भारत के पूर्व चुनाव आयुक्त जीवीजी कृष्णमूर्ति पिछले करीब 27 साल के उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रहते हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट
मुताबिक एक बार फिर उनका नाम वोटर लिस्ट में नहीं था. एक बार फिर इसलिए लिखा जा रहा है क्योंकि इससे पहले भी कई बार उनके साथ यह दिक्कत आई है. 10 अप्रैल की शाम तक तक इनका नाम वोटर लिस्ट में नहीं था. ऐसे में चुनाव के दिन इनका नाम वोटर लिस्ट में जुड़ना असंभव सा ही लगता है.
सिर्फ कृष्णमूर्ति नहीं हैं जिनके साथ ऐसा हुआ है. सीएनबीसी के रिपोर्टर रोहन सिंह ने ट्वीट करके बताया है कि मारुति के चेयरमैन आरसी भार्गव का नाम भी वोटर लिस्ट में नहीं है. इस ट्वीट को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी रीट्वीट किया है. भार्गव तो अपना वोट भी नहीं डाला सके.

स्क्रीनशॉट देखिए.
भार्गव गौतम बुद्ध नगर में रहते हैं. नोएडा में 11 अप्रैल को ही चुनाव हो रहे हैं. वोटर लिस्ट में नाम न होने के कारण भार्गव वोट नहीं कर सके.
एक और उदहारण देखिए. अपोलो हॉस्पिटल्स की वाईस चेयरपर्सन शोभना कामिनी का नाम भी वोटर लिस्ट में नहीं है. शोभना तेलंगाना से हैं. शोभना की एक वीडियो ट्विटर पर शेयर हो रही है जिसे अब तक 30 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं. इस वीडियो में शोभना बता रही हैं- मैं बिजनेस ट्रिप छोड़कर वोट करने आई. यहां आकर पता चला कि मेरा तो नाम ही नहीं है. क्या मैं भारतीय नहीं हूं? क्या मेरा वोट जरूरी नहीं है? नवंबर में इसी बूथ से मैंने विधानसभा चुनावों के लिए वोटिंग की थी. भारतीय नागरिक के रूप में यह मेरे लिए एक क्राइम की तरह है. इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है. वीडियो देखिए.
2015 में गोमांस रखने के शक में भीड़ द्वारा मार दिए गए अखलाक के परिवार का नाम भी वोटर लिस्ट से गायब है. पहले इस तरह की खबरें आई थीं कि ग्रेटर नोएडा के बिसहाड़ा गांव में अखलाक के पूरे परिवार का नाम वोटर लिस्ट से गायब है. बाद में पता रिपोर्ट्स आईं कि अखलाक का परिवार बिसाहड़ा से शिफ्ट कर चुका है. बिसाहड़ा में परिवार का कोई नहीं रहता. इसलिए वहां के वोटर लिस्ट में उनके परिवार के किसी का भी नाम नहीं है.
कैसे चेक करें वोटरलिस्ट में अपना नाम?
सबसे पहले नेशनल वोटर्स सर्विस पोर्टल की ऑफिशियल वेबसाइट
पर जाएं. यहां अपना नाम, पापा या पति का नाम, जन्मतिथि, जिला आदि के डिटेल्स से या वोटर आईडी कार्ड नंबर से भी खोज सकते हैं कि आपका नाम लिस्ट में है या नहीं. इस संबंध में किसी भी जानकारी के लिए आप निर्वाचन आयोग की टोल फ्री नंबर 1800111950 पर बातचीत कर सकते हैं.
वीडियो- पहली बार वोट देने जा रही इस लड़की ने बताया, क्यों ज़रूरी है वोटिंग?











