जापान ओपन 2022: किदांबी श्रीकांत ने वर्ल्ड नंबर चार को हराकर किया कमाल!
जापान ओपन में लक्ष्य सेन घरेलू शटलर केंटा निशिमोटो के खिलाफ तीन गेम में हारकर बाहर हो गए.

किदांबी श्रीकांत (Kidambi Srikanth). 2021 वर्ल्ड चैंपियनशिप्स सिल्वर मेडलिस्ट किदांबी श्रीकांत ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है. मौजूदा वर्ल्ड नंबर 14 श्रीकांत ने टोक्यो में चल रहे जापान ओपन (Japan Open Super 750 event) में वर्ल्ड नंबर 4 ली ज़ी जिया (Lee Zii Jia) को सीधे गेम में हराकर कमाल कर दिया है.
दुनिया के पूर्व नंबर एक बैडमिंटन खिलाड़ी श्रीकांत थॉमस कप (Thomas Cup) में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बाद हाल के दिनों में बेहतर रिजल्ट्स के लिए संघर्ष करते दिख रहे थे. लेकिन जापान ओपन के शुरुआती राउंड में उन्होंने ली ज़ी जिया को 38 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में 22-20, 23-21 से हराकर रोमांचक जीत हासिल की. श्रीकांत ने शुरुआती गेम में तीन गेम पॉइंट बचाए, और फिर दूसरे गेम में भी एक निर्णायक गेम पॉइंट बचा कर मैच को यही खत्म कर दिया. श्रीकांत ने हाल में कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 (CWG 2022) के टीम इवेंट में सिल्वर मेडल और मेंस सिंगल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. इसके बाद वह वर्ल्ड चैंपियनशिप से जल्दी ही बाहर हो गए थे. जहां उन्हें झाओ जून पेंग ने हराया था. इस लिहाज से यह जीत श्रीकांत के लिए एक बड़ा परिणाम है क्योंकि उन्होंने इस साल तीसरी बार टॉप 5 खिलाड़ियों में से एक को हराया है. उनकी अन्य दो जीत डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन के खिलाफ रहीं हैं.
श्रीकांत से पहले लक्ष्य सेन (Lakshya Sen) घरेलू शटलर केंटा निशिमोटो (Kenta Nishimoto) के खिलाफ़ तीन गेम में हारकर बाहर हो गए. लक्ष्य के अलावा जापान ओपन के शुरुआती दौर में एमआर अर्जुन (MR Arjun) और ध्रुव कपिला (Dhruv Kapila) को भी हार का सामना करना पड़ा. इस जोड़ी ने पिछले हफ्ते टोक्यो में ही हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप में क्वार्टर फाइनल में अच्छा प्रदर्शन किया था और अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 26 तक पहुंच गई थी.
जापान ओपन के विमेन्स सिंगल्स में साइना नेहवाल (Saina Nehwal) ने पहला गेम गंवाने के बाद दूसरे गेम में वापसी करने की कोशिश की. लेकिन दो बार की वर्ल्ड चैंपियन अकाने यामागुची ने मिड गेम के बाद लगातार आठ पॉइंट्स के साथ मैच को 29 मिनट में 21-9, 21-17 से जीत लिया. महिला डबल्स में गायत्री गोपीचंद (Gayatri Gopichand) और ट्रीसा जॉली (Tressa Jolly) की जोड़ी को थाईलैंड की राविंदा प्रजोंगजाई और जोंगकोलफान कितिथाराकुल से हार का सामना करना पड़ा. भारतीय जोड़ी ने शुरुआती गेम को 17-21 से गंवा दिया. लेकिन दूसरे गेम में 17-12 की बड़ी बढ़त हासिल कर ली. हालांकि विवाद और अंपायर के साथ बहस ने भारतीय जोड़ी से मैच का मोमेंटम छीन लिया. और थाई जोड़ी ने मैच में वापसी करते हुए 44 मिनट में 21-17, 21-18 से जीत दर्ज कर ली.
इससे पहले, मंगलवार को एचएस प्रणॉय (HS Prannoy) राउंड ऑफ़ 16 के दौर में पहुंच गए. पहले दौर में प्रणॉय के प्रतिद्वंद्वी एनजी का लॉन्ग एंगस ने मैच के बीच में ही खेल बंद कर दिया. अब प्रणॉय का सामना गुरुवार को दूसरे दौर में सिंगापुर के आठवें वरीय लोह कीन यू से होगा. भारतीय शटलर वेंकट प्रसाद और जूही देवांगन चीन की वर्ल्ड चैंपियन झेंग और हुआंग के मिक्स्ड डबल्स वर्ल्ड चैंपियन जोड़ी के खिलाफ हार गए. चीनी जोड़ी हाल के महीनों में अजेय रही है और उन्होंने इस मैच में 23 मिनट में 21-11, 21-10 से जीत दर्ज की.
भारत-पाकिस्तान के मैच में आवेश खान के विकेट की इतना चर्चा क्यों है?

