वर्ल्ड कप का पहला मैच, नरेंद्र मोदी स्टेडियम का हाल देख हैरान हुई दुनिया!
फ़ैन्स के बाद हैरान हुई इंग्लैंड क्रिकेट टीम.

Cricket World Cup 2023 शुरू हो चुका है. टूर्नामेंट के पहले मैच में इंग्लैंड और न्यूज़ीलैंड भिड़ रहे हैं. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच की शुरुआत देख दुनिया हैरान रह गई. एक लाख से ज्यादा फ़ैन्स की क्षमता वाले इस स्टेडियम में मैच शुरू होते वक्त, गिनती के लोग ही मौजूद थे. दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में बैठे तीन-चार हजार लोगों का होना या ना होना एक जैसा ही लग रहा था.
दोपहर दो बजे की भारी गर्मी में शुरू हुए इस मैच के लिए लोगों में बहुत उत्साह नहीं दिखा. होम टीम का इस मैच में शामिल ना होना भी इसके पीछे की एक वजह रही. इससे पहले भी टूर्नामेंट के पहले मैच में भारत का ना शामिल होना कुछ लोगों के लिए चौंकाने वाला रहा था. भारतीय टीम टूर्नामेंट का अपना पहला मैच रविवार, 8 अक्टूबर को चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ खेलेगी.
यह भी पढ़ें: नीरज चोपड़ा के साथ भी चाइना ने की बेईमान, बड़ा एक्शन लेगा भारत!
अहमदाबाद स्टेडियम की खाली सीट्स देख विज़्डन एडिटर लॉरेंस बूथ ने ट्वीट किया,
'एक लाख पैंतीस हजार फ़ैन्स की क्षमता वाले स्टेडियम में राष्ट्रगान हुए. अभी यहां तीन-चार हजार लोग ही मौजूद हैं. मुझे यक़ीन है कि ये नंबर्स धीरे-धीरे बढ़ेंगे, लेकिन इसके बावजूद यह खाली ही दिखेगा.'
19 नवंबर तक चलने वाला ये टूर्नामेंट 10 अलग-अलग जगहों पर खेला जाएगा. अहमदाबाद में तापमान लगभग 34 डिग्री रहा और इसके चलते भी लोगों ने मैदान तक आने में ज्यादा इंट्रेस्ट नहीं दिखाया. बात टिकट्स की करें तो इस मैच की टिकट्स हजार रुपये से शुरू हो रही थीं.
तमाम स्पोर्ट्स को मिलाकर यह स्टेडियम दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्टेडियम है. इससे बड़ा स्टेडियम सिर्फ़ नॉर्थ-कोरिया में है. प्योंगयांग में स्थित इस स्टेडियम में डेढ़ लाख लोग बैठ सकते हैं. मोदी स्टेडियम का उद्घाटन साल 2020 में हुआ था. फरवरी 2021 में यहां पहला टेस्ट मैच खेला गया. यह मैच भारत और इंग्लैंड के बीच हुआ था. इसी स्टेडियम में 14 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच लीग मैच भी खेला जाएगा. जबकि 19 नवंबर को टूर्नामेंट का फ़ाइनल भी यहीं होगा.
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप के महारथी- वो दिग्गज, जिसने बैटिंग, बोलिंग और फ़ील्डिंग सब कर डाली लेकिन…
बात इंग्लैंड-न्यूज़ीलैंड के बीच मैच की करें तो न्यूज़ीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बोलिंग चुनी. कीवी बोलर्स ने अपने कप्तान के फ़ैसले को सही साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. इंग्लैंड ने 188 रन तक ही अपने पांच विकेट गंवा दिए थे.
ओपनर्स दाविद मलान 14 जबकि जॉनी बेयरस्टो 33 रन बनाकर आउट हुए. हैरी ब्रूक ने 25 और मोईन अली ने 11 रन का योगदान दिया. जॉस बटलर 42 गेंदों पर 43 रन बनाकर आउट हुए. न्यूज़ीलैंड के लिए मैट हेनरी ने दो, जबकि मिचल सैंटनर, रचिन रविंद्र और ग्लेन फ़िलिप्स ने एक-एक विकेट लिया. ख़बर लिखे जाने तक जो रूट 59 रन बनाकर नाबाद थे. जबकि दूसरे एंड पर उनके साथ लियम लिविंगस्टन मौजूद थे. टूर्नामेंट का अगला मैच, शुक्रवार 6 अक्टूबर को पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच खेला जाएगा.

