The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • T20 World Cup Best match afg vs rsa two super over Rashid khan felt helpless after defeat

T20 वर्ल्ड कप का 'फाइनल' देख लिया! ऐसा था साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान का मैच

T20 वर्ल्ड कप 2026 : साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच सबसे रोमांचक मुकाबला खेला गया. मैच के दौरान 20 ओवर के बाद मैच टाई होने के बाद पहला सुपर ओवर भी टाई हो गया. दूसरे सुपर ओवर में भी अंतिम गेंद पर विजेता का फैसला हुआ.

Advertisement
T20 World Cup 2026, Afg vs RSA
साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को दूसरे सुपर ओवर में 4 रनों से हराया. (फोटो-AFP)
pic
सुकांत सौरभ
11 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 05:36 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

6 गेंद 24 रन. पहली दो गेंद पर कोई रन नहीं. एक विकेट भी गंवा दिया. अब 4 गेंद 4 छक्के. सामने कोई भी बैटर हो, ये टास्क इंपॉसिबल नज़र आता है. लेकिन, ऐसा ही एक इंपॉसिबल, पॉसिबल होते-होते रह गया. रहमनुल्लाह गुरबाज ने लगातार 3 छक्के भी लगा दिए. अंतिम बॉल से पहले वाइड हो गई तो लगा पहली बार तीसरा सुपर ओवर होने वाला है. क्योंकि अब एक चौका भी मैच को सुपर ओवर में पहुंचा देता. लेकिन, केशव महाराज ने वाइड यॉर्कर की लाइन की नहीं छोड़ा. गुरबाज पॉइंट को क्रॉस नहीं करा सके. अफगानिस्तान बहुत करीब पहुंचकर भी प्रोटियाज से 4 रन से हार गया.

क्या गजब मुकाबला हुआ?

T20 वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे रोमांचक मुकाबले में हमने इतिहास बनते देखा. ऐसा लगा T20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला चल रहा हो. 20वें ओवर की पहली गेंद से शुरू हुआ रोमांच. दूसरे सुपर ओवर के अंतिम गेंद तक चला. कभी साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारी होता. कभी अफगान प्रोटियाज पर हावी होते. लेकिन, अंतत: इस मेंटल बैटल को साउथ अफ्रीका ने अपने नाम कर लिया. इसी के साथ अफगानिस्तान की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं. डेथ ग्रुप में होने के कारण उनके लिए ये मुकाबला करो या मरो का था. लेकिन, एक बार फिर करीब जाकर वो दो अंक अपनी झोली में नहीं डाल सके.

20वें ओवर में हुई रोमांच की शुरुआत

इस रोलर कोस्टर की शुरुआत हुई 20वें ओवर में. अफगानिस्तान 9 विकेट गंवा चुका था. स्ट्राइक पर थे नूर अहमद. 19वें ओवर में उन्होंने एक शानदार छक्का लगाकर मैच में अफगानिस्तान की वापसी करा दी थी. लेकिन, अब 20वें ओवर में उनके सामने था 13 रनों का लक्ष्य. मार्करम ने अपने सबसे भरोसेमंद बॉलर कगिसो रबाडा को गेंद थमाई. पहली ही बॉल पर रबाडा ने लेग स्टंप पर एक लो फुल टॉस डाली. गेंद नूर के बल्ले का किनारा लेकर सीधा कवर्स में खड़े कप्तान मार्करम के हाथों में चली गई. मतलब मैच खत्म.

लेकिन, ये तो रोलर कोस्टर की शुरुआत थी. अंपायर ने नो बॉल का इशारा कर दिया. यानी एक रन भी मिल गया और नूर को फ्री हिट भी मिल गई. अगली बॉल रबाडा ने फिर वाइड फेंक दी. अब 6 गेंद 11 रन बचे. नूर ने लॉन्ग ऑफ पर शॉट लगाया. वहां येन्सन मौजूद थे. उन्हें कैच ड्रॉप कर दिया. लेकिन, डबल नहीं होता इसलिए नूर नहीं दौड़े. अब 5 गेंद में 11 रन चाहिए थे. रबाडा फ्री हिट पर तो बच गए. लेकिन, अगली गेंद स्लोअर बाउंसर की कोश‍िश में शॉर्ट फेंक दी. इस बार नूर पूरी तरह से तैयार थे. उन्होंने डीप स्कवायर लेग पर शानदार पुल लगाया और गेंद सीमा के पार गिरी.

ये भी पढ़ें : India vs Pakistan T20 World Cup: भारत से फिर हारेगा पाकिस्तान! खुद उनके कप्तान ने बता दिया

अब 4 गेंद में महज 5 रन बचे. नूर ने इस बार ग्राउंडेड शॉट लगाया. गेंद पर सिंगल तो हो सकता था क्योंकि वो लॉन्ग ऑन तक पहुंच गई थी. लेकिन, डबल की उम्मीद नहीं बनते देख दोनों बैटर बीच में आकर भी लौट गए. रबाडा ने फिर ऑफ स्टंप पर फुल गेंद की. इस बार नूर उसे दो फील्डर्स के बीच में धकेलने में सफल रहे. डबल आराम से हो गया. लेकिन, रुकिए. ये तो रोलर कोस्टर है. एक बार फिर रबाडा ने ओवरस्टेप कर दी.

यानी अब 3 गेंद में जीत के लिए सिर्फ दो रन बचे. उसमें भी अगली बॉल फ्री हिट. मतलब अफगानिस्तान की जीत निश्चित. फ्री हिट में नो बॉल की तरह ही बैटर्स सिर्फ एक तरीके से आउट हो सकता है, रन आउट. लीजिए, ये भी हो गया. डबल की कोश‍िश में फारूकी ने एक बड़ी गलती कर दी. अगर वो डाइव लगाते तो मैच खत्म हो जाता. लेकिन, उन्होंने डाइव नहीं लगाई और येन्सन की सटीक थ्रो पर रबाडा ने समय रहते गिल्लियां बिखेर दीं. मैच अब सुपर ओवर में पहुंच गया.

पहला सुपर ओवर भी टाई

पहला सुपर ओवर शुरू हुआ. अफगानिस्तान ने ओमरजई और गुरबाज को भेजा. मार्करम ने एनगिडी को गेंद थमाई. ओमरजई ने पहली ही बॉल पर चौका लगा दिया. इससे पहले, एनगिडी अपनी लेंथ सही करते. अगली बॉल पर उन्हें छक्का लग चुका था. ए‍नगिडी ने इसके बाद अगली दो गेंद पर सिंगल ही दिया. 5वीं बॉल पर अजमत ने फिर चौका बटोर लिया. 5 गेंदों में 16 रन हो चुके थे. अंतिम गेंद आई और इस बार एक और सिंगल के साथ सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 17 रन बना लिए.  अब सवाल था क्या साउथ अफ्रीका 18 रन बना पाएगा.

राश‍िद ने फारूकी को गेंद थमाई. स्ट्राइक पर आए मिलर और ब्रेविस. पहली बॉल पर सिंगल के साथ मिलर दूसरी छोर पर पहुंच गए. स्ट्राइक पर अब थे मिनी एबी. उन्होंने पहली ही गेंद पर शानदार छक्का जड़ दिया. गेंद उनके पाले में गिरी और उन्होंने डीप मिडविकेट पर 97 मीटर का छक्का लगा दिया. अब प्रोटियाज को जीत के लिए 3 गेंदों में 11 रन चाहिए थे. स्ट्राइक पर आए ट्रिस्टन स्टब्स. वैसे उनके लिए मैच अच्छा नहीं रहा था. लेकिन, स्टब्स की किस्मत उनके साथ थी. 

पहली ही गेंद पर एज लगकर विकेट के पीछे चौका चला गया. अब दो गेंद 7 रन बचे. फारूकी ने ऑफ स्टंप पर फुलर गेंद डाली. गेंद डॉट हो गई. अब एक छक्का मतलब सुपर ओवर. बाकी कुछ भी हो तो अफगानिस्तान की जीत. लेकिन, स्टब्स भी मन बना चुके थे. फारूकी ने वाइड लाइन यॉर्कर ट्राई की. वो चूक गए और गेंद फुल टॉस हो गई. स्टब्स ने उनके सिर के ऊपर से सामने का छक्का लगा दिया. माने मैच अब दूसरे सुपर ओवर में पहुंच चुका था.

दूसरे सुपर ओवर में हुआ फैसला

दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने स्टब्स और मिलर को कंटिन्यू करने दिया. इधर, राश‍िद ने एक बार फिर पेसर पर भरोसा जताया. उनके पास 4 स्पिनर्स के विकल्प थे. पर उन्होंने चुना ओमरजई को. स्टब्स और मिलर भी तैयार थे. दोनों ने मिलकर इस बार 23 रन बटोर लिए. मिलर ने दो और स्टब्स ने एक छक्का लगाया. अब प्रेशर पूरी तरह से अफगानिस्तान पर था. 6 गेंदें 24 रन. उन्होंने इस बार ओमरजई की जगह नबी को स्ट्राइक लेने दिया. ओमरजई नॉन स्ट्राइकर एंड पर रहे. लेकिन, मार्करम ने बड़ी चाल चली. गेंद केशव महाराज को थमा दिया.

पहली बॉल डॉट. दूसरी पर नबी आउट हो गए. अब स्ट्राइक पर आए गुरबाज. 84 रनों की पारी खेलकर टीम को मैच में वापसी कराने वाले गुरबाज के सामने सिर्फ एक लक्ष्य था. 4 बॉल 4 छक्के. उन्होंने लगातार तीसरा छक्का लगाया तो लगा कि इस मैच में कुछ भी संभव है. शायद चौथा छक्का भी आ रहा है. केशव इतने दबाव में थे कि अगली गेंद उन्होंने वाइड फेंक दी. यानी अब 1 गेंद पर चौका लगा तो तीसरा सुपर ओवर. छक्का लगा तो मैच अफगानिस्तान के नाम. केशव ने वाइड लाइन को नहीं छोड़ा. गुरबाज ने पॉइंट के ऊपर से गेंद को पार कराना चाहा. लेकिन, गेंद और मैच दोनों सीधा मिलर के हाथों में चला गया. 

अफगानिस्तान ये मैच जरूर हार गया. लेकिन, अहमदाबाद में हुआ ये मुकाबला क्रिकेट के सबसे रोमांचक मुकाबलों के इतिहास में जुड़ गया. अफगानिस्तान की आगे की राह बहुत मुश्किल हो गई है. क्योंकि सुपर 8 में पहुंचने के लिए अब उन्हें सिर्फ अपने मुकाबलों में जीत की जरूरत नहीं होगी. उन्हें ये भी उम्मीद करनी होगी कि यूएई और कनाडा कोई चमत्कार कर दे.  

वीडियो: T20 World Cup: सूर्यकुमार यादव की टीम को क्यों याद आ रहे रोहित शर्मा, विराट कोहली?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()