धर्मशाला में चला लॉर्ड शार्दुल का जादू! खराब शुरुआत के बाद की जबरदस्त वापसी
IPL 2026 : पंजाब किंग्स के खिलाफ Shardul Thakur ने शानदार बॉलिंग की. उन्होंने 4 ओवर के स्पैल में 39 रन देकर 4 विकेट चटकाए.

मुंबई इंडियंस के लिए IPL 2026 अब तक बहुत खास नहीं रहा है. टीम ने पहला मुकाबला जीतने के बाद लगातार संघर्ष ही किया है. हालांकि, सीजन को एंड करने से पहले टीम एक बार फिर फॉर्म में लौटती नज़र आ रही है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में मिली हार के बाद टीम ने एक बार फिर दमदार प्रदर्शन किया. पंजाब किंग्स के खिलाफ 201 रन चेज करते हुए टीम ने एक बॉल रहते मैच अपने नाम कर लिया. इस दौरान तिलक वर्मा (Tilak Varma) ने महज 33 गेंदों में नाबाद 75 रन ठोक दिए. हालांकि, मैच में वापसी शार्दुल ठाकुर (Shardul Thakur) ने ही कराई, जिन्होंने 4 ओवर में 39 रन देकर 4 विकेट चटकाए.
शार्दुल पहले ओवर में रहे महंगेदरअसल, टॉस जीतकर कप्तान जसप्रीत बुमराह ने चेज करने का विकल्प चुना. पहले बैटिंग करते हुए पंजाब की शुरुआत काफी दमदार रही. ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने एक बार फिर पचासा जड़ दिया. हालांकि, इस दौरान उन्हें 5 और 22 रन के स्कोर पर दो जीवनदान भी मिले. आसानी से पंजाब की टीम 230 के पार जाती दिखाई दे रही थी. लेकिन, शार्दुल ठाकुर की जबरदस्त बॉलिंग ने मैच का पूरा रुख पलट दिया.
शार्दुल की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. कप्तान बुमराह उन्हें 5वें ओवर में लेकर आए. अपने पहले ही ओवर में शार्दुल ने 15 रन लुटा दिए. प्रभसिमरन ने उनके ओवर में 3 चौके लगाए. लेकिन, अपने स्पैल के दूसरे ओवर में उन्होंने मैच का रुख पलट दिया. 12वें ओवर में कप्तान उन्हें वापस लेकर आए. 11 ओवर में पंजाब की टीम 100 का आंकड़ा पार कर चुकी थी. विकेट भी सिर्फ एक ही गंवाया था. लेकिन, शार्दुल ने पहले प्रभसिमरन और फिर कप्तान श्रेयस अय्यर का विकेट झटककर मैच का मोमेंटम बदल दिया.
ये भी पढ़ें : प्रभसिमरन सिंह को मिले दो जीवनदान, मुंबई को ये रन भारी पड़ने वाले हैं
एक ही ओवर में पलट दिया मैचशार्दुल ने प्रभसिमरन को अपने बाउंस से छकाया. उनके बल्ले का मोटा किनारा लेकर बॉल थर्ड मैन पर खड़े कॉर्बिन बॉश की तरफ चली गई. गेंद बहुत देर तक हवा में रही. अमूमन धर्मशाला में हाई कैच को जज करना बहुत मुश्किल होता है. लेकिन, बॉश ने कोई गलती नहीं की. श्रेयस ने आते ही उन पर चौका लगाया. लेकिन, अगली ही गेंद उन्हें चकमा देते हुए ऑफ स्टंप पर जा लगी.
शार्दुल ने इसके बाद 14वें ओवर में सुयश शेडगे को फंसाया. सुयश फ्लिक कर मिडविकेट के दिशा में शॉट खेलना चाहते थे. लेकिन, गेंद सीधा शॉर्ट पर खड़े राज बावा के हाथों में चली गई. बावा के पास बॉल बहुत तेज गति में ट्रैवल कर पहुंची. लेकिन, उन्होंने कोई गलती नहीं की. इसके बाद शार्दुल 17वें ओवर में अपने स्पैल का अंतिम ओवर लेकर आए. इस ओवर में भी शार्दुल खाली हाथ नहीं लौटे. उन्होंने मार्को येन्सन को अपनी स्लोअर बॉल पर चकमा देकर क्लीन बोल्ड कर दिया.
पहले ही ओवर में 15 रन लुटाने के बावजूद अगले 3 ओवर में शार्दुल ने 24 रन ही दिए. इस दौरान उन्होंने 12 गेंदें डॉट फेंकी. इसके कारण अंत में पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर्स के हाथ खोलने के बावजूद टीम 200 तक ही पहुंच सकी. 18वें और 19वें ओवर में दीपक चाहर और कॉर्बिन बॉश थोड़े महंगे रहे. वरना पंजाब की टीम 180 के भीतर ही बनाते दिख रही थी.
वीडियो: शुभमन गिल की पलटन ने SRH की धज्जियां उदा दीं, क्या अब जीतेंगे IPL?

