मुंबई के खिलाफ बॉलिंग से पहले ही पंजाब ने अपनी जीत तय कर ली थी!
पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को दिया था 215 रन का लक्ष्य. जीत 13 रन से मिली.

IPL 2023. मुंबई इंडियंस बनाम पंजाब किंग्स. मुंबई इंडियंस ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. पंजाब ने बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के सामने 215 रन का बड़ा लक्ष्य रखा. टीम की तरफ से कप्तान सैम करन ने 55 जबकि हरप्रीत सिंह भाटिया ने 41 रन की पारी खेली. पंजाब की टीम ने आखिरी 6 ओवरों में कुल 109 रन बनाए.
टॉस हार कर बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम को 18 रन पर पहला झटका लगा. पंजाब ने पावर प्ले में एक विकेट के नुकसान पर 58 रन बनाए. मैथ्यू शॉर्ट 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. प्रभसिमरन सिंह भी टीम के लिए बड़ी पारी नहीं खेल पाए. अर्जुन तेंदुलकर ने प्रभसिमरन सिंह को 26 रन पर आउट किया. इसके बाद टीम को 82 के स्कोर पर तीसरा झटका लियम लिविंगस्टन के रूप में लगा जो सिर्फ 10 रन बनाकर पीयूष चावला की गेंद पर स्टंप आउट हो गए. पंजाब ने इसके बाद 83 के स्कोर पर अपना चौथा विकेट अथर्व तायडे के रूप में गंवा दिया जो पीयूष चावला की गेंद पर बोल्ड आउट हुए.
83 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा चुकी पंजाब किंग्स की पारी को कप्तान सैम करन ने हरप्रीत सिंह भाटिया के साथ मिलकर पहले संभाला. फिर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए दोनों खिलाड़ी ने टीम के लिए बड़ा स्कोर खड़ा किया. पंजाब की टीम ने 15 ओवरों का खेल समाप्त होने तक 4 विकेट के नुकसान पर 118 रन बनाए थे. इसके बाद पारी का 16वां ओवर जो अर्जुन तेंदुलकर ने फेंका. इस ओवर में सैम करन और हरप्रीत सिंह भाटिया ने मिलकर कुल 31 रन बटोरे और स्कोर को 149 रनों तक पहुंचा दिया.
पंजाब की टीम ने 17वें ओवर में कुल 13 रन बनाए जिससे टीम का स्कोर 162 रन पहुंच गया. पारी के 18वें ओवर में पंजाब की टीम को हरप्रीत के रूप में 5वां झटका जरूर लगा लेकिन उन्होंने इस ओवर में भी कुल 25 रन के साथ स्कोर को तेजी के साथ 187 रनों तक पहुंचा दिया.
सैम करन और हरप्रीत सिंह भाटिया के बीच में 5वें विकेट के लिए 50 गेंदों में 92 रनों की साझेदारी देखने को मिली. पंजाब किंग्स की टीम को छठवां झटका सैम करन के रूप में 197 के स्कोर पर लगा जो 29 गेंदों में 4 छक्के और 5 चौकों की मदद से 55 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटे.
आखिरी ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे जीतेश शर्मा ने सिर्फ 7 गेंदों में 4 छक्कों की मदद से 25 रनों की तेज पारी खेली. इसी के साथ पंजाब की टीम ने आखिरी की 36 गेंदों में 109 रन जोड़ 214 रन का टोटल स्कोर बनाया. मुंबई की तरफ से गेंदबाजी में कैमरून ग्रीन और पीयूष चावला ने 2-2 विकेट हासिल किए जबकि अर्जुन तेंदुलकर, जेसन बेहरनडॉर्फ और जोफ्रा आर्चर ने 1-1 विकेट हासिल किया.
जवाब में खेलने उतरी मुंबई इंडियंस को 10 रन के अंदर पहला झटका लगा. टीम ने पावर प्ले में एक विकेट के नुकसान पर 54 रन बनाए. इस मैच में इशान किशन एक रन पर पवेलियन लौट गए. वहीं, कप्तान रोहित शर्मा अर्धशतक से चूक गए. रोहित ने 44 रन बनाए. इसके बाद कैमरून ग्रीन और सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी कर पारी संभाली. कैमरून ग्रीन 67 रन बनाकर आउट हुए. सूर्यकुमार यादव भी अर्धशतकीय पारी खेलकर आउट हुए. सूर्या ने 219.23 की स्ट्राइक रेट से 26 गेंदों पर 7 चौके और 3 छक्के की मदद से 57 रन बनाए. उनको अर्शदीप सिंह ने आउट किया. सूर्या के आउट होने के बाद क्रीज़ पर तिलक वर्मा ने एंट्री ली. टीम ने 19वें ओवर तक 199 रन बना लिए थे. इसी के साथ मुंबई इंडियंस को जीत के लिए आखिरी 6 गेंदों में 16 रनों की जरूरत थी. लेकिन, इस आखिरी ओवर में अर्शदीप ने तिलक वर्मा को 3 रन पर आउट किया. इसके बाद नेहार वढ़ेरा को भी अर्शदीप ने बोल्ड कर दिया. इसी के साथ पंजाब ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ ये मैच 13 रन से अपने नाम किया.
वीडियो: IPL ऑक्शन में पंजाब किंग्स को इन खिलाड़ियों पर दांव लगाना ही पड़ेगा!

