अफगानिस्तान सीरीज में बुमराह सिर्फ एक फॉर्मेट खेलेंगे, प्रिंस-आकिब को मिल सकता है मौका
अफगानिस्तान के खिलाफ Jasprit Bumrah या तो सिर्फ टेस्ट टीम का हिस्सा होंगे. या वो 3 मैचों की ODI सीरीज में टीम का हिस्सा होंगे. सेलेक्टर्स वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर ले सकते हैं फैसला.

जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) के लिए IPL 2026 बहुत खास नहीं रहा है. उनकी टीम मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है. हालांकि, दो महीने तक चले लंबे टूर्नामेंट के बाद उनके वर्कलोड मैनेज करने के लिए सेलेक्शन कमिटी उन्हें एक फॉर्मेट में आराम दे सकती है.
अगले महीने टीम इंडिया को अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच और 3 मैचों की ODI सीरीज खेलनी है. इसके लिए 19 मई को टीम घोषित हो सकती है. हालांकि, इसी बीच एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, बुमराह या तो टेस्ट मैच खेलेंगे या वो सिर्फ ODI सीरीज में टीम का हिस्सा होंगे.
अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच 6 से 10 जून तक खेला जाएगा. ये एकमात्र टेस्ट वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है. इसके बाद ODI सीरीज के मुकाबले 14 जून (धर्मशाला), 17 जून (लखनऊ) और 20 जून (चेन्नई) को होंगे. ये बाइलेटरल सीरीज इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि विराट कोहली और रोहित शर्मा सिर्फ ODI खेलते हैं.
प्रिंस के नाम की भी हो सकती है चर्चासाथ ही खबर है कि दिल्ली के यंग पेसर प्रिंस यादव के नाम पर भी चर्चा हो सकती है. पिछले सत्र में उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी के 8 मैचों में 17 विकेट लिए थे. IPL 2026 में भी 12 मुकाबलों में वो अब तक 16 विकेट चटका चुके हैं.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच के दौरान प्रिंस ने विराट कोहली को जीरो के स्कोर पर बोल्ड कर दिया था. शानदार सीम बॉल पर विराट का विकेट लेना उनके प्रदर्शन का सबसे बड़ा आकर्षण रहा है. हर्षित राणा के जल्द फिट होने की संभावना कम है. ऐसे में प्रिंस को आजमाने के लिए यह सीरीज परफेक्ट है.
चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सेलेक्शन कमिटी टेस्ट टीम में किसी बड़े प्रयोग से बचना चाहेगी. श्रीलंका और न्यूजीलैंड के आगामी विदेशी दौरों को ध्यान में रखते हुए पिछले एक साल में टेस्टेड प्लेयर्स को ही मौका मिलने की संभावना है. इन दोनों देशों में परिस्थितियां एक-दूसरे से बिल्कुल अलग होंगी.
ये भी पढ़ें : क्या PCB चीफ मोहसिन नकवी अहमदाबाद आएंगे? ICC मीटिंग ने बढ़ाई टेंशन
बुमराह को लेकर क्या पता चला?बुमराह ने इस सीजन IPL में लगातार मैच खेले हैं. लेकिन, इस बात की संभावना कम है कि वह अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और ODI दोनों सीरीज से बाहर रहें. बुमराह टेस्ट क्रिकेट को ज्यादा प्रायॉरिटी देते हैं. ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में वो खेलेंगे या नहीं, यही सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है.
सूत्रों के मुताबिक, बुमराह अगर टेस्ट मैच खेलते हैं तो उन्हें ODI सीरीज से आराम दिया जाएगा. वहीं, अगर वो ODI टीम में होते हैं तो उन्हें टेस्ट मैच के लिए रेस्ट दिया जा सकता है. टीम कॉम्बिनेशन में कुछ बदलाव की चर्चाएं जरूर हैं. लेकिन, संभावना है कि पिछले साल साउथ अफ्रीका दौरे पर टीम का हिस्सा रहे देवदत्त पडिक्कल को तीसरे नंबर पर साई सुदर्शन की जगह मौका मिल सकता है. इस स्थान के लिए वॉशिंगटन सुंदर और ध्रुव जुरेल भी विकल्प माने जा रहे हैं. सुंदर तमिलनाडु के लिए नंबर तीन पर बल्लेबाजी कर चुके हैं. वहीं, जुरेल स्पेशलिस्ट बैटर की भूमिका निभा सकते हैं.
नबी को भी मिल सकता है मौकाटेस्ट मैच के लिए अगर बुमराह उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो नई गेंद की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के कंधों पर रहने की संभावना है. आकाश दीप और हर्षित राणा दोनों चोटिल हैं. ऐसे में जम्मू-कश्मीर के पेसर आकिब नबी को तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर मौका मिल सकता है. रणजी ट्रॉफी के पिछले सत्र में नबी ने 60 विकेट झटके थे. हालांकि, उनका कॉम्पिटिशन ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी से होगा. बुमराह अगर टीम में शामिल होते हैं, तो नबी को इंतजार करना पड़ सकता है.
भारतीय परिस्थिति में आमतौर पर 3 स्पेशलिस्ट पेसर को प्लेइंग XI में जगह नहीं मिलती है. भारत में स्पिनरों की भूमिका अहम रहती है. स्पिन डिपार्टमेंट में रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर लगभग तय माने जा रहे हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ चुनी गई पिछली टीम की तुलना में अक्षर पटेल की जगह पर जरूर सवाल उठ सकते हैं.
हर्ष दुबे को श्रीलंका ए की ट्राइलैटरल सीरीज के लिए चुना गया है. लेकिन, फिलहाल उन्हें टेस्ट टीम की दौड़ में नहीं माना जा रहा. दूसरी ओर, मानव सुथार अक्षर पटेल को कड़ी चुनौती दे सकते हैं. अनुभव के आधार पर बाजी अक्षर के पक्ष में जा सकती है.
वीडियो: मुंबई इंडियंस को मिली राहत, आखिरकार जसप्रीत बुमराह का खुला खाता, पहली गेंद पर लिया विकेट

