The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Gautam Gambhir Virender Sehwag question Babar Azam as World no 1 batsman after SA beat Pak

बाबर पर गंभीर-सहवाग ने जो कहा, पाकिस्तानी फ़ैन्स भी मानेंगे!

Gautam Gambhir ने Babar Azam के नंबर 1 बल्लेबाज़ होने पर सवाल खड़ा किया. वहीं, Virender Sehwag का कहना है कि पाकिस्तानी कैप्टन सिर्फ टीम में अपनी जगह बचा रहे हैं...

Advertisement
pic
28 अक्तूबर 2023 (पब्लिश्ड: 10:59 PM IST)
Gautam Gambhir Virender Sehwag raise questions about Babar Azam batting in ODI WC 2023
बाबर पर गंभीर-सहवाग की बात सही? (फ़ोटो - सोशल मीडिया)
Quick AI Highlights
Click here to view more

साउथ अफ्रीका ने पाकिस्तान को हराकर इस टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. वनडे वर्ल्ड कप 2023 में बाबर आजम की टीम की ये लगातार चौथी हार है. ज़ाहिर है, सवाल उठने ही थे. हालांकि, बाबर की बैटिंग पर पूर्व भारतीय वर्ल्ड कप विनर्स गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग ने जो कहा, इससे शायद कुछ पाकिस्तानी फ़ैन्स भी इत्तेफाक़ रखते होंगे.

चेन्नई में खेले गए इस मैच में बाबर ने टॉस जीता और बैटिंग करने का फैसला लिया. अबदुल्लाह शफ़ीक नहीं चले, और बाबर पांचवे ओवर में ही क्रीज़ पर आ गए. एक छोर संभाला और 65 बॉल में 50 रन की पारी खेल टीम को बड़ी पारी के लिए तैयार कर दिया. हालांकि, वो तबरेज़ शम्सी की बॉल पर पीछे कैच आउट हुए. साउथ अफ्रीका ने रिव्यू लिया, जिसमें उनका एज साफ़ नज़र आया. फ़ैन्स का मानना है कि बाबर ने अपना विकेट ख़राब शॉट से गंवाया. 

दिग्गज़ों ने क्या कहा?

गौती भाई से शुरू करते हैं. स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए गौतम गंभीर ने कहा,

आपको बाबर की कैप्टेंसी और बैटिंग पर बात करनी है... उन्होंने आख़िरी छह मैच में तीन पचासे जड़े हैं. मुझे नहीं पता वो ICC रैंकिंग में नंबर 1 कैसे हैं. उन्होंने पिछले दो साल में ढेर सारे रन्स बनाए हैं. उनके नाम 19 शतक हैं, पर रिकॉर्ड्स और रैंकिंग्स, ये सब बहुत ओवररेटेड चीज़ें हैं. नंबर 1 बल्लेबाज़ वो होता है, जो आपको मैच जिताता है. उन्होंने बहुत सारे रन्स बनाए हैं, पर अब भी कोई प्रभावी पारी नहीं खेली है. उन्होंने अपने बूते पर अब तक अपनी टीम को कोई भी मैच नहीं जिताया है. बाबर ने इस वर्ल्ड कप में तीन पचासे जड़े हैं, पाकिस्तान सिर्फ एक बार 300 का आंकड़ा पार कर सकी है, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़. वो मैच भी पाकिस्तान हार गई थी.

अब वीरेंद्र सहवाग की बारी. उन्होंने कहा,

उनकी पारी ख़राब नहीं थी. पाकिस्तान के दो विकेट्स जल्दी गिर गए और उन्होंने एक छोर संभाला, टीम को फिर से पटरी पर ले गए. पर क्या वो इस पचासे से खुश हैं? नहीं. कोई भी दूसरा नंबर 3 बल्लेबाज़ होता तो इस पचासे को एक बड़ी पारी में कन्वर्ट करना चाहता. अगर बाबर ने ऐसा किया होता, तो पाकिस्तान ने 300 का आंकड़ा पार कर लिया होता. यही फ़र्क है. महान प्लेयर्स ऐसे मौके गंवाते नहीं हैं. बाबर आजम अपने फॉर्म का इस्तेमाल सिर्फ टीम में बने रहने के लिए कर रहे हैं...

पाकिस्तान ने इस मैच में 270 रन बनाए थे. 47 ओवर में ये टीम ऑलआउट हो गई थी. साउथ अफ्रीका ने एक विकेट से मैच जीता. ये पाकिस्तान की लगातार चौथी हार है. ये कड़ी 14 अक्टूबर को भारत के खिलाफ़ शुरू हुई थी. वहीं, साउथ अफ्रीका एक और मैच जीतकर सेमीफ़ाइनल के और नज़दीक पहुंच गई है. 
 

वीडियो: बाबर आज़म पर उन्हीं के देश के प्लेयर ने ये क्या कह दिया!

Advertisement

Advertisement

()