अर्शदीप का ऐसा कारनामा कि पंजाब किंग्स को 'क्राइम' रिपोर्ट करने की नौबत आ गई!
आखिरी ओवर में अर्शदीप ने 2 रन दिए और 2 स्टंप तोड़ डाले

IPL 2023. मुंबई इंडियंस बनाम पंजाब किंग्स. इस मैच में जीत पंजाब की हुई. 13 रनों से. हीरो रहे अर्शदीप सिंह. वही अर्शदीप सिंह जो डेथ बॉलिंग के एक्सपर्ट हैं. कभी यॉर्कर तो कभी स्लोअर बॉल से विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को छकाते हैं. लेकिन मुंबई इंडियंस के खिलाफ हुए मुकाबले में उन्होंने एक ऐसा कारनामा किया जिसकी शिकायत उनकी टीम मैनेजमेंट ने मुंबई पुलिस से कर दी. अगर आप अर्शदीप के फैन हैं तो परेशान मत होइए आपको पूरा माजरा समझाते हैं.
दरअसल, मुंबई को आखिरी ओवर में जीत के लिए 16 रन बनाने थे, लेकिन अर्शदीप सिंह के इस ओवर में मुंबई सिर्फ 2 रन ही बना सकी और 2 विकेट भी गंवा दिए. उन्होंने जो दो विकेट लिए, वो क्लीन बोल्ड के थे. कोई इनसाइड एज नहीं. पूरी तरह से यॉर्कर. बल्लेबाज मिस, गेंदबाज हिट. अब आपको सीधे लिए चलते हैं मुंबई बनाम पंजाब मुकाबले के आखिरी ओवर में. बल्लेबाज तिलक वर्मा. गेंदबाज अर्शदीप सिंह. दूसरी गेंद पर तिलक कोई रन नहीं बना पाए.
अर्शदीप ने तोड़ डाले दो स्टंपतीसरी गेंद. अर्शदीप ने स्ट्राइक पर खड़े बल्लेबाज तिलक वर्मा को ओवर द विकेट गेंदबाजी करते हुए यॉर्कर डाली. गेंद का एक ही मकसद. स्टंप को चूमना. पर गेंद की रफ्तार ऐसी थी कि गेंद ने मिडल स्टंप को बीच से तोड़कर बिखेर दिया. फिर अंपायर्स की मीटिंग हुई. पवेलियन से बैकअप स्टंप लाया गया. अब बारी थी चौथी गेंद की. मुंबई की ओर से बल्लेबाज नेहल वढेरा इम्पेक्ट प्लेयर के तौर पर आए. अर्शदीप ने एक बार फिर तेज गेंद फेंकी. एक दम हूबहू तीसरी गेंद की तरह. नतीजा भी तीसरी गेंद वाला. बल्लेबाज क्लीन बोल्ड. और मिडिल स्टंप बीच से टूटा. एकदम पस्त.
अर्शदीप के इस कारनामे से पंजाब की टीम बेहद ही खुश नज़र आ रही थी. पर टीम का सोशल मीडिया अकाउंट मसखरी के मूड में था. तभी तो पंजाब किंग्स के ट्विटर हैंडल से मुंबई पुलिस को टैग करके लिखा गया,
'हैलो मुंबई पुलिस, हमें एक क्राइम रिपोर्ट करना है.'
वैसे एक ही मैच में लगातार दो गेंदों पर दो बार मिडल स्टंप का टूट जाना अपने आप में अनोखी घटना है.
मुंबई इंडियंस बनाम पंजाब किंग्स मैच में क्या हुआ?पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के सामने 215 रन का बड़ा लक्ष्य रखा. टीम की तरफ से कप्तान सैम करन ने 55 जबकि हरप्रीत सिंह भाटिया ने 41 रन की पारी खेली. जवाब में मुंबई की टीम अपने कोटे के 20 ओवर में 201 रन ही बना सकी. मुंबई इंडियंस के खिलाफ अर्शदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए आखिरी ओवर में महज 2 रन देकर अपनी टीम को 13 रनों से शानदार जीत दिला दी. उन्होंने कुल 4 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट चटकाए. इसके अलावा नेथन एलिस और लियम लिविंगस्टन ने भी 1-1 विकेट हासिल किए. पंजाब किंग्स की ओर से कप्तान सैम करन ने बेहतरीन बल्लेबाजी की. उन्होंने 29 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्के की मदद से कुल 55 रन बनाए. वहीं एमआई की ओर से रोहित शर्मा ने 44, सूर्यकुमार यादव ने 67 और कैमरून ग्रीन ने 57 रन की पारी खेली.
वीडियो: अर्शदीप सिंह की गेंदबाजी के पीछे क्या राज़ छुपा है?

.webp?width=60)

