टीम इंडिया के 3D प्लेयर ने लिया संन्यास! विदाई मैसेज में छलक आया ट्रोलिंग का दर्द
22 मई को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये Vijay Shankar ने संन्यास की घोषणा कर दी. इस दौरान सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग को लेकर उनका दर्द भी छलक गया.

2019 का ODI वर्ल्ड कप याद है. वही वर्ल्ड कप, जिसमें एमएस धोनी अंतिम बार मेन इन ब्लू का हिस्सा थे. रोहित ने 5 सेंचुरी लगाई थी. कप्तानी विराट कोहली कर रहे थे. टीम इंडिया दावेदार थी. लेकिन, न्यूजीलैंड से दो दिनों तक चले सेमीफाइनल में हार गई थी. उस वर्ल्ड कप को एक विवाद के लिए भी याद किया जाता है. ‘थ्री डी विवाद’.
विवाद उस नंबर 4 स्पॉट का, जिसमें अंबाती रायुडू को टेस्ट करने के बाद ड्रॉप कर दिया गया था. चुना गया था तमिलानाडु के एक ऑलराउंडर को, जिसे तब सेलेक्टर वेंकटेश प्रसाद ने थ्री डी प्लेयर बताया था. माने थ्री डाइमेंशनल प्लेयर. नाम तो याद आ ही गया होगा. विजय शंकर (Vijay Shankar). पिछले 7 साल से वेंकटेश प्रसाद के उस बयान के लिए विजय अब तक ट्रोल होते आए हैं. इसका दर्द उनकी विदाई मैसेज में भी झलका.
विजय ने घरेलू क्रिकेट और IPL से 22 मई को संन्यास की घोषणा कर दी. हालांकि, उन्होंने ये भी कहा है कि वह क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे. इसके लिए वो नए अवसरों की तलाश करेंगे. तमिलनाडु के 35 साल के ऑलराउंडर 2025-26 सत्र में त्रिपुरा की टीम से खेले थे. उन्होंने 2018 से 2019 के बीच भारत के लिए 12 ODI और नौ T20I मैच खेले हैं.
विजय ने पोस्ट में क्या लिखा?शंकर ने अपने रिटायरमेंट की घोषणा सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये की. उन्होंने लिखा,
क्रिकेट मेरी लाइफ है. मैंने 10 साल की उम्र में खेलना शुरू किया था. अब 25 साल बाद हाईएस्ट लेवल तक खेलने के लिए आभारी और धन्य महसूस करता हूं. अपने देश को रिप्रजेंट करना हमेशा मेरे सबसे गौरवपूर्ण और खुशी के पलों में से एक रहेगा.
उन्होंने आगे लिखा,
मैंने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लेने का फैसला किया है. ताकि नए अवसरों की तलाश कर सकूं. क्रिकेट खेलना जारी रख सकूं. BCCI और इंडियन क्रिकेट टीम का मैं हमेशा आभारी रहूंगा. नागपुर में भारत के 500वें ODI में आखिरी ओवर फेंकना और 2019 वर्ल्ड कप में पहली गेंद पर पहला विकेट लेना मेरे लिए कभी नहीं भूलने वाला पल है.
वहीं, 2019 वर्ल्ड कप वाली घटना को लेकर शंकर काफी ट्रोल किए गए हैं. इसका दर्द उनके पोस्ट में भी झलका. उन्होंने आगे कहा,
मैंने काफी ज्यादा नफरत और निगेटिविटी का सामना किया है. मैं बताना चाहता हूं कि मैंने इन सबको इग्नोर किया और आगे बढ़ने का विकल्प चुना. अगर मैं ऐसा कर सकता हूं तो कोई भी कर सकता है. पॉजिटिव सोचिए और आगे बढ़िए. क्रिकेट ने मुझे काफी कुछ सिखाया है. ये मेरी जिंदगी है.
ये भी पढ़ें : अर्शदीप फिर हो रहे ट्रोल! प्रियांश आर्या का मजाक उड़ाने पर भड़के फैंस
2019 वर्ल्ड कप में अंतिम बार ODI खेले थेशंकर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2019 वर्ल्ड कप में ही मैनचेस्टर में इंडिया के लिए अपना आखिरी मैच खेला था. पैर के अंगूठे की चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा. इसके बाद वह कभी टीम में वापसी नहीं कर सके. हालांकि, इस वर्ल्ड कप के कारण वो अब तक ट्रोल होते आए हैं.
IPL की बात करें तो, शंकर ने 4 टीमों को रिप्रजेंट किया है. इसमें चेन्नई सुपर किंग्स (2014 और 2025), सनराइजर्स हैदराबाद (2017, 2019-2021), दिल्ली कैपिटल्स (2018) और गुजरात टाइटन्स (2022-2024) शामिल है. वह मौजूदा सत्र में किसी टीम का हिस्सा नहीं थे.
आंकड़ों की बात करें तो, शंकर ने 2012 में अपने डेब्यू के बाद कुल 77 फर्स्ट क्लास, 112 लिस्ट ए और 159 टी20 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 46.73 के औसत से 4,253 रन बनाए हैं. इनमें 13 सेंचुरी और 23 हाफ सेंचुरी शामिल हैं. साथ ही 43 विकेट भी लिए हैं. वहीं, लिस्ट ए में 34.87 के औसत से उन्होंने 2,790 रन बनाए हैं. इस दौरान दो सेंचुरी, 15 हाफ सेंचुरी और 73 विकेट लिए हैं. टी20 में शंकर के नाम 2,583 रन और 38 विकेट हैं.
वीडियो: IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन, क्या टीम इंडिया के कप्तान बनेंगे शुभमन गिल?

