The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Unfit Rani Rampal misses out as India name squad for women’s hockey WC

FIH हॉकी वर्ल्ड कप टीम से क्यों बाहर हुईं रानी रामपाल?

गोलकीपर सविता पूनिया बनीं इंडियन विमिंस हॉकी टीम की कैप्टन.

Advertisement
pic
22 जून 2022 (अपडेटेड: 22 जून 2022, 02:18 PM IST)
savita puniya and rani rampal
सविता पुनिया, रानी रामपाल (फोटो: ट्विटर)
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल को भारत की 18 सदस्यीय टीम से बाहर कर दिया गया है. ये टीम अगले महीने होने वाले FIH वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी. रानी की जगह अनुभवी गोलकीपर सविता पुनिया को टीम की कमान सौंपी गई है. और दीप ग्रेस इक्का को उपकप्तान बनाया गया है. महिला हॉकी वर्ल्ड कप का आयोजन 1 से 17 जुलाई तक नीदरलैंड्स और स्पेन की संयुक्त मेजबानी में होना है.

रानी के वर्ल्ड कप टीम से बाहर होने का कारण उनकी फिटनेस है. वह फिलहाल वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं. हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने के बाद रानी को बेल्जियम और नीदरलैंड्स में हाल ही में हुई FIH प्रो लीग के लिए चुना गया था. चोट के कारण रानी टोक्यो ओलंपिक के बाद से बाहर थीं. टीम का हिस्सा होने के बावजूद रानी ने लीग के यूरोपियन राउंड्स के पहले चार मैच नहीं खेले थे. और इसी कारण उन्हें वर्ल्ड कप टीम से बाहर रखा गया है.

भारत ने टीम के लिए लम्बे समय से खेल रही ज्यादातर प्लेयर्स को मौका दिया है. हाल के FIH प्रो लीग मुकाबलों में भारतीय टीम का हिस्सा रही डिफेंडर इशिका चौधरी और अक्षता अबासो ढेकाले, मिडफील्डर बलजीत कौर और स्ट्राइकर संगीता कुमारी को भी टीम में जगह नहीं मिली है.
 

भारतीय टीम:
गोलकीपर: सविता (कप्तान), बिचु देवी खरीबाम
डिफेंडर: दीप ग्रेस एक्का (उपकप्तान), गुरजीत कौर, निक्की प्रधान, उदिता
मिडफील्डर: निशा, सुशीला चानू पुखरामबम, मोनिका, नेहा, ज्योति, नवजोत कौर, सोनिका, सलीमा टेटे
फॉरवर्ड: वंदना कटारिया, लालरेमसियामी, नवनीत कौर, शर्मिला देवी
रिप्लेसमेंट खिलाड़ी: अक्षता अबासो ढेकाले, संगीता कुमारी

बता दें कि भारतीय महिला हॉकी टीम में उन सभी खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जो ओलंपिक अभियान का हिस्सा थे. भारतीय टीम के हेड कोच यानेक शॉपमैन ने कहा,

‘'हमने विश्व कप के लिए सर्वश्रेष्ठ टीम चुनी है. यह अनुभवी और युवा प्रतिभा का मिश्रण है जिन्होंने FIH प्रो लीग में टॉप टीम्स के खिलाफ मौका मिलने पर शानदार प्रदर्शन किया था.’

उन्होंने आगे कहा,

‘'चोट से पूरी तरह उबर पाने में नाकाम रही रानी के अलावा टोक्यो ओलंपिक अभियान का हिस्सा रही सभी खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है. जबकि ज्योति और सोनिका को भी शामिल किया गया है जिन्होंने मौका मिलने पर अच्छा प्रदर्शन किया.’

महिला हॉकी वर्ल्ड कप में भारत को पूल बी में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और चीन के साथ रखा गया है. सविता एंड कंपनी का शुरुआती मुकाबले में इंग्लैंड से सामना होगा, जिसके खिलाफ वो टोक्यो 2020 में अपना ब्रॉन्ज़ मेडल मैच हार गई थी. यह मैच नीदरलैंड के एम्स्टेलवीन के वैगनर स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत अपने सभी ग्रुप मैच इसी शहर में खेलेगा. भारत को क्वॉर्टर फाइनल तक पहुंचने के लिए ग्रुप टॉप करना होगा. अगर भारतीय टीम आगे बढ़ती है, तो वे सेमीफाइनल और फाइनल के लिए स्पेन के टेरेसा में अगला मुकाबला खेलेंगे.

लंदन में आयोजित पिछले वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने क्वॉर्टर फाइनल में जगह बनाई थी. जहां उन्हें पेनल्टी शूटआउट में सिल्वर मेडलिस्ट आयरलैंड से हार का सामना करना पड़ा था. भारतीय महिला टीम 1974 के वर्ल्ड कप के दौरान चौथे स्थान पर रही थी, जो अब तक का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.

 

Advertisement

Advertisement

()