The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Ipl 2026 mi vs rcb phil salt and rajat patidar crushed MI bowlers to let MI suffer hattrick of defeat

वानखेड़े में साल्ट-पाटीदार के तूफान में उड़ी MI, रदरफोर्ड भी नहीं टाल सके हार की हैट्र‍िक!

RCB के ओपनर Phil Salt और कप्तान Rajat Patidar ने रनों की ऐसी बौछार की कि MI के पसीने छूट गए. Sherfane Rutherford ने अंत में बहुत आक्रामक बैटिंग की पर वो भी MI की हार की हैट्रिक नहीं टाल सके.

Advertisement
pic
12 अप्रैल 2026 (अपडेटेड: 12 अप्रैल 2026, 02:36 AM IST)
RCB vs MI, Rajat Patidar, IPL 2026
RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने मुंबई के ख‍िलाफ महज 20 गेंदों में 53 रन ठोक दिए. (फोटो-AFP)
Quick AI Highlights
Click here to view more

मुंबई में रविवार की रात वानखेड़े स्टेडियम का नजारा कुछ अलग ही था. मैच की शुरुआत गायिका स्व. आशा भोंसले (Asha Bhonsale) को श्रद्धांजलि देकर हुई. पूरा स्टेडियम उनके क्लासिक नगमों से गूंज उठा. लेकिन जैसे ही खेल शुरू हुआ, आरसीबी (RCB) के ओपनर फिल साॅल्ट (Phil Salt) और कप्तान रजत पाटीदार (Rajat Patidar) ने रनों की ऐसी बौछार की कि मुंबई इंडियंस (MI) के पसीने छूट गए. शरफेन रदरफोर्ड (Sherfane Rutherford) ने अंत में बहुत आक्रामक बैटिंग की पर वो भी MI की हार की हैट्रिक नहीं टाल सके.

साल्ट ने मुंबई के जख्मों पर छिड़का नमक

टॉस जीतकर हार्दिक पंड्या ने पहले गेंदबाजी चुनी. उन्हें लगा कि खराब फॉर्म से जूझ रहे फिल साल्ट को जल्दी निपटा लेंगे, लेकिन हुआ इसके उलट. कोहली ने पारी की शुरुआत छक्के से की, पर असली गदर साल्ट ने मचाया. उन्होंने स्पिनर्स को निशाने पर लेते हुए मिचेल सैंटनर और मयंक मारकंडे की जमकर कुटाई की. साल्ट ने महज 36 गेंदों में 78 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसकी बदौलत आरसीबी ने 8 ओवर में ही 95 रन बोर्ड पर टांग दिए.

संघर्ष करते दिखे कोहली 

एक तरफ साल्ट रन बना रहे थे, तो दूसरी तरफ विराट कोहली संघर्ष करते दिखे. कोहली ने पचासा तो बनाया, लेकिन वो अपनी लय में नहीं दिखे. वो अपनी फिफ्टी पूरी करते ही आउट हो गए. इसके बाद जब वो डगआउट की तरफ लौटे तो जिस तरह उन्होंने अपना ग्लव्स और हेलमेट फेंका, साथ था कि वो भी बहुत निराश थे.  

साल्ट के आउट होने के बाद रजत पाटीदार ने मोर्चा संभाला. पाटीदार ने मुंबई के गेंदबाजों को रिमांड पर लेते हुए मारकंडे और शार्दुल ठाकुर के ओवरों में 20+ रन कूटे. अंत में टिम डेविड ने भी हाथ खोले और हार्दिक-बुमराह को निशाना बनाते हुए टीम का स्कोर 240 रन तक पहुंचा दिया.

ये भी पढ़ें : RR के मैनेजर डगआउट में बैठकर चला रहे थे फोन, BCCI की कार्रवाई तय है!

हालांकि, मुंबई के लिए सबसे बड़ी चिंता जसप्रीत बुमराह का विकेटलेस रहना है. बुमराह पिछले 5 मैचों से खाली हाथ हैं, जो उनके आईपीएल करियर का सबसे खराब दौर है.

रोहित की इंजरी ने बिगाड़ा खेल

241 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को बड़ा झटका तब लगा जब रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण मैदान छोड़कर बाहर चले गए. इसके बाद मुंबई की पारी लड़खड़ा गई. तिलक वर्मा और रेयान रिकेल्टन सस्ते में निपट गए.

सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या ने 47 रनों की साझेदारी की, लेकिन क्रुणाल पंड्या ने सूर्या को आउट कर मुंबई की कमर तोड़ दी. अंत में शेरफेन रदरफोर्ड ने 31 गेंदों में 71 रनों (9 छक्के) की आतिशी पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

RCB ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है. अब 15 अप्रैल को RCB का सामना अपने घर में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से होगा. 

वीडियो: IPL की सबसे बड़ी डील, 16,660 करोड़ में खरीदी गई RCB, कौन है नया मालिक?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()