मनु तो जीत गईं, सोमवार को इन लोगों से मेडल की आस करेगा हिंदुस्तान!
पेरिस ओलंपिक्स का एक और दिन बीत चुका है. शूटर मनु भाकर ने भारत को यहां पहला मेडल जिता दिया है. इवेंट के तीसरे दिन भारत को शूटिंग में दो और मेडल्स मिल सकते हैं. शूटर्स रमिता जिंदल और अर्जुन बबूता सोमवार, 29 तारीख को मेडल इवेंट में उतरेंगे.

Paris Olympics 2024 का एक और दिन बीता. 28 जुलाई, 2024 संडे के इस दिन भारत ने मेडल्स का खाता भी खोल लिया. मनु भाकर ने दस मीटर एयर पिस्टल इवेंट का ब्रॉन्ज़ मेडल जीता. इसके साथ ही वह शूटिंग में ओलंपिक्स मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला भी बन गईं. लेकिन इसके अलावा भी इस दिन काफ़ी कुछ हुआ.
चलिए एक बार आपको पूरे दिन का हाल बता देते हैं. दिन की शुरुआत हुई रोविंग के इवेंट से. यहां बलराज पंवार ने अपनी रेपचेज़ रेस दूसरे नंबर पर रहते हुए खत्म की. और साथ ही कटाया क्वॉर्टर-फ़ाइनल का टिकट. बलराज ने अपनी रेस 7:12.41 का वक्त निकालकर खत्म की. उन्होंने पहले हजार मीटर की दूरी 3:33.94 मिनट्स में तय की.
इस वक्त वह नंबर दो पर रहे. और फिर अगले हिस्से में भी उन्होंने ये पोजिशन बरक़रार रखने में कामयाबी हासिल करते हुए क्वॉर्टर-फ़ाइनल में एंट्री की. अब बलराज 30 जुलाई, मंगलवार को क्वॉर्टर-फ़ाइनल में उतरेंगे.
संडे को स्टार शटलर पीवी सिंधु भी अपने पहले ग्रुप मैच में खेलने उतरीं. सिंधु ने इस मैच में मालदीव्स की शटलर को बेहद आसानी से हरा दिया. सिंधु ने 21-9, 21-6 से जीत दर्ज की. जबकि देर रात एचएस प्रणॉय ने भी अपना पहला ग्रुप मैच जीत लिया. इन्होंने जर्मन शटलर को 21-18, 21-12 से मात दी.
यह भी पढ़ें: मनु भाकर... सबसे धाकड़! पेरिस ओलंपिक्स से आ गया इंडिया का पहला मेडल
फिर आया शूटिंग का नंबर. 10 मीटर एयर राइफ़ल इवेंट का क्वॉलिफ़िकेशन राउंड खेला गया. यहां एलावेनिल वलारिवन ने बेहतरीन खेल दिखाया. हालांकि इसके बावजूद वह फ़ाइनल राउंड के लिए क्वॉलिफ़ाई करने से चूक गईं. जबकि इसी इवेंट में रमिता जिंदल ने नंबर पांच पर रहते हुए फ़ाइनल में एंट्री कर ली.
जिंदल मंडे, 29 जुलाई को मेडल इवेंट में उतरेंगी. 10 मीटर एयर राइफ़ल मेंस क्वॉलिफ़ायर में भी भारत के एक शूटर के हाथ सफलता लगी, तो दूसरा निराश हुआ. अर्जुन बबूता ने फ़ाइनल में एंट्री की, जबकि संदीप सिंह 12वें नंबर पर रहते हुए बाहर हो गए. बबूता मंडे, 29 जुलाई को फ़ाइनल्स में उतरेंगे. शूटिंग में ही भारत ने अपना पहला मेडल भी जीता. मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट का कांसा अपने नाम किया.
बॉक्सिंग में भारत की निकहत ज़रीन भी संडे को खेलने उतरीं. उन्होंने अपने पहले मैच में जर्मन बॉक्सर को बड़ी आसानी से मात देकर अगले राउंड में एंट्री कर ली. अब वह टॉप सीड बॉक्सर से भिड़ेंगी.
हालांकि, हर तरफ से खुशी नहीं मिली. कुछ इवेंट्स में भारत के हाथ निराशा भी लगी. टेनिस स्टार सुमित नागल पहले ही मैच में हार गए. फ़्रेंच प्लेयर से मिली हार के बाद सुमित को बाहर का रास्ता देखना पड़ा. उन्हें 6-2, 2-6 और 7-5 से मात मिली.
जबकि वुमेंस आर्चरी टीम को भी हार का सामना करना पड़ा. दीपिका, अंकिता और भजन कौर की टीम को नीदरलैंड्स ने 6-0 से मात देकर बाहर किया. संडे को टेबल टेनिस के मैच भी खेले गए. युवा श्रीजा अकुला ने स्वीडन की पैडलर को 4-0 से मात दी. उन्होंने ये मैच 11-4, 11-9, 11-7, 11-8 के स्कोर से जीता. जबकि अनुभवी मणिका बत्रा ने भी जीत के साथ शुरुआत की.
बत्रा ने राउंड ऑफ़-64 में ग्रेट ब्रिटेन की अन्ना हर्सी को 11-8, 12-10, 11-9, 9-11, 11-5 से हराया. राउंड ऑफ़-32 में उनके सामने होंगी फ़्रांस की प्रितिका पवाडे. हालांकि, अनुभवी शरत कमल को हार का सामना करना पड़ा. उन्हें स्लोवनिया के पैडलर ने 4-2 से हराया. शरत ये मैच 10-12, 11-9, 11-6, 11-7, 8-12, 12-10 से गंवाया. दिन का अंत टेबल टेनिस में हरमीत देसाई की हार के साथ हुआ. उन्हें वर्ल्ड नंबर फ़ाइव फ़्रेंच प्लेयर ने आसानी से हराकर बाहर कर दिया.
वीडियो: Paris Olympics 2024: मनु भाकर की जीत पर बधाई देते हुए क्या बोले PM मोदी?

.webp?width=60)

