The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • New Zealand Under-19 players carry injured Kirk Mackenzie to the pavilion in a match in Under-19 world cup 2020

न्यूज़ीलैंड अंडर-19 क्रिकेट टीम के इस वीडियो से सुंदर और कुछ नहीं है

वीवीएस लक्ष्मण और रोहित शर्मा ने भी 'खेल भावना' की तारीफ़ की है. #SpiritOfCricket

Advertisement
pic
29 जनवरी 2020 (अपडेटेड: 30 जनवरी 2020, 07:50 AM IST)
Img The Lallantop
सोशल मीडिया पर इसकी खूब तारीफ हो रही है.
Quick AI Highlights
Click here to view more
29 जनवरी 2020 की तारीख नोट कर लीजिए. कैलेंडर में मार्क कर लीजिए. क्रिकेट के इतिहास का एक शानदार अध्याय. इस दिन को लंबे समय तक याद रखा जाएगा. और इसे याद रखने की अनगिनत वजहें हैं. क्रिकेट के मैदान पर रोमांच और खेल भावना एक ही दिन देखने को मिल जाए, तो क्या ही बात हो! एक तरफ इंडिया ने न्यूज़ीलैंड को सुपर ओवर में हराया. सुपर ओवर की अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर न्यूज़ीलैंड में पहली T20I सीरीज जीती. वहीं दूसरी तरफ, अंडर-19 वर्ल्ड कप में न्यूज़ीलैंड अंडर-19 की टीम ने मैदान पर जो खेल भावना दिखाई है, खेलप्रेमी उसके दीवाने हो गए हैं. क्रिकेट के मैदान पर घायल हुए किर्क मैकेंज़ी को न्यूज़ीलैंड के प्लेयर्स गोदी में उठाकर मैदान के बाहर ले गए. न्यूज़ीलैंड अंडर-19 की टीम ने मैच तो जीता ही, साथ में दिल भी ले गए. न्यूज़ीलैंड अंडर-19 के प्लेयर्स की इस खेल भावना से क्रिकेट फैन्स भी खुश हैं. दुनियाभर के क्रिकेटर इसकी तारीफ़ कर रहे हैं. इंडिया के स्टार ओपनर रोहित शर्मा ने लिखा,
खेल भावना की ऐसी मिसाल देखकर कितना अच्छा लगता है.
वीवीएस लक्ष्मण ने ट्वीट किया,
न्यूज़ीलैंड की टीम को ऐसा करते देखना खूबसूरत है. #SpiritofCricket
साउथ अफ़्रीका के बेनोनी में न्यूज़ीलैंड अंडर-19 और वेस्टइंडीज अंडर-19 के बीच क्वॉर्टर-फाइनल मुकाबला था. वेस्टइंडीज टॉस जीतकर पहले बैटिंग कर रही थी. पहली पारी में 238 रन बनाए. वेस्टइंडीज अंडर-19 के लिए किर्क मैकेंज़ी ने सबसे ज्यादा 99 रन बनाए. मैकेंज़ी अंतिम बल्लेबाज के तौर पर आउट हुए. पैर की मोच से परेशान मैकेंज़ी को वापस पवेलियन लौटने में परेशानी हो रही थी. वे काफी दर्द में थे. आज के मैच में मैकेंज़ी दूसरी बार चोट के शिकार हुए थे. वे एक बार 43वें ओवर में रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन चले गए थे. लेकिन जैसे ही वेस्टइंडीज का नौवां विकेट गिरा, वे बैटिंग के लिए वापस लौटे. और वापस आकर पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए. आउट होते ही मैकेंज़ी पिच पर लेट गए. यहां पर गेम स्पिरिट का बेहतरीन नज़ारा देखने को मिला. पहले तो कीवी प्लेयर्स ने मैकेंज़ी को कंधे का सहारा दिया और फिर न्यूज़ीलैंड अंडर-19 के जेसे टश्कॉफ़ और जोसेफ फ़ील्ड ने गोद में उठा लिया. दोनों मिलकर मैकेंज़ी को मैदान से बाहर ले गए. इसके बाद वेस्टइंडीज के सपोर्ट स्टाफ ने मैकेंज़ी को संभाला. ICC ने अपने ट्विटर अकाउंट पर ये वीडियो पोस्ट किया. और, कैप्शन में लिखा,
#SpiritOfCricket का एक शानदार उदाहरण.
न्यूज़ीलैंड अंडर-19 ने ये मैच दो विकेट से जीत लिया. बेहद रोमांचक मुकाबले में उन्होंने दो गेंद शेष रहते 239 का लक्ष्य पार किया. टीम अंडर-19 वर्ल्ड कप 2020 के सेमीफ़ाइनल राउंड में पहुंच गई है. न्यूज़ीलैंड की सीनियर टीम ऐसी ही गेम स्पिरिट दिखाने के लिए मशहूर है. हार हो या जीत, उनके लिए खेल भावना मायने रखती है. और अब तो अंडर-19 वर्ल्ड कप में उनकी टीम ने भी कमाल कर दिया. आज के मैच की तस्वीरें खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों को संजोकर रखनी चाहिए.
वीडियो: भारत में T20I वर्ल्ड कप खेलने से PCB CEO वसीम खान ने क्यों मना किया?

Advertisement

Advertisement

()