रोहित की ऐसी पोस्ट, देखकर विराट फ़ैन्स का दिल खुश हो जाए!
रोहित ने सोशल मीडिया पर जीता दिल.

Virat Kohli और Rohit Sharma. टीम इंडिया के दो दिग्गज. दोनों बल्लेबाज World Cup 2023 में बेहतरीन फ़ॉर्म में चल रहे हैं. बांग्लादेश के खिलाफ़ इन दोनों ने ही कमाल की बैटिंग की. कोहली ने बेहतरीन सेंचुरी मारते हुए भारत को जीत दिलाई. जबकि रोहित ने एक बार फिर से टीम को कमाल की शुरुआत दिलाई.
इस मैच में विराट ने अपनी सेंचुरी बनाने के लिए जो कलाकारी की, उस पर रोहित का रिएक्शन खूब वायरल हुआ. रोहित के हंसने की तस्वीरें और वीडियोज़ सोशल मीडिया पर फैली पड़ी हैं. लेकिन मैच के बाद रोहित ने सोशल मीडिया पर जो पोस्ट किया, वो इन तमाम चीजों से ज्यादा वायरल हो सकता है.
यह भी पढ़ें: शतक पूरा करते ही विराट कोहली ने जड्डू से मांग ली माफी!
रोहित ने मैच के अगले दिन, 20 अक्टूबर शुक्रवार को दो तस्वीरें शेयर कीं. पहली फ़ोटो में वह और केएल राहुल, विराट कोहली से गले मिल रहे हैं. जबकि दूसरी में केएल राहुल और मोहम्मद सिराज ने विराट कोहली को कस कर गले लगा रखा है. उनके बीच में विराट खो से गए हैं. जबकि इनके पीछे रविंद्र जडेजा खड़े हैं और सामने की ओर रोहित शर्मा.
इन दो तस्वीरों के साथ रोहित ने लिखा,
‘एकसाथ’
बात मैच की करें तो बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया. और बांग्ला टाइगर्स की शुरुआत भी अच्छी हुई. उन्होंने पहले विकेट के लिए 14.4 ओवर्स में 93 रन की पार्टनरशिप कर डाली. लेकिन इसी टोटल पर तंज़िद हसन 51 रन बनाकर आउट हो गए. और फिर 110 के टोटल पर कप्तान नज़मुल हसन शांतो भी वापस लौट गए.
नज़मुल को शाकिब की चोट के चलते लास्ट मोमेंट पर इस मैच की कप्तानी सौंपी गई थी. अगले बल्लेबाज मेहदी हसन मिराज़ से भी कुछ खास नहीं हुआ. तौहीद ह्रदय भी 16 रन ही बना पाए. इन सबके बीच दूसरे ओपनर लिटन दास भी 66 रन बनाकर वापस लौट गए. मुशफिक़ुर रहीम ने 38 और महमूदुल्लाह ने 46 रन की पारियां खेलीं. बांग्लादेश ने अपने पचास ओवर्स में 256 रन बनाए.
यह भी पढ़ें: शतक के लिए ऐसी बेताबी, विराट कोहली पूरी दुनिया को हंसा गए!
भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा ने दो-दो, जबकि शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला. जवाब में भारत ने कमाल की शुरुआत की. रोहित और शुभमन ने 12.4 ओवर्स में ही 88 रन जोड़ डाले. इसी स्कोर पर रोहित 48 रन बनाकर आउट हुए. गिल ने 53 रन का योगदान दिया. जबकि श्रेयस अय्यर के बल्ले से 19 रन आए. केएल राहुल 34 रन बनाकर नाबाद लौटे.
जबकि विराट कोहली 97 गेंदों पर 103 रन बनाकर नाबाद लौटे. भारत ने 41.3 ओवर्स में तीन विकेट खोकर जीत के लिए जरूरी रन बना लिए. यह वर्ल्ड कप में भारत की लगातार चौथी जीत थी. टीम इंडिया अभी पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है. भारत का अगला मैच टेबल टॉपर्स न्यूज़ीलैंड से होगा. यह मैच संडे, 22 अक्टूबर को धर्मशाला में खेला जाएगा.
वीडियो: रोहित शर्मा ने लगाए कमाल के शॉट्स, दुखी फ़ैन्स बोले...!

