The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Virat Kohli opens up on playing for India in ODIs and having to prove his worth

‘मुझे अपनी वैल्यू साबित नहीं करनी’, 2027 वर्ल्ड कप पर कोहली का सेलेक्टर्स को जवाब

Kohli ने कहा कि अगर वो टीम के माहौल में वैल्यू ऐड कर सकते हैं और टीम को भी लगे कि वो वैल्यू ऐड कर रहे हैं, तो सब ठीक है. लेकिन अगर उन्हें लगे कि उन्हें अपनी वैल्यू या काबिलियत साबित करनी पड़ रही है, तो वो उस जगह पर नहीं रहना चाहते.

Advertisement
pic
15 मई 2026 (पब्लिश्ड: 04:54 PM IST)
Virat Kohli opens up on playing for India in ODIs and having to prove his worth
विराट ने साफ कहा कि वो खेलना चाहते हैं, लेकिन वैल्यू दोनों तरफ से होनी चाहिए. (फोटो- PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

टीम इंडिया के स्टार बैटर विराट कोहली. टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के बाद कोहली ने ऑस्ट्रेलिया में ODI सीरीज में कमाल की परफॉर्मेंस दी. IPL 2026 में भी उनका बल्ला धारदार है. 12 मैचों में कोहली 484 रन बना चुके हैं. इसके बावजूद अभी भी ये सवाल उठता है कि क्या विराट कोहली 2027 ODI वर्ल्ड कप खेलेंगे? रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपनी तैयारियों, कमिटमेंट और भारतीय टीम में जगह को लेकर खुलकर बात की है (Virat Kohli opens up on playing for India in ODIs).

2027 ODI वर्ल्ड कप को लेकर काफी चर्चा चल रही है. विराट ने साफ कहा कि वो खेलना चाहते हैं, लेकिन वैल्यू दोनों तरफ से होनी चाहिए.

RCB पॉडकास्ट में मयांति लंगर ने जब विराट से पूछा कि क्या वो अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप में भारत के लिए खेलना चाहते हैं, तो विराट ने जवाब दिया,

"जब मैं मैदान पर उतरता हूं तो मुझे पता है कि मैं कितनी मेहनत और लगन से खेल सकता हूं. परफॉर्मेंस की गारंटी कोई नहीं दे सकता. लेकिन मेहनत और कमिटमेंट की गारंटी मैं दे सकता हूं."

उन्होंने आगे कहा कि वो सीरीज से पहले अचानक नहीं मेहनत शुरू करते. साल भर उनका जीवन इसी तरह चलता है. घर पर भी वो डेली वर्कआउट करते हैं, अच्छा खाते हैं. ये सिर्फ क्रिकेट के लिए नहीं, बल्कि उनकी लाइफस्टाइल है. इसलिए जब भी टीम बुलाए, वो तैयार रहते हैं.

2027 वर्ल्ड कप पर विराट का खुलासा

विराट ने कहा,

"2027 की बात बहुत बार पूछी गई है. लोग पूछते हैं- क्या आप खेलना चाहते हैं? मैं कहता हूं, मैं घर छोड़कर क्यों आऊं अगर मुझे पता न हो कि मुझे क्या चाहिए. अगर मैं खेल रहा हूं तो क्रिकेट खेलना चाहता हूं. भारत के लिए वर्ल्ड कप खेलना बहुत खास है. लेकिन वैल्यू दोनों तरफ से होनी चाहिए. मुझे अपनी वैल्यू साबित करने की जरूरत नहीं."

कोहली ने अपनी सोच के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि अगर वो टीम के माहौल में वैल्यू ऐड कर सकते हैं और टीम को भी लगे कि वो वैल्यू ऐड कर रहे हैं, तो सब ठीक है. लेकिन अगर उन्हें लगे कि उन्हें अपनी वैल्यू या काबिलियत साबित करनी पड़ रही है, तो वो उस जगह पर नहीं रहना चाहते. कोहली ने आगे बताया,

"मैं सिर झुकाकर, बिना सोचे-समझे मेहनत करता हूं. जितनी मेहनत कोई और कर रहा है, उससे ज्यादा या बराबर मैं करता हूं. ODI में अगर 40 ओवर तक बाउंड्री से बाउंड्री दौड़ना पड़े तो बिना शिकायत के करूंगा. 50 ओवर फील्डिंग करूंगा, हर गेंद को आखिरी गेंद की तरह खेलूंगा. बैटिंग, रनिंग, सब कुछ टीम के लिए दूंगा. इतनी तैयारी के बाद अगर मुझे फिर अपनी वैल्यू साबित करनी पड़े तो वो जगह मेरे लिए नहीं है."

विराट ने कहा कि जब वो वापस खेलने गए तो उनका मन क्लियर था. उन्होंने कहा,

"मैं किसी को कुछ साबित करने नहीं जा रहा. मैं खेल से प्यार करता हूं, इसलिए खेल रहा हूं."

विजय हजारे ट्रॉफी का एक्सपीरियंस

हाल ही में विराट ने विजय हजारे ट्रॉफी खेली. उन्होंने बताया कि शुरू में थोड़ा संकोच था कि इतने साल खेलने के बाद क्या मोटिवेशन मिलेगा. लेकिन जैसे ही उनका फोकस बदला, सब कुछ साफ हो गया. विराट बताते हैं,

"जैसे ही मैंने सोचा कि मैं सिर्फ खेलने के लिए खेल रहा हूं, बैटिंग का मजा ले रहा हूं, तो सब बदल गया. मैंने पूरा मैच फील्डिंग की, डाइव्स भी लगाए. मुझे लगा जैसे मैं बच्चा हो गया हूं. ये किसी और के लिए नहीं, मेरे और खेल के बीच का मामला है. अगर लोग इसे जटिल बनाना चाहें तो या तो साफ-साफ बता दें या चुप रहें और मुझे खेलने दें."

ऑफिस का उदाहरण देकर समझाया

विराट ने एक बढ़िया उदाहरण दिया. उन्होंने बताया,

"आप अपने ऑफिस में जाओ. पहले लोग कहें कि हमें तुम पर भरोसा है, फिर एक हफ्ते बाद तुम्हारे काम करने के तरीके पर सवाल उठाएं. क्यों? या तो पहले दिन ही बता दो कि तुम अच्छे नहीं हो या जरूरी नहीं हो. या फिर भरोसा जताओ और चुप रहो. रिजल्ट के बेसिस पर ऊपर-नीचे मत हो जाओ."

विराट कोहली का ये इंटरव्यू उनके प्रोफेशनलिज्म, डेडिकेशन और आत्मसम्मान को दिखाता है. 37 साल की उम्र में भी वो उतने ही समर्पित हैं. 2027 ODI वर्ल्ड कप में उनका खेलना या न खेलना BCCI और टीम मैनेजमेंट पर भी निर्भर करता है, लेकिन विराट ने साफ कर दिया है. वो तैयार हैं, लेकिन सम्मान और विश्वास के साथ.

वीडियो: विराट कोहली ने KKR के खिलाफ सेंचुरी जड़ दिया, RCB पॉइंट्स टेबल में सबसे आगे

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()