The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • World Cup 2023 In-form all rounder Glenn Maxwell falls from golf cart, out of Aus vs Eng

ग्लेन मैक्सवेल इंग्लैंड के खिलाफ़ नहीं खेलेंगे, वजह सुन कंगारू फ़ैन्स को ग़ुस्सा आना तय!

Glenn Maxwell गोल्फ कार्ट से गिर गए. इंग्लैंड के खिलाफ़ होने वाले मुकाबले से वो बाहर हो चुके हैं. उन्हें सिर में चोट आई है.

Advertisement
pic
1 नवंबर 2023 (पब्लिश्ड: 08:43 PM IST)
Glenn Maxwell suffers concussion after falling from golf cart
ग्लेन मैक्सवेल को सिर में लगी चोट (तस्वीर- इंस्टाग्राम)
Quick AI Highlights
Click here to view more

40 बॉल में शतक. वो भी वनडे वर्ल्ड कप में. ये रिकॉर्ड बनाकर ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) ने खूब चर्चा बटोरी. और फिर, चोटिल हो गए. कैसे, सुन ऑस्ट्रेलियन फ़ैन्स माथा पीट लेंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक़ 30 अक्टूबर की शाम मैक्सवेल गोल्फ कोर्ट से गिर पड़े, जिससे उन्हें कंकशन हुआ था. इस चोट की भरपाई ऑस्ट्रेलियन टीम को करनी पड़ेगी. 4 नवंबर को इंग्लैंड के खिलाफ़ अहमदाबाद में खेले जाने वाले मैच से मैक्सवेल बाहर हो गए हैं. 

ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट से इस इंजरी की जानकारी दी गई. cricket.com.au की रिपोर्ट के मुताबिक़ ये हादसा सोमवार, 30 अक्टूबर की शाम हुआ. मैक्सवेल तब गोल्फ खेलकर गोल्फ कार्ट के पीछे बैठकर टीम होटल लौट रहे थे. तभी, अचानक कार्ट का बैलेंस डगमगा गया और वो गिर गए. इसके बाद उन्हें कंकशन हुआ. यानी उन्हें चक्कर आ गया. और सर पर चोट भी आई हैं. कई ऑस्ट्रेलियन प्लेयर्स फिलहाल गुजरात में हैं. मैचेस के बीच मिले एक हफ्ते के गैप में वो गोल्फ का लुत्फ उठा रहे हैं.

अब ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के कंकशन नियमों के हिसाब से मैक्सवेल को छह से आठ दिनों के लिए ऑब्ज़र्वेशन में रखा जाएगा. यानी वो 4 नवंबर को इंग्लैंड के खिलाफ़ नहीं खेल पाएंगे. इसके अलावा, अगर सर की चोट असर लंबा रहता है, तो मैक्सवेल 7 नवंबर को अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ़ होने वाले मैच में भी बाहर हो सकते हैं.

ऑस्ट्रेलिया को बहुत खलेगी मैक्सवेल की कमी

वर्ल्ड कप में अब तक कंगारुओं ने 6 मैच खेले हैं. इस दौरान मैक्सवेल का फॉर्म अच्छा रहा है. 25 अक्टूबर को नई दिल्ली में नीदरलैंड्स के खिलाफ हुए मुकाबले में तो उन्होंने 44 गेंदों में 106 रन्स ठोक दिए थे. इसी मैच में मैक्सवेल ने वर्ल्ड कप में सबसे तेज़ सेंचुरी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया था. ऐसे फॉर्म में होने के बाद मैच मिस करना फ़ैन्स को बहुत खलेगा. बल्लेबाज़ी में उनकी कमी को भरने के लिए टीम में कैमरून ग्रीन या मार्कस स्टॉइनिस को मौका मिल सकता है. मैक्सवेल ऑस्ट्रेलियन टीम के लिए शानदार फील्डिंग के साथ-साथ एक और ज़रूरी काम करते हैं - ऑफ स्पिन. एडम जम्पा के साथ उनकी जोड़ी मिडल ओवर्स में बल्लेबाज़ों को फंसाती है. 

गोल्फ और क्रिकेटर्स की इंजरी

मैक्सवेल की तरह ही इंग्लैंड के स्टार ओपनर जॉनी बेयरेस्टो भी पिछ्ले साल गोल्फ के मैदान पर गिरकर चोटिल हो गए थे. चोट इतनी गहरी थी कि बेयरेस्टो को ऑस्ट्रेलिया में हुए टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़ गया था. उनका एन्क्ल डिस्लोकेट हो गया था. बेयरस्टो काफ़ी वक्त तक क्रिकेट से दूर थे. 

ऑस्ट्रेलिया की बात करें तो वर्ल्ड कप में ये टीम 6 में से 4 मैच जीत चुकी है. पैट कमिंस की टीम पॉइंट्स टेबल में चौथे नम्बर पर है और सेमीफ़ाइनल में जगह बनाने के लिए उन्हें कम-से-कम दो और मैच जीतने होंगे.

(ये ख़बर हमारी इंटर्न जागृति ने लिखी है.)

वीडियो: सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी के चक्कर में ग्लेन मैक्सवेल का भारी नुकसान हो गया!

Advertisement

Advertisement

()