'कोई भी पीआर आपको...' रोहित शर्मा की तारीफ़ में गौतम गंभीर की ये बात, कई फ़ैन्स को अच्छी नहीं लगेगी!
Rohit Sharma ने वर्ल्ड कप मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 87 रन की अच्छी पारी खेली. कॉमेंट्री कर रहे Gautam Gambhir ने रोहित की तारीफ़ करते हुए उन्हें एक 'सेल्फलेस कप्तान' बताया.

टीम इंडिया (Team India) वर्ल्ड कप 2023 (World cup 2023) में अपना छठा मुकाबला खेल रही है. लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुक़ाबले में इंडियन टीम पहले बैटिंग करने उतरी. इस दौरान अपनी बेबाकी के लिए मशहूर गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने एक बड़ा बयान दिया. टीम इंडिया के पूर्व ओपनर ने रोहित शर्मा की तारीफ़ करते हुए उन्हें एक सेल्फलेस कप्तान बताया.
रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ 87 रन की अच्छी पारी खेली. मुश्किल पिच पर रोहित ने संयम से खेलते हुए 110 बॉल्स का सामना किया. मैच के दौरान कॉमेंट्री कर रहे गंभीर ने रोहित को लेकर कहा कि अगर वो आकड़ों के बारे में सोचते तो उनके नाम और ज्यादा शतक होते. उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा,
‘रोहित शर्मा एक निस्वार्थ कप्तान हैं. उन्होंने जिस तरह की बल्लेबाज़ी की है, मुझे उम्मीद है कि वो बाकी टूर्नामेंट में भी ऐसा करना जारी रखेंगे. ये समझना महत्वपूर्ण है कि आपका लक्ष्य क्या है. शतक बनाना या वर्ल्ड कप जीतना. अगर आप शतक बनाना चाहते हैं तो उसके हिसाब से खेलें. अगर रोहित आंकड़ों के बारे में सोचते तो अब तक 40-45 शतक बना लिए होते.’
गंभीर ने आगे कहा,
‘रोहित शर्मा निस्वार्थ लीडर हैं. वो टीम से जो भी उम्मीद करते हैं, उसे खुद पहले पूरा करते हैं. अगर आप चाहते हैं कि आपकी टीम पॉजिटिव बैटिंग करे तो आपको खुद ऐसा करके उनके लिए एक एग्जांपल सेट करना होगा. आगे से जब लीड करने की बात होती है तो कोई भी पीआर या मार्केटिंग आपको इसमें मदद नहीं करेगी. आपको इसे स्वयं ही करना होगा. रोहित इस विश्व कप में ऐसा कर रहे हैं.’
ये भी पढ़ें: विराट कोहली डक: 12 साल में पहली बार ऐसा दिन, ड्रेसिंग रूम में विराट ने जो किया, वायरल!
18,000 रन्स पूरेरोहित की बात करें तो उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 18,000 रन पूरे कर लिए हैं. इंग्लैंड के खिलाफ 47 रन बनाते ही रोहित के नाम ये उपलब्धि दर्ज हो गई. वो ऐसा करने वाले पांचवें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. रोहित ने अपने इंटरनेशनल करियर के 457वें मैच में 18,000 रन के आंकड़े को पार किया. उनसे पहले चार और भारतीय खिलाड़ी ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली का नाम शामिल है. ‘मास्टर ब्लास्टर’ के नाम सबसे ज्यादा 34,357 रन हैं. जबकि विराट के नाम 26,121, राहुल द्रविड़ के नाम 24,208 और सौरव गांगुली के नाम 18,575 रन हैं.
इस मैच में अपना 31वां रन बनाते ही रोहित ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली. वो इस साल वनडे क्रिकेट में 1,000 रन पूरे करने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले शुभमन गिल और श्रीलंका के ओपनर बल्लेबाज पथुम निसांका भी यह कारनामा कर चुके हैं. रोहित के नाम वनडे इंटरनेशनल में कुल 31 शतक है.
वीडियो: ऑस्ट्रेलिया vs न्यूजिलैंड मुकाबले के आखिरी ओवर में क्या हुआ, सब जान लीजिए

