The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • T20 WC 2026 English team looked baffled against spinners in Mumbai against West Indies

न्यूजीलैंड से ही सीख लेते, इंग्लैंड वाले फिर स्पिन के आगे नज़र आए बेबस!

T20 वर्ल्ड कप 2026 : इंग्लिश टीम को टूर्नामेंट से पहले बड़ा दावेदार माना जा रहा था. लेकिन, पहले नेपाल ने उन्हें कड़ी टक्कर दी. अब वेस्टइंडीज ने उन्हें 30 रनों से हरा दिया. वहीं, न्यूजीलैंड ने अपने दोनों मैच जीत लिए. उनके बैटर्स स्पिनर्स के आगे बहुत ठोस नज़र आ रहे हैं.

Advertisement
pic
11 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 01:39 AM IST)
Eng vs WI, Gudakesh Motie
गुडाकेश मोती ने इंग्लैंड के ख‍िलाफ 3 विकेट झटके. (फोटो-PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, फिन एलेन. न्यूजीलैंड के बैटर्स के लिए भी स्पिनर्स के ख‍िलाफ सबकॉन्टिनेंट में रन बनाना आसान नहीं होता था. लेकिन, पिछले दो साल में जिस तरह उन्होंने अपनी इस कमजोरी पर काम किया है. T20 वर्ल्ड कप 2026 में इसका असर साफ नज़र आ रहा है. अफगानिस्तान के ख‍िलाफ उनकी जीत इसका सबसे बेहतरीन उदाहरण है. साथ ही इंड‍िया के ख‍िलाफ हाल में हुई सीरीज में भी स्पिनर्स के सामने उनका अटैकिंग माइंडसेट ODI सीरीज में जीत का कारण रहा था. 

दूसरी तरफ इंग्ल‍िश टीम है. एक बार फिर, वही गलतियां दोहराती नज़र आ रही है. वेस्टइंडीज के ख‍िलाफ ग्रुप स्टेज मैच में वो कैरेेबियाई स्पिनर्स के आगे बेबस नज़र आ रहे थे. बेथेल, बैंटन और ब्रूक का श‍िकार, जहां मोती ने किया. बटलर और जैक्स को चेज ने फंसा लिया. रही सही कसर ओवर्टन को हुसैन ने उलझाकर पूरा कर दिया. माने इंग्लैंड के 6 टॉप ऑर्डर बैटर कैरेबियाई फिरकी में नाच कर रह गए.

गलतियों से नहीं सीख पाए अंग्रेज

इससे पहले, इंडिया में हुई ODI सीरीज और पाकिस्तान में हुई चैंपियंस ट्रॉफी में भी इंग्लिश टीम इन्हीं गलतियों को दोहराकर शुरुआती स्टेज से ही बाहर हो गई थी. इस बार तैयारी के‍ लिए वो श्रीलंका गए. वहां मैच भी जीते, लेकिन तकनीकी खामियों को दूर नहीं कर सके. नतीजा, मुंबई की स्पिन की मददगार पिच पर वह असहाय नज़र आ रहे थे. 197 रन के टारगेट को चेज करते हुए पूरी टीम 166 पर सिमट गई.  

ये भी पढ़ें : पाकिस्तानी गेंदबाज उस्मान तारिक की कहानी टीम इंडिया के लिए चुनौती बनने से ज्यादा बड़ी है

मैच के दौरान कॉमेंट्री कर रहे पूर्व इंग्लिश कप्तान नासिर हुसैन अपने साइन ऑफ में सिर्फ यही बोल सके कि वेस्टइंडीज ये मैच जीतना डिजर्व करती थी. 2016 के बाद ये पहली बार है, जब T20 वर्ल्ड कप में कै‍रेबियाई टीम ने अंग्रेजों को मात दी है. पिछली बार भी जब उन्होंने ये कारनामा किया था, वर्ल्ड कप भारत में ही हुआ था. इस बार भी उनका ये मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेड‍ियम में हुआ.

रदरफोर्ड ने कर दिया खेल

300 की बातें करने वाले इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने वेस्टइंडीज को हल्के में नहीं लिया. नेपाल ने उन्हें वो सीख दे दी थी. लेकिन, जो काम नेपाल नहीं कर सका वो वेस्टइंडीज ने कर दिखाया. कप्तान ब्रूक ने कैरेबियाई टीम के ख‍िलाफ टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी. महज 8 रन पर दोनों ओपनर्स को पवेलियन भी भेज दिया. लेकिन, इसके बाद पहले हेटमायर और चेज. और अंत में शरफेन रदरफोर्ड ने वेस्टइंडीज को 196 तक पहुंचा दिया. रदरफोर्ड ने 42 गेंदों पर 76 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 7 छक्के लगाए.

इंग्लैंड के सामने 197 रन का लक्ष्य था. लेकिन, सैम कर्रन को छोड़ दें तो ओपनर फिल सॉल्ट के बाद किसी को वो स्टार्ट नहीं मिला कि कर्रन का साथ दे सकें. कर्रन एक छोर पर नॉटआउट रह गए. इधर, पूरी टीम एक-एक कर पवेलियन में पहुंच गई. इंग्लैंड खैर मनाए कि नेपाल के ख‍िलाफ अंतिम बॉल तक चले मुकाबले में उन्हें जीत मिल गई थी. वरना उनके लिए आगे की राह आसान नहीं होती. 

वीडियो: T20 World Cup 2026 में नेपाल ने इंग्लैंड को खूब नचाया!

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()