The Lallantop

तमिलनाडु: विजय आज लेंगे CM पद की शपथ, राज्यपाल ने सरकार बनाने की मंजूरी दी

Vijay Thalapathy Oath: शपथ ग्रहण समारोह में Rahul Gandhi भी मौजूद रहेंगे. Tamil Nadu में कुल 234 विधानसभा सीटें हैं. विजय को बहुमत के लिए 118 विधायक चाहिए. TVK ने चुनाव में 108 सीटें जीती थीं, लेकिन विजय खुद दो सीटों पर जीते थे. विजय को एक सीट छोड़नी होगी.

Advertisement
post-main-image
विजय को राज्यपाल ने सरकार बनाने की मंजूरी दे दी. (फोटो- इंडिया टुडे)

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में थलपति विजय आज यानी रविवार, 10 मई को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कझगम' (TVK) ने बहुमत के लिए जरूरी विधायकों का समर्थन जुटाने का दावा किया. इसके बाद राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने जोसेफ विजय को सरकार बनाने की मंजूरी दे दी. चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह होगा. इसमें कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत नई सरकार में शामिल पार्टियों के राजनेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

जोसेफ विजय लगभग 59 साल बाद तमिलनाडु के पहले गैर-द्रविड़ मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. अभी आधिकारिक जानकारी नहीं है कि उनके कैबिनेट में कितने मंत्रियों की शपथ भी आज ही होगी. बहुमत जुटाने के लिए जोसेफ विजय को काफी मेहनत करनी पड़ी.

तमिलनाडु की राजनीति में शनिवार, 9 मई का दिन किसी फिल्म स्क्रिप्ट की तरह रहा. कहानी के केंद्र में थे TVK के नेता विजय. दिनभर कभी नंबर पूरे होने की खबर, कभी रिसॉर्ट की राजनीति, कभी समर्थन पत्र पर विवाद, तो कभी विजय के लोकभवन जाने की चर्चा होती रही.

Advertisement

करीब 24 घंटे तक चले सस्पेंस के बाद आखिरकार TVK के मुखिया विजय 9 मई की देर शाम राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिले और नंबर पूरे होने के दावे के साथ सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया. राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने की मंजूरी दे दी.

tamil nadu oath
तमिलनाडु लोकभवन की प्रेस रिलीज. (ITG)

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, विजय की पार्टी TVK को विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) का ‘बिना शर्त’ समर्थन भी मिल गया. इसके बाद TVK ने दावा किया कि उसे गठबंधन का बहुमत मिल गया है.

विजय ने 118 विधायकों का आंकड़ा जुटाया

तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं. विजय को बहुमत के लिए 118 विधायक चाहिए. TVK ने चुनाव में 108 सीटें जीती थीं, लेकिन विजय खुद दो सीटों पर जीते थे. विजय को एक सीट छोड़नी होगी, जिससे TVK के पास 107 सीटें रह जाएंगी.

Advertisement

कांग्रेस के 5 विधायक, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के 2, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (CPI(M)) के 2, VCK के 2 और IUML के 2 विधायक मिलाकर TVK ने अपने पाले में कुल 120 विधायकों के समर्थन का दावा किया है. लेकिन TVK के लिए यहां तक पहुंचना कतई आसान नहीं था.

लोकभवन की दौड़

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार, 9 मई की सुबह विजय अपने फोरशोर एस्टेट वाले घर से लोकभवन के लिए निकले थे. लेकिन बीच रास्ते में उन्हें बताया गया कि राज्यपाल ने मिलने का समय ही नहीं दिया है. जिसके बाद विजय को वापस अपने घर लौटना पड़ा था. कुछ देर बाद फिर लोकभवन की ओर से बताया गया कि विजय को मुलाकात के लिए समय दे दिया गया है. ऐसा बताया जा रहा है कि इसी वजह से राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने अपना केरल दौरा भी कैंसिल कर दिया. इसके बाद विजय दोबारा लोकभवन राज्यपाल से मिलने पहुंचे. 

शाम के समय TVK को अच्छी खबर मिली. वो थी VCK के प्रमुख थोल थिरुमावलवन और IUML के राष्ट्रीय अध्यक्ष के.एम. कादर मोहिद्दीन की ओर से मिला समर्थन. दोनों ही नेताओं ने समर्थन पत्र भी जारी कर दिए हैं.

IUML ने भी इंतजार कराया

इससे पहले IUML (इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग) की तरफ से भी दिनभर संकेत वाला खेल चलता रहा. पहले कादर मोहिद्दीन ने कहा था कि उनकी पार्टी ‘द्रविड़ मुनेत्र कझगम’ (DMK) वाले गठबंधन में मजबूती से बनी हुई है और TVK को कोई समर्थन नहीं दिया गया है. लेकिन बाद में IUML नेताओं ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मुलाकात की और उसके बाद TVK को अपना समर्थन दे दिया. बातचीत से जुड़े नेताओं का कहना है कि IUML नेताओं ने साफ कहा था कि DMK की रजामंदी के बिना वे समर्थन नहीं दे सकते हैं.

शुक्रवार, 8 मई की रात को तो मामला पूरी तरह से उलझकर रह गया था. शुक्रवार को शाम के वक्त वाम पार्टियों के समर्थन के बाद लग रहा था कि विजय की सरकार बन जाएगी या लगभग तय मानी जा रही थी. लेकिन रात होते-होते सारा गेम ही पलट गया. VCK ने भी फौरन समर्थन नहीं दिया और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (AMMK) के एक विधायक के समर्थन पर बड़ा विवाद छिड़ गया था.

वीडियो: दिलजीत दोसांझ को फैंस ने क्या अपील कर दी?

Advertisement