बाबर आज़म का खेल खत्म? PCB ने खुलकर बता दिया आगे का प्लान!
बाबर की कप्तानी पर कई सवाल हैं. एक दिग्गज ने तो यहां तक बोल दिया कि बाबर कप्तानी के नाम पर सिर्फ़ वही कर पाते हैं, जो उन्हें लिखकर दिया जाए.

बाबर आज़म का हाल बुरा है. पाकिस्तान क्रिकेट टीम World Cup 2023 में कुछ खास नहीं कर पा रही. और इसी के चलते हर मैच के बाद लोग बाबर की बलि मांग रहे हैं. अभी तक तो ऐसी मांग फ़ैन्स और पूर्व क्रिकेटर्स ही कर रहे थे, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी उनकी ही साइड ले ली है. PCB ने पाकिस्तान के वर्ल्ड कप कैंपेन पर एक अजब ही बयान दिया है.
PCB ने अपने बयान में इशारा किया है कि अगर पाकिस्तान सेमी-फ़ाइनल तक नहीं पहुंचा, तो बाबर की कप्तानी जा सकती है. पाकिस्तान अभी तक पांच वर्ल्ड कप मैच में कुल चार पॉइंट्स ही कमा पाया है. उन्हें भारत, ऑस्ट्रेलिया और अफ़ग़ानिस्तान से हार मिली है. शुक्रवार, 27 अक्टूबर को पाकिस्तान, साउथ अफ़्रीका से खेलेगा. अपनी संभावनाएं जिंदा रखने के लिए उन्हें ये मैच हर हाल में जीतना होगा.
यह भी पढ़ें: 'बाबर आजम कुछ प्लेयर्स के साथ...' - पाकिस्तानी कैप्टन पर संगीन आरोप, जा सकती है कैप्टेंसी!
चेन्नई में होने वाले इस मैच से पहले PCB का ये बयान कहीं से भी मोराल बूस्ट करने वाला नहीं है. PCB ने अपने बयान में कहा,
'कप्तान बाबर आज़म और टीम मैनेजमेंट पर मीडिया में काफी बातें चल रही हैं. बोर्ड का मानना है कि जीत और हार गेम का हिस्सा हैं. ICC वर्ल्ड कप 2023 के लिए टीम बनाने में कप्तान बाबर आज़म और चीफ़ सेलेक्टर इंज़माम उल हक़ को पूरी आज़ादी दी गई थी.'
PCB ने अपने बयान में आगे कहा,
'आगे देखते हुए, बोर्ड वर्ल्ड कप में टीम की परफॉर्मेंस को देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट के हित को आगे रख फैसले लेगा. अभी, PCB फ़ैन्स, पूर्व प्लेयर्स और तमाम हितधारकों से अपील करता है कि वे टीम को सपोर्ट करें. लड़के इस बड़े इवेंट में जोरदार वापसी की पूरी कोशिश कर रहे हैं.'
बाबर की आलोचना करते हुए पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया ने आज तक से कहा,
'बाबर आज़म सिर्फ़ वही करेंगे जो पेपर पर लिखकर उन्हें दे दिया जाएगा. उन्हें और कुछ नहीं पता. वह प्रेशर में बैटिंग नहीं कर सकते, इसीलिए उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ़ पहले बैटिंग का फैसला किया. उन्हें नई गेंद मोहम्मद नवाज़ और शाहीन अफ़रीदी को देनी चाहिए थी. क्योंकि अफ़ग़ानिस्तान के ओपनर्स पेस अच्छी खेलते हैं.'
दानिश ने हारिस और हसन अली की नई गेंद से बोलिंग करने की क्षमताओं पर भी सवाल किए. वह बोल,
'हारिस रऊफ़ एक टेप बॉल क्रिकेटर हैं जो सिर्फ़ तेज बोलिंग करते हैं. और आपको पता है कि हसन अली से क्या उम्मीद रखी जाए. जब थोड़ी रिवर्स स्विंग थी, बाबर आज़म ने एक एंड से इफ़्तिख़ार अहमद को बोलिंग करा दी. अभी ये बहुत घटिया टीम लग रहे हैं.'
बता दें कि बाबर की कप्तानी की आलोचना करने वालों में कई दिग्गज शामिल हैं. वसीम अकरम, शाहिद अफ़रीदी, मिस्बाह उल हक़ जैसे बंदे कई मौकों पर बाबर की आलोचना कर चुके हैं. बता दें कि वनडे वर्ल्ड कप के बाद पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया टूर पर जाना है.
वीडियो: शोएब अख्तर वीडियो में आकर अफगानिस्तान से पाकिस्तान के हारने पर क्या कुछ बोले?

