The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Sports Ministry asks WFI to respond within 72 hours on sexual harassment allegations

3 दिन में बृजभूषण शरण सिंह जवाब दें, वरना झेलना पड़ेगा- पहलवानों के आरोपों पर सरकार सख्त

बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के मामले में सरकार ने दखल दिया

Advertisement
pic
19 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 19 जनवरी 2023, 11:44 AM IST)
Sports Ministry asks WFI to respond within 72 hours
धरने पर बैठे खिलाड़ी (दाएं), WFI अध्यक्ष (बाएं) (फोटो- आज तक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI). भारतीय कुश्ती को चलाने वाली इस संस्था के खिलाफ़ कई पहलवान दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे हैं. इस मामले को लेकर अब खेल मंत्रालय ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया से अगले 72 घंटे के भीतर जवाब मांगा है.

रिपोर्ट के मुताबिक केंद्र सरकार की ओर से कहा गया है कि अगर WFI ने अगले तीन दिनों में जवाब नहीं दिया, तो खेल मंत्रालय ‘राष्ट्रीय खेल विकास संहिता, 2011’ के प्रावधानों के तहत कुश्ती महासंघ के खिलाफ कार्रवाई शुरू करेगा.

इस मामले में खेल मंत्रालय की ओर से कहा गया,

“क्योंकि ये मामला एथलीटों की भलाई से जुड़ा हुआ है, मंत्रालय ने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया है. अगर WFI अगले 72 घंटों के भीतर जवाब देने में विफल रहता है तो मंत्रालय महासंघ के खिलाफ कार्रवाई करेगा.”

# क्या आरोप लगे हैं?

WFI के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने WFI के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर तानाशाही के आरोप लगाए हैं. धरना दे रहे खिलाड़ियों में टोक्यो ओलंपिक के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट बजरंग पूनिया और वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीत चुकीं विनेश फोगाट सहित कई रेसलर्स शामिल हैं.

WFI के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और कोच पर विनेश फोगाट ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं. इन आरोपों को लेकर बृजभूषण सिंह ने सफाई भी दी है. लेकिन, उनके बयान से पहले ये जान लेते हैं कि क्या-क्या आरोप लगे हैं.

धरना दे रहे रेसलर्स का कहना है कि फेडरेशन द्वारा उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश की जा रही है. इतनी मेहनत से देश के लिए मेडल जीतने के बावजूद भी उन्हें वो सम्मान नहीं मिल रहा है, जो उन्हें दिया जाना चाहिए. यहां तक विनेश फोगाट ने ये भी कहा कि किसी भी खिलाड़ी के साथ कुछ होता है, तो इसके जिम्मेदार बृजभूषण शरण सिंह होंगे.

उन्होंने कहा,

“महिला पहलवान को कई तरह की परेशानी होती है, रेसलिंग फेडरेशन के प्रेसिडेंट के द्वारा महिला खिलाड़ियों का शोषण किया गया. फेडरेशन खिलाड़ियों पर जबरदस्ती बैन लगाता है, जिससे वो नहीं खेल सकें. अगर किसी भी खिलाड़ी को कुछ होता है, तो उसके ज़िम्मेदार रेसलिंग फेडरेशन के प्रेसिडेंट होंगे.”

वहीं धरने पर बैठे भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया ने फेडरेशन में बदलाव की मांग करते हुए कहा,

“हम चाहते हैं कि फेडरेशन में बदलाव हो. भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) द्वारा रेसलर्स को परेशान किया जा रहा है. जो लोग WFI का हिस्सा हैं, उन्हें इस खेल के बारे में कुछ नहीं पता है.”  

# बृजभूषण शरण सिंह का पक्ष

प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर जो आरोप लगाए हैं, उन पर बृजभूषण ने सफाई दी है. उन्होंने कहा,

“क्या पिछले दस सालों से फेडरेशन में कोई दिक्कत नहीं थी? जब नए नियम कायदे आते हैं तो नई समस्याएं भी सामने आती हैं. क्या कोई सामने आ कर ये कह सकता है कि फेडरेशन ने किसी एथलीट को परेशान किया है?”

विनेश फोगाट के तमाम आरोपों में एक आरोप यह भी है कि बृजभूषण ने उन्हें खोटा सिक्का बताया था. इस पर बृजभूषण ने कहा कि उन्होंने विनेश को खोटा सिक्का नहीं कहा था. बोले कि उन्होंने विनेश के सिर पर स्पर्श किया और कहा कि टोक्यो ओलंपिक में हार की चिंता मत करो.

वीडियो: सरफ़राज़ खान एक बार फिर 100 रन बनाकर टीम इंडिया और ब्रैडमेन पर क्या बोले?

Advertisement

Advertisement

()