वेस्टइंडीज को 2 वर्ल्ड कप जिताए, अब ICC ने ऐसी सजा दी, करप्शन करने वालों के हाथ कांपेंगे
वेस्टइंडीज के इस खिलाड़ी ने अपने 18 साल के करियर में 300 से ज्यादा मैच खेले. 17 शतक बनाए. लेकिन अब बड़े करप्शन में फंसे, और छह साल का बैन लगा.

ICC ने वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज मार्लोन सैमुअल्स (Marlon Samuels) को क्रिकेट के सभी फॉर्म्स से छह साल के लिए बैन कर दिया है. सितंबर 2021 में उन पर ECB (Emirates Cricket Board) के एंटी करप्शन कोड का उल्लंघन करने का आरोप लगा था. इस साल अगस्त में वो सभी आरोपों के तहत दोषी पाए गए.
इस बारे में गुरूवार, 23 नवंबर को ICC ने एक पोस्ट में लिखा,
300 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ी पर ICC ने बैन की पुष्टि कर दी है.
ICC HR और इंटीग्रिटी यूनिट के प्रमुख एलेक्स मार्शल ने सैमुअल्स पर बैन की घोषणा की और बताया,
सैमुअल्स ने करीब दो दशकों तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला और इस दौरान उन्होंने कई भ्रष्टाचार विरोधी सत्रों में भाग लिया. वो जानते थे कि भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के तहत उनकी क्या ड्यूटी थी. भले ही वो रिटायर्ड हो चुके हैं, लेकिन जब अपराध हुआ तब सैमुअल्स उसमें एक भागीदार थे. छह साल का बैन नियमों को तोड़ने का इरादा रखने वाले किसी भी प्रतिभागी के लिए एक मजबूत निवारक के तौर पर काम करेगा.
ये भी पढ़ें:- रोहित शर्मा अब नहीं खेलेंगे T20I? इस रिपोर्ट से हड़कंप
ECB कोड के कौन से नियम तोड़े?आर्टिकल 2.4.2- भ्रष्टाचार निरोधक अधिकारी को किसी गिफ्ट, पेमेंट, हॉस्पिटैलिटी या अन्य तरह से लिए गए फायदों का स्पष्टीकरण ना दे पाना. ये फायदे तब लिए गए या दिए गए, जब इनसे किसी प्रतिभागी या खेल को नुकसान पहुंचाया जा सकता था.
आर्टिकल 2.4.3- 750 अमेरिकी डॉलर या उससे ज्यादा के गिफ्ट को लेकर आधिकारिक रसीद ना दिखा पाना.
आर्टिकल 2.4.6- भ्रष्टाचार निरोधक अधिकारी की जांच में सहयोग ना करना.
आर्टिकल 2.4.7- जांच के लिए जरूरी जानकारी छिपाकर भ्रष्टाचार विरोधी अधिकारी की जांच में बाधा डालना या देरी करना.
सैमुअल्स ने अपने 18 साल के करियर में वेस्टइंडीज के लिए 300 से ज्यादा मैच खेले. 71 टेस्ट, 207 वनडे इंटरनेशनल और 67 टी20 इंटरनेशनल मैच. इस दौरान उन्होंने कुल 17 शतक बनाए. उन्होंने वनडे स्तर पर कैरेबियाई टीम की कप्तानी भी की. 2012 और 2016 के टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज को चैम्पियन बनाने में सैमुअल्स की अहम भूमिका रही थी. दोनों ही टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में सैमुअल्स 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे थे.
ये भी पढ़ें:- 'वर्ल्डकप भारत जीतता, तो दुख होता... ', रज्जाक इतना घटिया क्यों बोले?
वीडियो: रोहित शर्मा रोना नहीं, भारतीय क्रिकेट टीम के फैन्स की बात सुन खुश होना!

