The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • who is uncapped nandini sharma t20 world cup squad ind vs eng test bcci

कौन हैं नंदिनी शर्मा, जिन्हें सीधा टी20 वर्ल्ड कप में मिलेगी डेब्यू कैप?

नंदिनी शर्मा को सिर्फ टी20 फॉर्मेट के लिए ही नहीं चुना गया. उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए भी टीम में चुना गया.

Advertisement
pic
2 मई 2026 (पब्लिश्ड: 10:30 PM IST)
nandini sharma, wpl, cricket news
नंदिनी शर्मा WPL में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलती हैं. (Photo-X)
Quick AI Highlights
Click here to view more

BCCI ने दो मई को महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम का ऐलान किया. इस ऐलान में सबसे हैरान करने वाला नाम था नंदिनी शर्मा का. इस 25 साल की खिलाड़ी ने अब तक टीम इंडिया के लिए कोई मैच नहीं खेला है. हालांकि, अब उन्हें सीधा वर्ल्ड कप खेलने के लिए 15 सदस्यीय स्क्वाड में चुना गया है. आखिर नंदिनी में ऐसा क्या खास है जो इस खिलाड़ी को मौका दिया गया है?

नंदिनी को क्यों मिला मौका?

हरमनप्रीत कौर ने नंदिनी के सलेक्शन की अहम वजह भी बताई. उन्होंने कहा,

अमनजोत कौर और काश्‍वी गौतम चोटिल हैं. ऐसे में नंदिनी शर्मा को मौका दिया गया है. विश्‍व कप इंग्‍लैंड में खेला जाना है. वहां की पिच से तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है. ऐसे में नंदिनी एक बेहतर विकल्‍प साबित हो सकती हैं. हमारी बेंच स्‍ट्रेंथ काफी मजबूत है. 2 प्‍लेयर्स के चोटिल होने के बाद भी हमारे पास ऐसी प्‍लेयर्स हैं, जो वर्ल्ड कप में अच्‍छा प्रदर्शन कर सकती हैं.

कौन हैं नंदिनी?

20 सितंबर, 2001 को चंडीगढ़ में जन्मीं नंदनी ने WPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 10 मैच खेले.  साल 2025 की सीनियर विमेंस टी20 ट्रॉफी में वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाजों में शामिल रही थीं, जिसके चलते उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम में शामिल किया था.

नीलामी के दौरान सिर्फ़ 20 लाख रुपये में टीम में शामिल की गईं नंदिनी ने 10 मैचों में 17 विकेट लिए. वह DC के लिए इस टूर्नामेंट में पांच विकेट हॉल और हैट्रिक लेने वाली पहली भारतीय गेंदबाज़ बनीं.  वह उस भारतीय टीम का भी हिस्सा थीं, जिसने इस साल फरवरी में बैंकॉक में आयोजित महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था.

ये भी पढ़ें : T20 World Cup के लिए BCCI ने किया भारतीय टीम का ऐलान, यहां है पूरी लिस्ट

घरवालों से मिली मदद

आपको बता दें कि नंदिनी के लिए सबसे बड़े ‘कोच’ उनके घरवाले ही हैं. उन्हें ट्रेनिंग देने में मां सीमा और भाई आकाश का अहम रोल रहा. नंदिनी ने ईएसपीएन क्रिकइंफो को दिए इंटरव्यू में बताया था,

मेरे माता-पिता और भाई ने मुझे सब कुछ सिखाया, जिसमें इनस्विंगर डालना भी शामिल है. लड़कों के साथ अभ्यास करते हुए उन्हें जो मार पड़ी, उसी ने तेज और घातक बनने की प्रेरणा दी. जब लड़के मेरी गेंदों को आसानी से हिट करने लगे, तो मैंने अपनी रफ्तार और वेरिएशन पर काम करना शुरू किया.

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद का साथ मिलना उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. नंदिनी ने कहा,

मेरी बॉलिंग लाइन, फील्डिंग, ए से जेड तक, वेंकटेश प्रसाद मुझे सब बताते हैं. साथ ही, मारिजाने कैप और जेमिमा रोड्रिग्स जैसे खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना उनके लिए एक बड़ी सीख रहा.

नंदिनी को सिर्फ टी20 फॉर्मेट के लिए ही नहीं चुना गया. उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए भी टीम में चुना गया. 

वीडियो: हरमनप्रीत कौर महिला क्रिकेट में और क्या बदलाव चाहती हैं?

Advertisement

Advertisement

()