T20 वर्ल्ड कप जीत पर जश्न के वो यादगार लम्हे, जिन्हें पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा
Captain Rohit Sharma से लेकर Couch Rahul Dravid और Virat Kohli, सब के लिए ये T20 World Cup जीत बहुत ख़ास थी.

17 साल का सूखा ख़त्म कर टीम इंडिया ने T20 वर्ल्ड कप ( Team India T20 World Cup win) जीता. जीत के जश्न की ख़ूब तस्वीरें और वीडियो सामने आए. ट्रॉफी जीतकर टीम भारत पहुंची. इस दौरान क्रिकेट फ़ैन्स का टीम के स्वागत के लिए ज़बरदस्त जज्बा दिखा. टीम इंडिया के खिलाड़ी वतन वापसी के बाद जहां-जहां पहुंचे, वहां-वहां फ़ैन्स का सैलाब उमड़ा. ये सैलाब देखकर 1983 वनडे वर्ल्ड कप, 2007 T20 वर्ल्ड कप और 2011 वर्ल्ड कप जीत की यादें ताज़ा हो गईं. फ़्लाइट से दिल्ली पहुंचने, पीएम मोदी से मिलने और मुंबई में विक्ट्री परेड के दौरान की टीम इंडिया की तस्वीरें और वीडियो देखकर लोग भावुक हुए. ऐसे में उन वीडियो का ज़िक्र ज़रूरी हो जाता है, जिन्हें बुढ़े होने पर हम अपने नाती-पोतों तक को दिखाएंगे. बताएंगे कि टीम इंडिया की जीत पर पूरा भारत कैसे झूमा था.
1. पहला मौक़ा आया जीत के तुरंत बाद. टीम इंडिया को ट्रॉफ़ी मिल चुकी थी. पूरा देश जश्न में डूबा ही था. इस बीच विराट कोहली ग्राउंड में भांगड़ा करते दिखे. साथ में थे अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और रिंकू सिंह. सभी खिलाड़ी पंजाबी गाने में झूमते नज़र आए. सोशल मीडिया यूज़र्स ने लिखा- हिंदू, मुस्लिम, सिख. सभी धर्म के लोगों का ऐसा सामंजस्य भारत में ही दिख सकता है.
2. राहुल द्रविड. इनका शांत स्वभाव, सूझबूझ के साथ रहना और टीम को संभालना बड़ा मशहूर है. लेकिन इस T20 वर्ल्ड कप के बाद उत्साही दिखे. मौक़ा भी ऐसा था. जब ट्रॉफ़ी बार-बार क़रीब आकर हाथ ना लगे और अंततः आप उसे जीत लें, तो जो भाव होता है. वही राहुल द्रविड के साथ दिखा.
3. टीम इंडिया ने T20 वर्ल्ड कप जीत लिया. मौक़ा आया ट्रॉफ़ी लेने का. पूरी टीम ग्राउंड पर खड़े कैप्टन रोहित शर्मा का इंतज़ार कर रही थी. इस बीच रोहित जैसे पहुंचे, उसकी बड़ी चर्चा हुई. वीडियो सामने आया, तो लोगों ने कहा कि ये रॉ इमोशन था.
4. T20 वर्ल्ड कप विजेता टीम इंडिया दिल्ली पहुंची. जगह ITC मौर्य होटल. यहां रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव समेत दूसरे खिलाड़ी ढोल की थाप पर नाचते हुए दिखाई दिए.
ये भी पढ़ें - 'हार्दिक पांड्या भारत के थॉर हैं..' टी-शर्ट किसने फेंकी थी? हंसी नहीं रोक पाए बुमराह
5. एक यादगार लम्हा टीम इंडिया का पीएम मोदी से मुलाक़ात बना. पिछला वर्ल्ड कप हारने के बाद पीएम खिलाड़ियों को सांत्वना दिलाते दिखे थे. ऐसे में जीत के बाद उनका टीम इंडिया के खिलाड़ियों के साथ मिलना सबके जेहन में बैठ गया.
6. मौक़ा विक्ट्री परेड का. जगह मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम. सारे खिलाड़ी ट्रॉफ़ी के साथ पूरे ग्राउंड का चक्कर लगाते दिखे. इस बीच फ़ैन्स भी झूमते दिखे.
क्रिकेट फ़ैन्स ख़ुश हैं. जश्न का दौर अभी जारी है. हो सकता है कई और लम्हे अभी लोगों के मोबाइल कैमरों से निकलकर बाहर आते रहें.
वीडियो: T20 World Cup जीतने के बाद दिल्ली पहुंची टीम इंडिया, खुशी से झूमते नजर आए रोहित-सूर्या!

