स्पिन बॉलिंग को मिलेगी और धार, गंभीर के साथ ये दिग्गज देगा कोचिंग
टीम इंडिया को नया स्पिन बॉलिंग कोच मिलने वाला है. पूर्व कोच Rahul Dravid को खूब पसंद थे. IPL 2026 में पंजाब किंग्स के कोचिंग पैनल का हिस्सा हैं.

टीम इंडिया के स्पिनर्स को नया गुरु मिलने वाला है. मुंबई के पूर्व क्रिकेटर साईराज बहुतुले (Sairaj Bahutule) इंडियन टीम के नए स्पिन बॉलिंग कोच होंगे. IPL 2026 में वो पंजाब किंग्स के साथ जुड़े हैं. क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सीजन के खत्म होने के बाद वो पंजाब किंग्स का साथ छोड़ देंगे.
अफगानिस्तान सीरीज से शुरू होगा कार्यकालबीसीसीआई के एक सोर्स ने भी इसकी पुष्टि की. उन्होंने कहा,
हां, बहुतुले अगले दो साल के लिए बतौर स्पिन बॉलिंग कोच टीम इंडिया के साथ जुड़ने वाले हैं. इंडियन स्पिनर्स को एक अनुभवी स्पिन बॉलिंग कोच की जरूरत थी. इसे लेकर हेड कोच गौतम गंभीर और बीसीसीआई के टॉप ऑफिशियल्स ने बहुतुले से संपर्क किया है.
टीम इंडिया को जून में अफगानिस्तान के खिलाफ होम सीरीज खेलनी है. इसी सीरीज के साथ बहुतुले का कार्यकाल शुरू हो जाएगा.
ये भी पढ़ें : ‘गंभीर की कोचिंग से प्लेयर्स खुश नहीं’, पूर्व क्रिकेटर का सनसनीखेज आरोप
टीम इंडिया के साथ कर चुके हैं पहले भी काम53 साल के लेग स्पिनर बहुतुले टीम इंडिया को भी रिप्रजेंट कर चुके हैं. उन्होंने 1997 और 2003 के बीच भारतीय टीम के लिए 2 टेस्ट और 8 ODI मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उनके नाम 8 इंटरनेशनल विकेट हैं. वहीं, पूर्व ऑलराउंडर ने मुंबई के लिए 188 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 26 के औसत से 630 विकेट चटकाए हैं. साथ ही 31.83 के औसत से 6176 रन भी बनाए हैं.
ये पहली बार नहीं है कि बहुतुले टीम इंडिया के कोचिंग पैनल में शामिल होने वाले हैं. इससे पहले, उन्होंने बतौर बॉलिंग कोच और स्पिन बॉलिंग कंसल्टेंट टीम इंडिया के साथ काम किया है. उन्होंने राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में टीम इंडिया के साथ कुछ दौरे किए हैं. साथ ही वीवीएस लक्ष्मण के अंतरिम कार्यकाल के दौरान भी वो टीम के साथ कुछ सीरीज में रह चुके हैं.
नवंबर 2024 में साउथ अफ्रीका के वाइट बॉल टूर के दौरान वो बतौर हेड कोच भी रह चुके हैं. पिछले साल ओमान दौरे पर भी वह इंडिया की एमर्जिंग टीम के हेड कोच थे. 2023 में उन्होंने बतौर बॉलिंग कोच इंडियन टीम के साथ आयरलैंड और श्रीलंका का दौरा किया था. साथ ही एशियन गेम्स के दौरान भी उन्होंने यही भूमिका निभाई थी.
इसके अलावा, 2022-23 में भारत में खेले गए बॉर्डर गावस्कर टेस्ट सीरीज के दौरान भी वो टीम इंडिया के स्पिन बॉलिंग कंसल्टेंट थे. उन्होंने इंडिया के कई लीडिंग और अपकमिंग लेग स्पिनर्स के साथ काम किया है.
आईपीएल के अलावा घरेलू क्रिकेट में भी रहती है मांग2021 से 2024 के बीच बहुतुले बीसीसीआई के नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में भी स्पिन बॉलिंग कोच रह चुके हैं. वहीं, IPL की बात करें तो, वो राजस्थान रॉयल्स के स्पिन बॉलिंग कोच की भूमिका 2018 से 2021 के बीच और पिछले साल निभा चुके हैं. वहीं, इस बार वो पंजाब किंग्स में रिकी पोंटिंग की कोचिंग पैनल का हिस्सा हैं. इसके अलावा, इस मुंबईकर ने कई घरेलू टीम के लिए हेड कोच की भूमिका भी निभाई है. इसमें बंगाल, विदर्भ, केरल और गुजरात शामिल है.
टीम इंडिया के कोचिंग पैनल की बात करें तो, इसमें बतौर हेड कोच गौतम गंभीर के अलावा पहले से 4 लोग शामिल हैं. सितांशु कोटक बैटिंग कोच हैं. मॉने मॉर्कल फास्ट बॉलिंग कोच. टी दिलीप फील्डिंग कोच और रेयान टेन डेस्काटे बतौर असिस्टेंट कोच शामिल हैं. यानी इस पैनल में स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले का नाम भी जुड़ने वाला है. हालांकि, खुद बहुतुले ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की है.
वीडियो: BCCI खिलाड़ियों के लिए लागू करने वाला है सख्त नियम?

