तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि भवानीपुर में काउंटिंग सेंटर के अंदर उनसे 'मारपीट' की गई थी. बंगाल चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद ममता बनर्जी ने ये आरोप लगाए. इस चुुनाव में उन्हें हार मिली है. लेकिन ममता बनर्जी का कहना है कि बीजेपी ने ‘धोखे से’ 100 सीटों पर जीत दर्ज की. वो चुनाव हारी नहीं हैं. उन्हें हराया गया है. ममता ने बंगाल में तैनात केंद्रीय बलों पर भी गंभीर आरोप लगाए. कहा कि वे ‘बीजेपी के गुंडों’ की तरह काम कर रहे थे.
सच में ममता बनर्जी को लात मारी गई? बंगाल के CEO मनोज अग्रवाल का जवाब आया
ममता बनर्जी ने दावा किया है कि बीजेपी अपने 200 से ज्यादा 'गुंडों' के साथ भवानीपुर के काउंटिंग सेंटर पहुंच गई थी. वहां टीएमसी के पोलिंग एजेंट्स को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा था.


मंगलवार, 5 मई को टीएमसी प्रमुख ने दावा किया,
“बीजेपी अपने 200 से ज्यादा गुंडों के साथ भवानीपुर के काउंटिंग सेंटर पहुंच गई थी. वहां टीएमसी के पोलिंग एजेंट्स को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा था. जब मुझे इसकी जानकारी मिली तो मैं भी सेंटर के लिए निकली. लेकिन मेरी कार को रोक दिया गया. मुझे दूसरे रास्ते से पहुंचना पड़ा. मैं काउंटिंग एजेंट्स के साथ कुछ देर के लिए सेंटर के अंदर भी गई. वहां मेरे साथ मारपीट की गई. मेरे पेट पर लात मारी गई.”
अब इस पूरे विवाद पर बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) मनोज अग्रवाल ने जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि अगर ममता बनर्जी शिकायत कर रही हैं तो सब कुछ CCTV में रिकॉर्ड होगा. लेकिन इस मामले में किसी को शिकायत करनी होगी. अग्रवाल ने कहा,
किसी को पीटा गया हो ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है. आजकल हर जगह CCTV होता है. अगर ऐसा कुछ हुआ होता तो उसकी शिकायत भी होती और सबूत भी सामने आते. क्या कोई शिकायत दर्ज हुई है?
बीजेपी के लिए काम करने के आरोप पर मनोज अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने जनता के लिए काम किया है. वो यहां किसी पार्टी के लिए काम करने नहीं आए हैं. अग्रवाल ने कहा,
मैं UPSC पास करके अपनी मेहनत और मेरिट के आधार पर यहां आया हूं. मैं किसी की नियुक्ति से नहीं आया हूं. हमारा काम जनता की सेवा करना है. मैं एक पब्लिक सर्वेंट हूं. किसी राजनीतिक पार्टी, व्यक्ति या किसी राजनीतिक पद का सेवक नहीं हूं.
बता दें कि ममता बनर्जी ने ये भी आरोप लगाया था कि काउंटिंग सेंटर का सीसीटीवी कैमरा अंदर काम नहीं कर रहा था. डेटा बैंक एरिया में बीजेपी और उसके 200 गुंडे मौजूद थे. उन्होंने धक्का देकर और मारकर उन्हें वहां से बाहर निकाला.
वीडियो: ममता को हराने वाले सुवेंदु अधिकारी ने जीत के तुरंत बाद क्या कहा?





















