल कमेंट्री को लोगों ने काफी पसंद किया था. फिल्म में अजय देवगन के अलावा अक्षय खन्ना भी थे. वही अक्षय खन्ना, जिन्हें सालों बाद आदित्य ने 'धुरंधर' से भयंकर वायरल कर दिया है. फिल्म के एक सीन में अक्षय का किरदार सैलून में बाल कटवाने जाता है. वहां एक नेता बैठा है जो अव्वल दर्जे का जातिवादी है. सामने टीवी पर इंडिया का क्रिकेट मैच चल रहा है. अचानक इंडिया की टीम एक विकेट लेती है और सभी झूम उठते हैं. इस पर अक्षय खन्ना आदित्य धर का लिखा डायलॉग कहते हैं,
"नेताजी, ये जिसने बॉल करी है न, ये मुसलमान है. और जिसने कैच पकड़ी है वो दलित. उन दोनों को जो गले लगा रहे हैं, उनमें ब्राह्मण भी हैं, सिख भी हैं, क्षत्रिय भी हैं. काश हम क्रिकेट से कुछ सीख पाते."

# 2009 में डायरेक्ट करने वाले थे पहली मूवी
प्रियदर्शन को असिस्ट करने के दौरान आदित्य को थोड़ा-बहुत सीरियस काम मिलने लगा था. मगर वो इतना नहीं था कि कोई उन्हें नोटिस करे. आदित्य बताते हैं कि 2009 में पहली बार ऐसा मौका आया था जब उन्हें बतौर डायरेक्टर एक फिल्म डायरेक्ट करने का मौका मिला. मगर वो मूवी शुरू होने से पहले ही बंद हो गई. फिर वो विशाल भारद्वाज के साथ काम करने वाले थे. मगर उस मूवी पर बात नहीं बन पाई. हर बार किसी-न-किसी बाहरी कारण से उनका काम फंस जाता था. 2013 में भी उन्हें फिल्म डायरेक्शन का मौका मिला था. मगर तब भी मामला जमा नहीं. एकाध बार तो उनकी मूवी को शूटिंग शुरू होने से 15 दिन पहले भी बंद कर दिया गया. आदित्य बताते हैं,
"स्ट्रगल के दिनों में कुछ मौके ऐसे भी आए, जब मेरी लिखी स्क्रिप्ट लोगों ने चुरा ली. बाद में उन पर 100-100 करोड़ की फिल्में बना दी गईं."
# पाकिस्तानी एक्टर के साथ बनाने वाले थे पहली फिल्म
साल 2016 में आदित्य अपनी पहली मूवी डायरेक्ट करने के बहुत करीब पहुंच गए थे. 'रात बाकी' नाम की उस फिल्म को करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस प्रोड्यूस कर रही थी. कटरीना कैफ जैसी चर्चित एक्ट्रेस उसमें लीडिंग रोल प्ले कर रही थीं. फिर दिक्कत कहां हुई? दिक्कत हुई फिल्म के लीड एक्टर पर. हुआ ये कि उस मूवी में पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान को कास्ट किया गया था. 2016 के अंतिम महीने में फिल्म की शूटिंग शुरू होने वाली थी. मगर सितंबर में पाकिस्तानी आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर के उरी बेस कैंप पर हमला कर दिया. उस अटैक में हमारे 19 जवान शहीद हो गए थे.

इस बात ने देशभर में लोगों का गुस्सा भड़का दिया. लगे हाथ पाकिस्तानी एक्टर्स को बैन करने की मांग भी होने लगी. इसलिए भारत सरकार ने फैसला किया कि अब किसी भी इंडियन फिल्म में कोई पकिस्तान एक्टर काम नहीं करेगा. लोगों ने धर्मा के ऑफिस पर पत्थर बरसाए और कहा कि वो पाकिस्तानी एक्टर्स वाली 'ऐ दिल है मुश्किल' और 'रात बाकी' को बंद करे. 'ऐ दिल है मुश्किल' तबतक बन चुकी थी. इसलिए सारी मार आदित्य की 'रात बाकी' पर पड़ी. करण जौहर ने तब एक वीडियो मैसेज रिलीज़ करके बताया कि वो पाकिस्तानी एक्टर्स के साथ कभी काम नहीं करेंगे. इस बात ने इंडस्ट्री में ये हवा उड़ा दी कि आदित्य ‘मनहूस’ हैं. वो जिस प्रोजेक्ट से जुड़ते हैं वो बंद पड़ जाता है.

अच्छी बात ये है कि आदित्य ने 'रात बाकी' की उस कहानी का साथ कभी नहीं छोड़ा. 2025 में उन्होंने उस स्क्रिप्ट पर मॉडर्न जमाने के हिसाब से बदलाव किया और एक नई फिल्म बना दी. फिल्म का नाम रखा-'धूम धाम'. इसमें यामी गौतम और प्रतीक गांधी को लीडिंग रोल में कास्ट किया गया था. आदित्य फिल्म के राइटर और प्रोड्यूसर थे.
# उरी हमले ने आदित्य को बेरोजगार कर दिया
उरी के बाद आदित्य पूरी तरह बेरोज़गार हो चुके थे. उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि अब आगे करें तो क्या करें. इस बीच 29 सितंबर 2016 को इंडियन आर्मी ने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक कर दी. ऐसे में उनका फोकस भी इस ऑपरेशन पर शिफ्ट हो गया. धर्मा के ऑफिस में बाकी लोग इस चिंता में थे कि 'रात बाकी' की री-कास्टिंग कैसे की जाए. मगर आदित्य को अपना नया मकसद मिल चुका था. वो ये जानना चाहते थे कि भारत ने ये सर्जिकल स्ट्राइक की कैसे है. धीरे-धीरे वो आर्मी ऑफिसर्स और सरकारी ऑफिसर्स से मिले. मगर सर्जिकल स्ट्राइक की जानकारी इतनी खुफिया थी कि कोई मुंह खोलने को तैयार ही नहीं था. भागा-दौड़ी में आदित्य की सेविंग्स फिर से खत्म होनी लगीं. मगर वो ठान चुके थे कि उनकी पहली मूवी अब सर्जिकल स्ट्राइक पर ही होगी.
# सर्जकल स्ट्राइक के राइट्स के लिए 12 प्रोड्यूसर्स से भिड़े
'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' की रिसर्च के दौरान आदित्य की राधिका नाम से एक असिस्टेंट हुआ करती थी. मगर वो उन्हें भी सैलेरी नहीं दे पा रहे थे. उन्होंने राधिका से बस इतना वादा किया कि जब उनकी फिल्म बन जाएगी, तो सबसे पहले वो उनके पैसे ही चुकाएंगे. इस वादे के साथ वो फिल्म की रिसर्च में लग गए. तभी उन्हें एक ऐसी जानकारी मिली, जिससे उनका सपना चूर-चूर हो सकता था. पता चला कि उनके अलावा 12 अन्य प्रोड्यूसर्स ने भी इंडियन आर्मी से सर्जिकल स्ट्राइक पर मूवी बनाने के लिए कॉन्टैक्ट किया है. हड़बड़ी में आदित्य ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया. रिसर्च मैटेरियल तो उनके पास था ही. बस धड़ाधड़ उन्होंने फिल्म का पूरा स्क्रीनप्ले लिख डाला. ऐसा करने में उन्होंने केवल 12 दिनों का समय लिया. तब वो खुद प्रोडक्शन में नहीं उतरे थे. इसलिए उन्हें जल्द-से-जल्द एक शख्स की ज़रूरत थी, जो उनकी फिल्म पर पैसे लगा सके.

किसी तरह उन्होंने अपनी स्क्रिप्ट RSVP मूवीज़ के रॉनी स्क्रूवाला तक पहुंचाई. रॉनी तब कहीं बाहर जाने के लिए फ्लाइट ले रहे थे. इसलिए वो स्क्रिप्ट पढ़ने में आना-कानी करने लगे. वो आमतौर पर कहानियां पढ़ने के लिए 25-30 दिन का समय लेते हैं. मगर आसपास के दबाव के कारण उन्होंने फ्लाइट में ही 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' की कहानी पढ़ डाली. जबतक उनकी फ्लाइट लैंड हुई, वो फिल्म प्रोड्यूस करने का मन बना चुके थे. इससे आर्मी से कॉन्टैक्ट करने में आसानी हो गई. बाकी 12 प्रोड्यूसर्स इस फिराक में थे कि उन्हें पहले फिल्म के राइट्स मिल जाएं, फिर वो उसकी कहानी लिखेंगे. लेकिन आदित्य पहले ही पूरी स्क्रिप्ट लिखकर तैयारी से पहुंचे थे. इस बात ने आर्मी ऑफिसर्स को काफी इंप्रेस किया और उन्होंने आदित्य को 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' बनाने का जिम्मा दे दिया.
# उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक
रॉनी स्क्रूवाला फिल्म प्रोड्यूस करने को तैयार तो हो गए, मगर उसका बजट लिमिटेड था. ऐसे में आदित्य ने इसे केवल 25-30 करोड़ रुपये में बना दिया. फिल्म का एक बड़ा हिस्सा सर्बिया में शूट हुआ था. ऐसा करने के पीछे कुछ बड़े कारण थे. एक तो सर्बिया कश्मीर से काफ़ी मिलता-जुलता है. दूसरा, वहां भारतीय फिल्मों को शूटिंग के वक्त 25 परसेंट का डिस्काउंट मिलता है. तीसरा, फिल्म के लिए आदित्य को जो हथियार चाहिए थे, वो वहां आसानी से मिल जा रहे थे. इन सबका ध्यान रख उन्होंने मूवी शूट की और केवल 49 दिनों में सारा काम निबटा लिया.
साल 2019 में फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई. यानी आदित्य को अपनी पहली मूवी के लिए 10 साल तक इंतज़ार करना पड़ा. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही और झट से 340 करोड़ से ज्यादा कमा लिए. यही नहीं, आदित्य को अपनी पहली ही फिल्म में बेस्ट डायरेक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिल गया. उनके अलावा शाश्वत सचदेव को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर, विकी कौशल को बेस्ट एक्टर और फिल्म को बेस्ट ऑडियोग्राफी का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था.

# पाकिस्तान में फिल्में बैन करवाने का ज़बरदस्त ट्रैक रिकॉर्ड
'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' को पाकिस्तान समेत गल्फ देशों में बैन कर दिया है. मगर आदित्य के लिए ये कोई नई बात नहीं है. इससे पहले उनकी 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' भी वहां रिलीज़ नहीं हो पाई थी. 'धुरंधर' की तरह उसे भी 'एंटी पाकिस्तान' कहा गया था. इससे फिल्म को काफी बड़ा नुकसान ज़रूर हुआ, मगर आदित्य ने दो टूक कहा,
"मुझे कोई फ़र्क नहीं पड़ता. अगर पाकिस्तानी फैंस एक बार हम पर भरोसा करके ये फिल्म देखते हैं, तो उन्हें भी समझ आ जाएगा कि इसमें पाकिस्तानी जनता के खिलाफ़ किसी ने कुछ नहीं बोला है. जो भी बोला गया है, वो आतंकवाद के खिलाफ़ बोला गया है. अगर वो ये समझ जाएं कि हम आतंकवाद से लड़ रहे हैं, हम कहीं की जनता या किसी खास व्यक्ति के खिलाफ़ नहीं हैं, तो मुझे लगता है कि उन्हें भी ये फिल्म बहुत पसंद आएगी. मैं इस बात से खुश नहीं कि फिल्म पाकिस्तान में रिलीज़ नहीं हो पा रही है. लेकिन मैं इतना ज़रूर कहूंगा कि आप दुनिया में हर किसी की गलतफ़हमी को दूर नहीं कर सकते."

# मोदी सरकार के लिए प्रोपगैंडा करने के आरोप लगे
'धुरंधर' की रिलीज़ के बाद आदित्य पर दोबारा मोदी सरकार के लिए प्रोपगैंडा करने के आरोप लग रहे हैं. ‘दोबारा’ इसलिए क्योंकि इससे पहले उन पर 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' के दौरान भी ऐसे एलिगेशन लगे थे. दरअसल, वो फिल्म जनवरी 2019 में रिलीज़ हुई थी जबकि अप्रैल से लोकसभा चुनाव शुरू हो रहे थे. तब लोगों ने ये आरोप लगाया था कि आदित्य अपनी फिल्म को जानते-बूझते ऐसे समय पर रिलीज़ कर रहे हैं ताकि भाजपा को उसका फायदा पहुंचे. राजीव मसंद के साथ हुए इंटरव्यू में आदित्य इस पर जवाब देते हैं,
"दो बातें हैं. पहली ये कि फिल्म की रिलीज़ डेट प्रोड्यूसर तय करते हैं. वो भी फिल्म के बिजनेस को ध्यान में रखकर, न कि इलेक्शन या किसी पार्टी को देखकर. दूसरी बात ये कि जब आप मेरी फिल्म को खुद देखते हैं, तो वो प्रोपगैंडा नहीं बल्कि एक संतुलित फिल्म निकलती है. मैंने आपको क्रोनोलॉजिकल ढंग से ये बता दिया कि उरी हमले के उन 11 दिनों में क्या हुआ था. अब सर्जिकल स्ट्राइक करने का फैसला मौजूदा सरकार ने लिया तो मैं उसे कैसे इससे हटा दूं? मुझे उसे दिखाना ही पड़ेगा क्योंकि वो फैसला मोडी सरकार ने ही लिया था. मैंने अपनी तरफ़ से एक बैलेंस्ड फिल्म बनाकर दी है. फिर भी अगर किसी को लगे कि ये प्रोपगैंडा है तो ये उनके दिमाग की उपज है."
# ब्लॉकबस्टर डायरेक्टर की सिंपल शादी
आदित्य और यामी गौतम 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' के सेट पर एक-दूसरे से मिले थे. यामी ने मूवी में एक इंडियन एजेंट का रोल किया था. फिल्म प्रमोशन के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए. 2021 में कोविड के दौरान पूरी दुनिया अपने-अपने घरों में बंद हो चुकी थी. ऐसे में आदित्य और यामी ने सोचा कि ब्रेक का इस्तेमाल कर क्यों न शादी कर ली जाए. दोनों सेलिब्रिटी हैं और हमें सेलिब्रिटीज़ को भारी-भरकम शादी करते देखने की आदत है. मगर यामी और आदित्य ने बिल्कुल सिंपल शादी की. दरअसल, आदित्य शुरुआत से ही दोनों तरफ़ के परिवार वालों को किसी तरह का फाइनेंशियल बोझ नहीं देना चाहते थे. इसलिए वो एक सादा-सिम्पल शादी करने के पक्ष में थे. उनकी शादी में दोनों तरफ़ से छह-छह लोग थे. बाकी तीन वर-वधू और पंडित थे.

# 'अश्वत्थामा' की स्क्रिप्ट लिखने के लिए 6 महीने तक फर्श पर सोए
आदित्य 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' के बाद अपने भाई लोकेश के पास यूएस जा रहे थे. अभी-अभी उन्होंने एक ब्लॉकबस्टर मूवी दी थी. इसलिए उन्हें उम्मीद थी कि अमेरिका में उनकी खूब खातिरदारी की जाएगी. पर हुआ इसके ठीक उलट. खातिरदारी तो छोड़िए, लोकेश ने आदित्य को पानी तक नहीं पूछा. उन्होंने अपने ड्रॉइंग रूम के फर्श पर एक गद्दा बिछाया. फिर आदित्य की तरफ़ घूमे और कहा-"अब तुम यही सोओगे और यहीं बैठकर अश्वत्थामा की स्क्रिप्ट लिखोगे." हर सुबह आदित्य उठते, तैयार होते और अपनी स्क्रिप्ट लिखते. अगले छह महीनों तक लोकेश ने आदित्य को ज़मीन पर ही सुलाया. ऐसा इसलिए क्योंकि वो नहीं चाहते थे कि 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' की सक्सेस आदित्य के मत्थे चढ़े.

# आदित्य का वो ड्रीम प्रोजेक्ट जो कभी बन नहीं पाया
'द इम्मॉर्टल अश्वत्थामा' आदित्य धर का ड्रीम प्रोजेक्ट है. वो 2019 के बाद ही इस पर तन-मन से जुट गए थे. 'महाभारत' से प्रेरित इस हाइटेक मॉडर्न सुपरहीरो फिल्म में विकी कौशल लीड रोल करने वाले थे. 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' की तरह इसे भी रॉनी स्क्रूवाला की RSVP मूवीज़ प्रोड्यूस कर रही थी. 11 जनवरी 2021 को आदित्य ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्टर डालकर फिल्म अनाउंस कर डाली. दूसरी तरफ़ विकी ने अपने कैरेक्टर में ढलने के लिए फिजिकल ट्रेनिंग शुरू कर दी. ‘अश्वत्थामा’ प्रोजेक्ट को भारतीय सिनेमा की 'नेक्स्ट बिग थिंग' की तरह देखा जाने लगा. मगर फिर अचानक पूरा मामला ठंडा पड़ गया.

खबर आई कि रॉनी स्क्रूवाला ने फिल्म के भारी-भरकम बजट को फंड करने से मना कर दिया है. ऐसे में आदित्य पैसों के लिए जियो स्टूडियोज़ के पास पहुंचे. पर वो भी इसके लिए आना-कानी करने लगे. अफ़वाह उड़ी कि मेकर्स विकी कौशल को लीडिंग रोल से हटाना चाहते थे. ऐसा इसलिए क्योंकि उस वक्त उन्हें बैंकेबल स्टार नहीं माना जाता था. चर्चा हुई कि मेकर्स इसे अल्लू अर्जुन के साथ बनाना चाहते हैं. मगर उन्होंने फिल्म के रिस्क को देखकर इसे मना कर दिया. बाद में आदित्य ने खुद ही फिल्म को शेल्व करने की घोषणा कर दी. उन्होंने बताया कि इस फिल्म को बनाने के लिए काफी अडवांस वीएफ़एक्स चाहिए. उस किस्म की टेक्निक और फंडिंग फ़िलहाल भारत में नहीं है. इसलिए प्रोजेक्ट को रोक दिया गया है. और इस तरह आदित्य की एक और मूवी शुरू होने से पहले ही बंद पड़ गई. इस चक्कर में आदित्य के पांच साल बर्बाद हुए, सो अलग. लेकिन ‘धुरंधर' की सक्सेस के बाद कहा जा रहा कि आदित्य इस प्रोजेक्ट पर दोबारा काम शुरू कर सकते' हैं.
# कैसा बना ‘धुरंधर’?
जुलाई 2024 में छह लोगों की तस्वीरों वाला एक ब्लैक एंड वाइट कोलाज इंटरनेट पर भयंकर वायरल हो गया. ये छह लोग थे रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और आदित्य धर. इस कास्ट को देखते ही लोग समझ गए कि आदित्य कुछ तो नेक्स्ट लेवल करने वाले हैं. उन्होंने फैंस से वादा किया था कि वो सिनेमा को बदलकर रख देंगे. आज डेढ़ साल बाद 'धुरंधर' फ्रैंचाइज़ के रूप में लोगों ने उस वादे को पूरा होते देखा है.

आदित्य ने इस फ्रैंचाइज़ को अपनी B62 स्टूडियो और जियो स्टूडियोज़ की पार्टनरशिप में बनाया है. इस पूरे प्रोजेक्ट का बजट 250 करोड़ रुपये है. बताया जा रहा है कि फिल्म अपनी तय लागत से ज्यादा महंगी बन गई थी. ऐसे में रणवीर और आदित्य एक्स्ट्रा खर्च का पैसा अपनी जेब से दिया. वैसे, आदित्य पहले ‘धुरंधर’ को केवल एक पार्ट में बनाना चाहते थे. मगर शूटिंग के बाद मूवी 8 घंटे की बन गई. मजबूर होकर उन्हें इसे दो पार्ट में रिलीज़ करना पड़ा. अनजाने में लिया गया ये फैसला उन्हें हद से ज्यादा फायदा देकर गया है.
दिसंबर 2025 को रिलीज़ हुए पहले पार्ट ने बॉक्स ऑफिस पर 1300 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन कर लिया. इंटरनेट पर हर तरह इसकी चर्चा होने लगी. लोग मीम्स बनाकर आदित्य धर की पीक डिटेलिंग की तारीफ़ करने लगे. लगे हाथ उन्होंने अनाउंस किया कि वो सेकेंड पार्ट तीन महीने बाद यानी 19 मार्च को रिलीज़ करेंगे. इतना कहना भर था कि सलमान खान, अजय देवगन और अक्षय कुमार समेत आधा दर्जन अन्य एक्टर्स अपनी फिल्मों की डेट महीने-दो महीने पोस्टपोन करने लगे. हॉलीवुड फिल्म ‘प्रोजेक्ट हेल मैरी’ भी भारत में हफ़्ते भर के लिए पोस्टपोन हो गई. हर तरफ़ फिल्म की मांग बढ़ने लगी. इतनी कि मेकर्स ने 18 मार्च को ही फिल्म का पेड प्रिव्यू रख दिया. अडवांस बुकिंग में फिल्म ने 200 करोड़ रुपये की टिकटें बेच डाली थीं. वीकेंड खत्म होने तक ये लगभग 700 करोड़ रुपये कमा चुकी थी. रिलीज़ के सात दिनों के भीतर ही इसने 1 हजार करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है. सिनेमा के बड़े-बड़े रिकॉर्ड थर-थर अब ‘धुरंधर 2’ से कांपने लगे हैं.

# सक्सेस के बाद सबसे पहले अपने गुरु को याद किया
डायरेक्टर प्रियदर्शन आदित्य को अपना सबसे अच्छा स्टूडेंट बताते हैं. वो 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' की रिलीज़ के बाद कॉल पर आदित्य को बधाई देते हुए इमोशनल हो गए थे. 'धुरंधर 2' की रिलीज़ से पहले भी प्रियदर्शन ने इंस्टाग्राम पर एक पुरानी तस्वीर के ज़रिए उन्हें अपना आशीर्वाद भेजा था.

आदित्य भी इन बातों की रिस्पेक्ट करते हैं. 'धुरंधर' का ट्रेलर भी उन्होंने बाकी दुनिया से पहले प्रियदर्शन को ही दिखाया था. वो उनके सेट पर अपनी फिल्म के लिए फीडबैक मांगने गए थे. प्रियदर्शन कहते हैं कि जब लोग आदित्य के काम की तारीफ़ करते हैं तो उन्हें एक पिता की तरह की खुशी महसूस होती है. वो बताते हैं कि आदित्य ऐसी तगड़ी सक्सेस के बाद भी बिल्कुल नहीं बदले हैं. वेटरन एक्टर राकेश बेदी भी उनसे इत्तेफाक रखते हैं. उनके मुताबिक, 'धुरंधर' की रिलीज़ के बाद जब पूरा देश आदित्य की तारीफ़ कर रहा था, वो हिमाचल के किसी सुदूर इलाके में सुस्ताने चले गए.
वीडियो: रजनीकांत ने 'धुरंधर 2' को बताया 'बॉक्स ऑफिस का बाप', आदित्य धर ने क्या कहा?






















