Aamir Khan ने बेटे Junaid Khan और Sai Pallavi की फिल्म Ek din की Script दोबारा क्यों लिखी? Avengers: Doomsday को मात देने के लिए Dune 3 वालों ने क्या चाल चली? Dhurandhar 2 के रिलीज़ के हफ्तों बाद Aditya Dhar के B62 Studios पर Case क्यों हो गया? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
बेटे जुनैद की फिल्म का क्लाइमैक्स पसंद नहीं आया, तो आमिर खान ने ख़ुद लिख डाली नई एंडिंग
आमिर 'एक दिन' के कुछ गानों पर भी असहमत थे. मगर स्क्रिप्ट में कमज़ोरी उन्हें मंज़ूर ही नहीं थी.


# आमिर खान ने दोबारा लिखा 'एक दिन' का क्लाइमैक्स
आमिर खान के बेटे जुनैद खान और साई पल्लवी की फिल्म 'एक दिन' आने वाली है. आमिर के चचेरे भाई मंसूर खान इसके को-प्रोड्यूसर हैं. वैरायटी इंडिया से चर्चा में उन्होंने बताया कि आमिर इस फिल्म के क्लाइमैक्स से खुश नहीं थे. इसलिए उन्होंने ख़ुद नया क्लाइमैक्स लिखा. और पूरी टीम उनसे सहमत हुई. आमिर 'एक दिन' के कुछ गानों पर भी असहमत थे. मगर स्क्रिप्ट में कमज़ोरी उन्हें मंज़ूर ही नहीं थी. सुनील पांडे इस फिल्म के डायरेक्टर हैं. ये 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
# 'एवेंजर्स: डूम्सडे' को मात देने के लिए 'ड्यून 3' वालों ने चली चाल
'एवेंजर्स: डूम्सडे और 'ड्यून 3'. वर्ल्ड सिनेमा की दो बेहद पॉपुलर और बहुत बड़ी फिल्में. ये दोनों 18 दिसंबर को रिलीज़ होने जा रही हैं. यानी दोनों के बीच तगड़ा क्लैश तय है. मगर 'ड्यून 3' वालों ने जो स्ट्रेटजी अपनाई है, उससे 'एवेंजर्स: डूम्सडे' को नुकसान हो सकता है. डेडलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, टीम 'ड्यून 3' ने अभी से, यानी 8 महीने पहले से ही फिल्म के IMAX 70mm वर्जन की टिकटों की सेल शुरू कर दी है. फिलहाल अडवांस बुकिंग नॉर्थ अमेरिका और लंदन के 19 IMAX थिएटर्स में शुरू हुई है. ये सेल ओपनिंग वीकेंड के लिए रखी गई थी. और सारे टिकट मिनटों में ही सोल्ड आउट हो गए. मज़ेदार बात ये भी है कि जिन्होंने 'ड्यून 3' के टिकट खरीद लिए हैं, वो इसे रीसेल करने लगे हैं. फिल्म की डिमांड इस कदर है कि eBay जैसी साइट्स पर इसके टिकट 4500 डॉलर यानी 4 लाख 17 हज़ार रुपये तक में बिकने के लिए लिस्टेड हैं. ट्रेड को उम्मीद थी कि दोनों में से कोई एक फिल्म रिलीज़ डेट बदल लेगी. मगर 'ड्यून 3' ने अपने इस कदम से लीड ले ली है. अब बात करते हैं 'एवेंजर्स' की. 'एवेंजर्स: एंड गेम' के बाद मार्वल की ज्यादातर फिल्मों को सुस्त रिस्पॉन्स मिला. ऊपर से 'ड्यून 3' के IMAX पर कब्ज़े से टीम और प्रेशर में होगी. अब उनके पास दो रास्ते हैं. अव्वल ये, कि यदि वो 'डूम्सडे' को 18 दिसंबर को रिलीज़ करना चाहते हैं, तो जल्द से जल्द अडवांस बुकिंग शुरू कर दें. और दूसरा ये कि वो नई रिलीज़ डेट तलाशें. ट्रेड का मानना है कि मार्वल वालों को अपनी फिल्म 11 दिसंबर को रिलीज़ कर देनी चाहिए. ये स्लॉट पहले 'जुमानजी 3' वालों के पास था. मगर अब वो फिल्म 25 दिसंबर को रिलीज़ होगी.
# वापसी कर रही हिमेश-सूरज बड़जात्या की जोड़ी
साल 2015 में आई सलमान खान स्टारर फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' के गाने हिट रहे. म्यूजिक हिमेश रेशमिया का था. अब सूरज बड़जात्या की अगली फिल्म 'ये प्रेम मोह माया है' में भी हिमेश का ही म्यूजिक सुनने को मिलेगा. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक हिमेश ने इस फिल्म के लिए सात गाने कम्पोज़ किए हैं. ये सभी अर्बन क्राउड के साथ छोटे शहरों और कस्बों को ध्यान में रखते हुए बनाए गए हैं. आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ इस फिल्म के लीड एक्टर्स हैं. उनके अलावा अनुपम खेर, सीमा पाहवा, सुप्रिया पाठक और स्वानंद किरकिरे भी इसमें ज़रूरी किरदारों में नज़र आएंगे.
# 'धुरंधर 2' में 'ओए ओए' गाने के लिए आदित्य धर पर केस
'धुरंधर 2' के क्लाइमैक्स में जमील जमाली वाले सीन में 'ओए-ओए...' गाना बजता है. ये 'त्रिदेव' फिल्म का गाना है. ये फिल्म बनाने वाली कंपनी त्रिमूर्ति फिल्म्स ने आदित्य धर की कंपनी B62 स्टूडियोज़ के खिलाफ़ केस कर दिया है. बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, ओरिजनल मेकर्स का कहना है कि 'ओए ओए' के म्यूजिक और साउंड रिकॉर्डिंग पर उनका अधिकार है. उनका आरोप है कि 'धुरंधर 2' के मेकर्स ने बिना इजाज़त इस गाने का इस्तेमाल किया. इसलिए उन्होंने कॉपीराइट के उल्लंघन का आरोप लगाया है. और कोर्ट से मांग की है कि वो इस गाने के इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए. साथ ही त्रिमूर्ति फिल्म्स के अब तक हुए नुकसान की भरपाई भी करवाई जाए. इस मामले में अब तक आदित्य धर की तरफ़ से कोई बयान नहीं आया है.
# प्रभास और संदीप रेड्डी ने अल्लू सिनेमाज़ में देखी 'धुरंधर 2'
प्रभास और संदीप रेड्डी वांगा की एक तस्वीर इंटरनेट पर वायरल है. ये तस्वीर 'स्पिरिट' के सेट की नहीं, बल्कि एक सिनेमाघर की है. और ये फैन्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की है. दरअसल प्रभास और संदीप रेड्डी ने 8 अप्रैल की रात हैदाराबाद स्थित अल्लू सिनेमाज़ में 'धुरंधर 2' देखी. एंड क्रेडिट्स के समय जब हॉल की लाइट्स जलीं, तब फैन्स ने प्रभास और संदीप रेड्डी की तस्वीरें क्लिक कर लीं. लोग इन दोनों के इस जेश्चर के साथ प्रभास के नए लुक की भी तारीफ़ कर रहे हैं. तस्वीरों में प्रभास पहले से फिट नज़र आ रहे हैं.
# 10 अप्रैल का री-रिलीज़ होगी सलमान की 'सनम बेवफ़ा'
सलमान खान के करियर की शुरुआती फिल्म 'सनम बेवफ़ा' एक बार फिर सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक ये 10 अप्रैल यानी कल लगेगी. इस बारे में ट्रेड से जुड़े लोगों का कहना है कि 'धुरंधर 2' की रफ्तार अब धीमी हो गई है. इधर अक्षय की 'भूत बंगला' एक हफ्ते आगे बढ़ कर 17 अप्रैल को आ रही है. ऐसे में एक फिल्म की स्पेस बन रही थी. बताया जा रहा है फरवरी में री-रिलीज़ हुई सलमान की 'तेरे नाम' को मिला रिस्पॉन्स देखते हुए उनकी एक और फिल्म दोबारा रिलीज़ की जा रही है.
वीडियो: आमिर खान ने सुनील ग्रोवर की कभी एक्टिंग का उड़ाया था मजाक, अब की तारीफ!





















