The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Jay Shah takes credit of players playing in Duleep Trophy mentioned Shreyas and Ishan

मेरे कड़े फैसलों... जय शाह ने क्रेडिट के चक्कर में ये क्या बोल दिया!

Jay Shah ने एक ऐसी बात का क्रेडिट ले लिया है, जिसके लिए उन्होंने कुछ वक्त पहले ही अजित आगरकर का नाम लिया था. और इस क्रेडिट लेने के चक्कर में उन्होंने अपने ही पिछले बयान को काट दिया.

Advertisement
pic
17 अगस्त 2024 (अपडेटेड: 18 अगस्त 2024, 09:45 AM IST)
Jay Shah, T20 World Cup 2024
T20 World Cup 2024 की जीत का जश्न मनाती टीम के साथ जय शाह (PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

BCCI सेक्रेटरी जय शाह. अक्सर ही चर्चा में रहते हैं. और अब उन्होंने एक बार फिर से चर्चा बटोर ली है. जय ने हाल ही में एक इंटरव्यू दिया. और इस इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कुछ चीजों का क्रेडिट भी लिया. हालांकि, कुछ समय पहले उन्होंने इन चीजों पर कुछ और ही बात बोली थी, और तब क्रेडिट अजित आगरकर को दिया था. मामला क्या है आइये जानते हैं. 

दरअसल, कुछ समय पहले श्रेयस और ईशान को BCCI ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से निकाल दिया था. इन दोनों ने ही डोमेस्टिक क्रिकेट खेलने से मना कर दिया था. ईशान जहां पूरे रणजी ट्रॉफ़ी सीजन में नहीं खेले थे, वहीं अय्यर ने भी रणजी ट्रॉफ़ी के कई मैच मिस किए. और इस बात से BCCI और चीफ़ सेलेक्टर अजित आगरकर गुस्सा हो गए.

यह भी पढ़ें: BCCI लाएगी IPL में वो नियम, जिससे धोनी को होगा करोड़ों का घाटा!

उस वक्त जय ने कहा था कि अय्यर और ईशान को ड्रॉप करने का फैसला आगरकर का था. 11 मई 2024 को वह टाइम्स ऑफ़ इंडिया से बोले थे,

'आप संविधान देख सकते हैं. मैं बस सेलेक्शन मीटिंग का संयोजक हूं. यह फैसला आगरकर का है. यहां तक कि ये दोनों प्लेयर्स, जो डोमेस्टिक नहीं खेले, उन्हें सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से निकालने का फैसला भी सिर्फ़ आगरकर का था. मेरा रोल बस उस फैसले को लागू करने का है.'

लेकिन अब टाइम्स ऑफ़ इंडिया से ही बात करते हुए जय ने अलग बात कही है. उन्होंने अब कहा है कि इन दोनों प्लेयर्स को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से निकालने का फैसला उनका था. और इन प्लेयर्स को लाल गेंद की क्रिकेट में वापस लाने के लिए ऐसी कठोर सजा की जरूरत थी.

जय ने कहा,

'अगर आप दलीप ट्रॉफ़ी की स्क्वॉड देखेंगे, रोहित और विराट के अलावा बाक़ी सारे खेलने वाले हैं. यह सिर्फ़ मेरे द्वारा लिए गए कड़े फैसलों के चलते संभव हो पाया है. श्रेयस अय्यर और ईशान किशन दलीप ट्रॉफ़ी में खेल रहे हैं. हम थोड़े कठोर रहे हैं. जब रविंद्र जडेजा को चोट लगी, मैं पहला शख्स था जिसने उन्हें फ़ोन करके डोमेस्टिक गेम खेलने को कहा. अब यह तय है, जो भी चोट के चलते बाहर होगा, वो घरेलू क्रिकेट में अपनी फ़िटनेस साबित करने के बाद ही टीम इंडिया में वापसी कर पाएगा.'

जय ने दलीप ट्रॉफ़ी में रोहित-विराट के ना खेलने पर भी सफाई दी. उन्होंने कहा कि सेलेक्टर्स इन दोनों का वर्कलोड मैनेज करना चाहते हैं. इसीलिए इन्हें ब्रेक दिया गया. साथ ही जय ने ये भी कहा कि इस दौरान रोहित-विराट को चोट लगने का रिस्क भी था. ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के साथ होने वाली सीरीज़ को देखते हुए भारत ये अफ़ोर्ड नहीं कर सकता. जय बोले,

‘डोमेस्टिक क्रिकेट में खेलने की बात बोलकर विराट और रोहित का वर्कलोड बढ़ाने का कोई मतलब नहीं है. उनके चोटिल होने का डर है. आपको इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के साथ होने वाली सीरीज़ भी देखनी होगी. उनके कोई भी टॉप प्लेयर डोमेस्टिक क्रिकेट नहीं खेलते हैं. हमें अपने प्लेयर्स का सम्मान करना होगा. उन्हें नौकरों की तरह नहीं ट्रीट कर सकते.’

बता दें कि विराट-रोहित हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ़ वनडे सीरीज़ में खेले थे. अब वह बांग्लादेश के खिलाफ़ फिर एक्शन में दिखेंगे. इधर दलीप ट्रॉफ़ी की शुरुआत 5 सितंबर से होगी.

वीडियो: जय शाह ने की कड़ी बात करते ही ईशान किशन ने कमाल कर दिया!

Advertisement

Advertisement

()