The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • IPL champions RCB sold to Aditya Birla Group-led consortium for Rs 16,660 crore

IPL में 16,660 करोड़ का रिकॉर्ड सौदा, RCB का नया मालिक RR का पूर्व प्लेयर है

टीम के वाइस चेयरमैन सत्यान गजवानी होंगे. जो टाइम्स इंटरनेट के चेयरमैन हैं.

Advertisement
pic
25 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 12:02 PM IST)
IPL champions RCB sold to Aditya Birla Group-led consortium for Rs 16,660 crore
RCB की 100% हिस्सेदारी यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) के पास थी. (फोटो- X)
Quick AI Highlights
Click here to view more

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को अब नया मालिक मिल गया है. IPL की मौजूदा चैंपियन टीम को आदित्य बिरला ग्रुप की अगुवाई वाले एक बड़े कंसोर्टियम ने रिकॉर्ड 16,660 करोड़ रुपये (लगभग 1.78 बिलियन डॉलर) की डील में खरीद लिया है. ये IPL की अब तक की सबसे महंगी फ्रैंचाइजी डील है.

मंगलवार, 24 मार्च को इस डील का ऐलान हुआ. RCB की 100% हिस्सेदारी यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) के पास थी. USL UK की कंपनी डियाजियो की भारतीय यूनिट है. USL ने नवंबर में ही अपनी शराब के बिजनेस से अलग इस टीम को बेचने का फैसला किया था, क्योंकि ये उनके मुख्य काम से जुड़ा नहीं था.

RCB को जिन चार कंपनियों ने खरीदा है उसमें शामिल हैं:

- आदित्य बिरला ग्रुप (ABG) — कुमार मंगलम बिरला की अगुवाई में
- टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप (TOI)
- बोल्ट वेंचर्स — अमेरिकी स्पोर्ट्स टाइकून डेविड ब्लिट्जर के नेतृत्व में (जिनके पास Philadelphia 76ers और क्रिस्टल पैलेस जैसे क्लब हैं)
- ब्लैकस्टोन — दुनिया की बड़ी प्राइवेट इक्विटी कंपनी

नई लीडरशिप कौन संभालेगा?

RCB के नए लीडरशिप स्ट्रक्चर में फ्रेंचाइजी के चेयरमैन आर्यमान विक्रम बिरला होंगे. आर्यमान आदित्य बिरला ग्रुप के डायरेक्टर और पूर्व प्रोफेशनल क्रिकेटर रह चुके हैं. वो राजस्थान रॉयल्स (RR) की तरफ से IPL भी खेल चुके हैं. वहां टीम के वाइस चेयरमैन सत्यान गजवानी होंगे. जो टाइम्स इंटरनेट के चेयरमैन हैं.

RCB को खरीदने के बाद आर्यमान ने कहा,

“ये पार्टनरशिप स्पोर्ट्स, मीडिया और कंज्यूमर बिजनेस की गहरी समझ को एक साथ लाई है. हम RCB को और आगे ले जाएंगे. मैदान पर, कम्युनिटी में और फैंस के लिए, हम ‘प्ले बोल्ड’ की भावना को जारी रखेंगे.”

वहीं, आदित्य बिरला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिरला ने कहा,

“पिछले 20 सालों में IPL ने भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदल दिया है. RCB आधुनिक स्पोर्ट्स की सबसे आकर्षक फ्रैंचाइजी में से एक है. ये हमारे लिए ग्लोबल स्पोर्ट्स में संस्था बनाने का प्लेटफॉर्म है. हम इस विरासत को और मजबूत करेंगे.”

डेविड ब्लिट्जर ने कहा,

“RCB के पास दुनिया का सबसे बेहतरीन फैन बेस है. IPL ग्लोबल स्पोर्ट्स की सबसे बड़ी ग्रोथ स्टोरी है. हम BCCI के साथ मिलकर टीम को और आगे ले जाएंगे.”

ब्लैकस्टोन के विरल पटेल ने भारत में अपनी लंबी कमिटमेंट का जिक्र करते हुए RCB को दुनिया की सबसे पॉपुलर स्पोर्ट्स फ्रैंचाइजी में से एक बताया.

क्यों इतनी बड़ी रकम?

IPL अब सिर्फ क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि एक बड़ा ग्लोबल बिजनेस बन चुका है. हाल ही में एक रिपोर्ट में IPL की कुल वैल्यूएशन 18.5 बिलियन डॉलर (1 लाख 48 हजार करोड़ रुपये) बताई गई थी. RCB की लोकप्रियता, उसके करोड़ों फैंस और ब्रांड वैल्यू ने इस सौदे को इतना महंगा बना दिया. 24 मार्च को ही एक और बड़ी डील हुई. राजस्थान रॉयल्स को अमेरिकी कंसोर्टियम ने 15 हजार 342 करोड़ रुपये में खरीदा. दोनों सौदे IPL की बढ़ती ब्रांड वैल्यू को दिखाते हैं.

RCB ने 2025 में IPL का खिताब जीता था. ये पहली बार था जब टीम ट्रॉफी उठा सकी. विराट कोहली, एबी डिविलियर्स, क्रिस गेल और फाफ डु प्लेसिस जैसी स्टार खिलाड़ियों और बोल्ड प्लेइंग स्टाइल की वजह से RCB को हमेशा से बड़ा फैन फॉलोइंग मिला है. अब नई मालिक कंपनी इस सफलता को और बढ़ाना चाहती है.

RCB शनिवार, 28 मार्च को IPL 2026 का अपना पहला मैच खेलेगी. फैंस को उम्मीद है कि नया मैनेजमेंट टीम को और मजबूत बनाएगा, बेहतर प्लेयर्स लाएगा और ब्रांड को ग्लोबल लेवल पर ले जाएगा.

वीडियो: RCB की जीत पर विराट कोहली का नाम लेकर क्या बोले राजीव शुक्ला!

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()