'मैंने कहा संजू अगले धोनी बनेंगे, तो गंभीर बोले किसी की तरह बनने की जरूरत नहीं', थरूर ने सब बताया
शशि थरूर ने बताया कि उन्होंने संजू सैमसन से पहली बार तब मुलाकात की थी जब संजू सिर्फ 14 साल के थे. उस समय थरूर ने संजू से कहा था कि वो भविष्य में एमएस धोनी की तरह बनेंगे. लेकिन फिर गौतम गंभीर ने उनसे कुछ और बात कही.

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने संजू सैमसन की तारीफ करते हुए एक पुरानी याद साझा की है, जो अब IPL 2026 से जुड़ी खबर बन गई है. थरूर ने बताया कि उन्होंने संजू सैमसन से पहली बार तब मुलाकात की थी जब संजू सिर्फ 14 साल के थे. उस समय थरूर ने संजू से कहा था कि वो भविष्य में एमएस धोनी की तरह बनेंगे. लेकिन बाद में भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर ने शशि थरूर को सुधारते हुए कहा कि संजू को किसी की तरह बनने की जरूरत नहीं है.
ANI से बात करते हुए शशि थरूर ने संजू सैमसन के बारे में एक पुरानी और दिल छू लेने वाली बात याद की. उन्होंने कहा,
"मैं उनके लिए अंकल जैसा रहा हूं, क्योंकि मैं उनसे तब मिला था जब वो सिर्फ 14 साल के थे. मैंने उन्हें बहुत हौसला दिया. मैंने 14 साल की उम्र में ही उनसे कहा था कि तुम अगले एमएस धोनी बनोगे. कई साल बाद जब मैंने ये बात दोहराई, तो मेरे दोस्त गौतम गंभीर ने मुझे टोका और कहा, 'नहीं-नहीं, उन्हें किसी की तरह बनने की जरूरत नहीं है. वो पहले और अकेले संजू सैमसन बनेंगे.' और अब देखिए, बिल्कुल वैसा ही हो गया है."
शशि थरूर ने ये भी कहा कि संजू को अब वनडे टीम में वापस मौका मिलना चाहिए, क्योंकि उनकी आखिरी वनडे पारी में उन्होंने शतक लगाया था और उसके बाद उन्हें ड्रॉप कर दिया गया था. उन्होंने कहा,
"वो पूरी तरह फोकस्ड, शांत और कंपोज्ड दिख रहे थे. वो किसी भी बॉलर से परेशान नहीं हुए. उनकी बैटिंग एकदम फ्लो में हो रही थी. उनकी बैटिंग देखना काफी सुखद था. मैं उन्हें ODI टीम में भी खेलते देखना चाहता हूं. उन्हें चांस मिलना चाहिए."
बता दें कि संजू सैमसन ने हाल ही में T20 वर्ल्ड कप 2026 में कमाल की बैटिंग की थी. भारत ने ये वर्ल्ड कप जीता और संजू को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. उन्होंने सिर्फ 5 मैच खेले, लेकिन तीन लगातार अर्धशतक लगाए और कुल 321 रन बनाए. उनकी बैटिंग देखकर थरूर बहुत प्रभावित हुए.
IPL 2026 की बात करें तो संजू सैमसन अब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ जुड़ गए हैं. पहले वो राजस्थान रॉयल्स (RR) के साथ लंबे समय तक थे, लेकिन अब ट्रेड के जरिए CSK में आए हैं. 19 मार्च 2026 को संजू CSK के ट्रेनिंग कैंप में पहुंचे. वहां उनकी एमएस धोनी से हल्की-फुल्की बातचीत का एक वीडियो भी वायरल हुआ. ये पहली बार है जब संजू और धोनी IPL में एक ही ड्रेसिंग रूम में साथ होंगे.
संजू ने धोनी के बारे में कहा कि महेंद्र सिंह धोनी उनके करियर में बहुत पॉजिटिव प्रभाव डालते रहे हैं. उन्होंने धोनी से फोन पर और मिलकर बात की है. ये उनके लिए बड़ा मौका है कि वो धोनी जैसे लेजेंड के साथ खेलें और सीखें.
वीडियो: IPL से पहले ऋषभ पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए क्या कदम उठाया?

.webp?width=60)
