'बाबर आजम कुछ प्लेयर्स के साथ...' - पाकिस्तानी कैप्टन पर संगीन आरोप, जा सकती है कैप्टेंसी!
Babar Azam की कप्तानी पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं. पर अब एक ऐसा राज़ सामने आया है, जिसे सुन पाकिस्तानी फ़ैन्स के होश उड़ जाएंगे.

'ड्रेसिंग रूम में कुछ प्लेयर्स का स्वागत नहीं होता है...'
ये कहना है पूर्व पाकिस्तानी बल्लेबाज़ अहमद शहजाद का. पाकिस्तान क्रिकेट टीम का प्रदर्शन वनडे वर्ल्ड कप 2023 में ख़राब रहा है. भारत से हारने के बाद बाबर आजम की टीम को ऑस्ट्रेलिया और अफ़ग़ानिस्तान ने हराया. इसके बाद से ही कई पाकिस्तानी प्लेयर्स बाबर से कप्तानी वापस लिए जाने की बात कर रहे हैं. इसी बीच अहमद ने बाबर पर भेदभाव का आरोप लगाया है. उन्होंने उदाहरण के साथ समझा दिया, कैसे भेदभाव करते हैं पाकिस्तानी टीम के कैप्टन.
अफ़ग़ानिस्तान से मिली हार के बाद शहजाद पाकिस्तानी चैनल ARY News पर बात कर रहे थे. उन्होंने कहा,
मैंने कुछ प्लेयर्स से बात की. ड्रेसिंग रूम में कुछ प्लेयर्स का स्वागत नहीं किया जाता है. उन्हें बाकी प्लेयर्स जैसा कॉन्फिडेंस नहीं दिया जाता, बाकी प्लेयर्स जैसा ट्रीटमेंट नहीं मिलता. वो (बाबर आजम) कोशिश करते हैं कि कुछ प्लेयर्स को टीम में रखा जाए और बाकियों को ड्रॉप कर दिया जाए. तय्यब ताहिर को टीम में शामिल किया गया, उन्हें अपनाया नहीं गया, फिर ड्रॉप कर दिया गया. सऊद शकील को उनके टेस्ट के प्रदर्शन के बेसिस पर टीम में शामिल किया गया...
अहमद ने आगे एक उदाहरण भी दिया. कहा,
उसामा मिर, हम लोग कब से कह रहे हैं, उन्हें वर्ल्ड कप से पहले मौके दीजिए... उसामा रिस्ट स्पिनर हैं. वो पुरानी बॉल से ज्यादा कारगार साबित होंगे. पर (बाबर ने) उनको 11वें ओवर में बॉल पकड़ा दी. वो कुछ प्लेयर्स को बचाने और बाकी प्लेयर्स को बाहर करने की कोशिश कर रहे हैं.
शहजाद ने एक और स्पिनर की बात की. कहा,
कई प्लेयर्स ने उठाए सवालहम लोग लंबे समय से कह रहे हैं, अबरार अहमद को ले आना चाहिए, टीम को मिस्ट्री स्पिनर की जरूरत है. ये प्लेयर्स हमारे साथी हैं, हमारे दोस्त हैं... और हम इन्हें ही नहीं अपना रहे हैं.
23 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले में अफ़ग़ानिस्तान ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया था. इसके बाद से ही पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स बाबर आजम की कप्तानी पर जमकर भड़ास निकाल रहे हैं. पाकिस्तानी टीवी चैनल A स्पोर्ट्स पर बात करते हुए पूर्व क्रिकेटर मोईन ख़ान ने कहा,
बाबर को कप्तानी करते हुए चार साल हो गए, लेकिन कहीं भी वो चीज नजर नहीं आ रही कि उन्होंने वक्त के साथ कुछ सीखा है. जहां प्रेशर डालने की जरूरत होती है, आप प्रेशर नहीं डाल रहे. हमने देखा है कि जब विकेट की जरूरत होती है, आप नजदीकी फील्डर नहीं लगाते. ये चीजें आपको करनी होती हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ आपको ऐसा करने की जरूरत थी.
वहीं पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शोएब मलिक ने भी बाबर की कप्तानी पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा,
बाबर आजम बतौर बल्लेबाज शानदार रहे हैं, लेकिन कप्तान के तौर पर बुरी तरह फ्लॉप रहे हैं. इस हार के लिए बाबर आजम की कप्तानी जिम्मेदार है. वो उम्मीद के मुताबिक कप्तानी नहीं कर पाए.
बताते चलें, पाकिस्तान को वर्ल्ड कप में चार और लीग मैच खेलने हैं. उनका अगला मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ है. जबकि बाकी तीन मैच बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ है. इस टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए इन सभी मुकाबलों में जीत हासिल करनी होगी.
वीडियो: बाबर आजम की कप्तानी पर ऐसा ग़ुस्सा, क्या कुछ बोल गए पूर्व पाक क्रिकेटर्स !

