The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • IPL 2026 MI batting coach Kieron Pollard fined for using abusive language towards fourth umpire during win over PBKS

फोर्थ अंपायर को गाली दी, MI बैटिंग कोच पोलार्ड पर लगा जुर्माना

IPL ने आधिकारिक बयान में कहा कि पोलार्ड ने प्लेयर्स और टीम अधिकारियों के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 का उल्लंघन किया.

Advertisement
pic
15 मई 2026 (पब्लिश्ड: 04:17 PM IST)
IPL 2026 MI batting coach Kieron Pollard fined for using abusive language towards fourth umpire during win over PBKS
जीत के बावजूद मुंबई इंडियंस की टीम पॉइंट्स टेबल में 12 मैचों में सिर्फ 8 पॉइंट्स के साथ टीम 9वें स्थान पर है. (फोटो- PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

मुंबई इंडियंस (MI) के बैटिंग कोच और पूर्व वेस्टइंडीज स्टार कायरन पोलार्ड को IPL 2026 में अनुशासन भंग करने की सजा मिली है. पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 14 मई को धर्मशाला में खेले गए मैच के दौरान उन्होंने फोर्थ अंपायर को गाली दी थी. इसके चलते पोलार्ड पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है (Kieron Pollard fined for using abusive language). उनको एक डीमेरिट पॉइंट भी दिया गया है.

मैच में मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया था. ये MI के लिए सीजन की एक कंसोलेशन विन थी. लेकिन मैच के आखिरी मोमेंट्स में पोलार्ड का बर्ताव विवादास्पद रहा. घटना मैच के पेनल्टीमेट ओवर (19वें ओवर) में हुई, जब पोलार्ड ने फोर्थ अंपायर से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया.

कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन

IPL ने आधिकारिक बयान में कहा कि पोलार्ड ने प्लेयर्स और टीम अधिकारियों के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 का उल्लंघन किया. खासतौर पर आर्टिकल 2.3 के तहत "मैच के दौरान दी जाने वाली गाली-गलौज" की कैटेगरी में ये आता है. मैच रेफरी पंकज धरमानी ने ये फैसला सुनाया.

पोलार्ड ने मैच रेफरी के सामने अपराध मान लिया और लगाई गई सजा को स्वीकार कर लिया है. इसलिए कोई आगे की सुनवाई नहीं हुई. ये उनका पहला ऐसा उल्लंघन माना जा रहा है, जिससे सिर्फ 15% फीस कटौती और एक डीमेरिट पॉइंट लगा. अगर आगे भी ऐसे मामले हुए तो सजा बढ़ सकती है.

MI की मौजूदा स्थिति

इस जीत के बावजूद मुंबई इंडियंस की टीम पॉइंट्स टेबल में 12 मैचों में सिर्फ 8 पॉइंट्स के साथ टीम 9वें स्थान पर है. पांच बार की चैंपियन MI प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है. अब सीजन के आखिरी दो मैच बाकी हैं. 20 मई को टीम को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ कोलकाता में और 24 मई को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ मुंबई में खेलना है.

मैच में क्या हुआ?

पहले बैटिंग करते हुए पंजाब की टीम 8 विकेट पर 200 रन बनाने में सफल रही. इस दौरान ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए. उनका विकेट गिरने के बाद टीम मोमेंटम गंवाती चली गई. इस दौरान शार्दुल ठाकुर ने जबरदस्त बॉलिंग की. 12वें ओवर से 17वें ओवर के बीच शार्दुल ने 3 ओवर डाले, और 4 बैटर्स को पवेलियन की राह दिखा दी. इसमें प्रभसिमरन के अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर का विकेट भी शामिल था.

वहीं, पंजाब की ओर से अपना पहला मुकाबला खेल रहे अजमतुल्लाह ओमरजई ने शानदार बैटिंग की. उन्होंने तेजतर्रार 38 रन जोड़े, जिसके कारण टीम 200 तक पहुंच सकी. पहली पारी के बाद ये टोटल आसानी से डिफेंडेबल लग रहा था. मुंबई की शुरुआत भी वैसी ही रही. लग रहा था टीम ये मैच आसानी से हार जाएगी. लेकिन, तिलक वर्मा की धुआंधार बैटिंग ने मैच का रुख पलट दिया. तिलक ने महज 33 गेंदों में नाबाद 75 रन ठोक दिए. उन्होंने एक गेंद रहते ही मैच खत्म कर दिया. तिलक प्लेयर ऑफ द मैच भी बने. 

वीडियो: क्रुणाल पांड्या ने पार लगाई RCB की नैया, टीम को बनाया टेबल टॉपर, मुंबई प्लेऑफ से बाहर

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()