क्या PCB चीफ मोहसिन नकवी अहमदाबाद आएंगे? ICC मीटिंग ने बढ़ाई टेंशन
पाकिस्तानी स्पोर्ट्स नेटवर्क जियो सुपर ने रिपोर्ट किया है कि मोहसिन नकवी को IPL 2026 फाइनल देखने के लिए भी आधिकारिक निमंत्रण मिला है. हालांकि, इस खबर की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) अपनी महत्वपूर्ण मीटिंग्स भारत में करने जा रही है. चीफ एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक 21 मई को ऑनलाइन होनी है. इसके बाद 30-31 मई को अहमदाबाद में ICC बोर्ड की बैठक होगी. ये IPL 2026 फाइनल के वीकेंड पर रखी गई है. ऐसे में PCB चीफ मोहसिन नकवी इस मीटिंग में हिस्सा लेंगे या नहीं, ये बड़ा सवाल है.
ICC की ये सभी बैठकें पहले मार्च-अप्रैल में दोहा (कतर) में होनी थीं. लेकिन पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और संकट की वजह से इन्हें रद्द करके भारत शिफ्ट कर दिया गया. अब अहमदाबाद में मीटिंग तय होने से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की भागीदारी पर सवाल खड़े हो गए हैं.
सामान्य रूप से PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी को इस हाई-प्रोफाइल मीटिंग में व्यक्तिगत रूप से आना चाहिए. लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच सरकारी और क्रिकेट बोर्ड स्तर पर लगातार तनावपूर्ण रिश्ते हैं. ऐसे में प्रशासनिक सूत्र बता रहे हैं कि नकवी का भारत आना बेहद अनिश्चित है.
IPL फाइनल में नकवी का न्योता?पाकिस्तानी स्पोर्ट्स नेटवर्क जियो सुपर ने रिपोर्ट किया है कि मोहसिन नकवी को IPL 2026 फाइनल देखने के लिए भी आधिकारिक निमंत्रण मिला है. हालांकि, इस खबर की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.
नकवी और BCCI के बीच संबंध उनके पद संभालने के बाद से काफी ठंडे रहे हैं. एशिया कप के फाइनल में तो एक अजीब घटना हो गई थी. भारत ने जीत के बाद ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था, क्योंकि वो नकवी के हाथ से लेनी थी. नकवी एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष भी हैं और पाकिस्तान के गृह मंत्री भी. विवाद के बाद नकवी ट्रॉफी और मेडल्स लेकर चले गए. वो ट्रॉफी अब भी दुबई में उनके निर्देश पर रखी गई है. BCCI ने इसे वापस मांगा है और मामला ICC तक पहुंच गया है.
इसके अलावा नकवी अक्सर सार्वजनिक रूप से कहते रहे हैं कि पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) जल्द ही IPL से आगे निकल जाएगा. ये बयान दोनों बोर्डों के बीच और तनाव बढ़ाते हैं.
अब जब बोर्ड मीटिंग अहमदाबाद में IPL फाइनल के साथ हो रही है, तो सवाल ये है कि नकवी भारत आने के लिए जरूरी सरकारी अनुमति लेंगे या नहीं? या फिर वो घर बैठे वर्चुअल तरीके से मीटिंग में शामिल होंगे?
क्यों है ये मीटिंग खास?ICC की ये बैठकें क्रिकेट की दुनिया के लिए बहुत अहम हैं. इसमें बड़े फैसले लिए जाते हैं, जैसे टूर्नामेंट्स की प्लानिंग, नियम-कानून और सदस्य देशों के बीच मुद्दों का हल. भारत में होने से BCCI की भूमिका और मजबूत हो जाती है.
पाकिस्तान की तरफ से अगर नकवी नहीं आए तो PCB का प्रतिनिधित्व कौन करेगा, ये भी देखना होगा. दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंध हमेशा से संवेदनशील रहे हैं. राजनीतिक तनाव क्रिकेट को भी प्रभावित करता है.
फिलहाल सबकी नजरें मोहसिन नकवी के फैसले पर टिकी हैं. क्या वो IPL फाइनल और ICC मीटिंग के लिए अहमदाबाद आएंगे? या वर्चुअली इसे अटेंड करेंगे? जवाब आने वाले दिनों में साफ होगा.
वीडियो: मोहसिन नक़वी के किस फैसले ने उनकी फजीहत करा दी? PSL खाली स्टेडियम में होगा?

